Wednesday, May 4, 2011

संपूर्ण फिल्मकार थे महान शोमैन राजकपूर


आजादी के बाद देश को प्रगति की राह में आगे बढ़ाने के लिए नेहरू की समाजवादी अवधारणा को ध्यान में रखते हुए सामाजिक संदेशों के साथ मनोरंजक फिल्में बनाने वाले शोमैन राजकपूर संपूर्ण फिल्मकार थे जो अभिनय, निर्देशन, निर्माण के अलावा कहानी, पटकथा, संपादन, गीत, संगीत जैसे पक्षों के भी पारखी थे।


सिने माहौल में पैदा हुए और पले बढ़े राजकपूर को बचपन से ही इस माध्यम के प्रति सम्मोहन था और सिर्फ 23 साल की उम्र में ही उन्होंने अपनी पहली फिल्म आग बना दी। उस दौर के जाने माने फिल्मकार केदार शर्मा ने अपने सहायक रहे राजकपूर की नीली आंखों में सिनेमा के प्रति उनके गहरे लगाव को महसूस कर लिया और बतौर नायक फिल्म नीलकमल में उन्हें पहला मौका दिया। लेकिन सिर्फ अभिनय की दुनिया में बंधकर रहना राजकपूर को मंजूर नहीं था। वह एक ओर बाहर की फिल्मों में काम करते रहे, दूसरी ओर अपने बैनर आरके फिल्म्स के तले एक से बढ़कर एक मनोरंजक फिल्म बनाते रहे।
बतौर निर्माता निर्देशक बरसात उनकी दूसरी फिल्म थी। इसकी कामयाबी ने उन्हें हिंदी सिने जगत में स्थापित कर दिया। प्रेम प्रधान इस फिल्म के बाद उनका अगला पड़ाव आवारा रहा। बरसात ने जहां उन्हें अपने देश में सितारा बना दिया वहीं आवारा ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रियता दिला दी। इस फिल्म ने उन्हें तत्कालीन सोवियत संघ, यूरोप, पश्चिम एशिया सहित विभिन्न देशों में अपार लोकप्रियता दिलाई।
आवारा कई मायने में लीक से हटकर फिल्म थी जिसमें उन्होंने यह जताने का प्रयास किया था कि अपराध किसी के खून में नहीं होता और यह उसकी परवरिश, संगत आदि का असर होता है।


राजकपूर की सामाजिक संदेशों के साथ मनोरंजक फिल्मों में श्री 420, जिस देश में गंगा बहती है, जागते रहो, अब दिल्ली दूर नहीं, बूट पालिश, प्रेम रोग आदि शामिल हैं। उन्होंने प्रेम प्रधान फिल्मों केा भी नया आयाम दिया और कश्मीर की खूबसूरती प्रदर्शित करने वाली फिल्म बरसात के अलावा आह, यूरोप के नयनाभिराम दृश्यों को कैमरे में कैद कर भव्यता के साथ संगम बनाई। प्रेम के त्रिकोण पर आधारित कहानी को उन्होंने संगम में जिस भव्यता और व्यापक तरीके से से पेश किया, वह देखते ही बनता है। उनकी ऐसी क्षमताओं के लिए उन्होंने महान शोमैन कहा जाता है।

इसी कड़ी में मेरा नाम जोकर एक और फिल्म थी जिसके बारे में कहा जाता है कि दर्शक उसे समझ नहीं पाए। अभिनय की दुनिया से अलग होकर राजकपूर ने बॉबी, सत्यम शिवम सुंदरम, प्रेम रोग, राम तेरी गंगा मैली जैसी खूबसूरत फिल्मों का निर्माण किया।

संपूर्ण फिल्मकार राजकपूर एक महान संयोजक थे। उनकी टीम में शंकर जयकिशन, मुकेश, शैलेंद्र, हसरत जयपुरी, ख्वाजा अहमद अब्बास, राधू करमाकर, अलाउद्दीन जैसे बड़े नाम थे। राजकपूर की फिल्मों में इन हस्तियों की प्रतिभा निखर कर सामने आई।

देश के सर्वोच्च फिल्म सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार सहित कई सम्मानों से नवाजे गए राजकपूर का दो जून 1988 को निधन हो गया।

No comments:

Post a Comment

एक थे ऋषि कपूर

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर का आज मुंबई के एक अस्पताल एच एन रिलायंस मे सुबह 8:45 बजे 67 वर्ष की उम्र मे निधन हो गया। वे ल्...