Wednesday, May 4, 2011

बलराज साहनी: अभिनय को दिया नया आयाम


स्वाभाविक अभिनय को नया आयाम देने वाली प्रसिद्ध हस्ती बलराज साहनी ऐसे अभिनेता थे जिन्हे रंगमंच और फिल्म दोनों माध्यमों में समान दिलचस्पी थी। वह बेहतरीन साहित्यकार भी थे जिन्होंने पाकिस्तान का सफर और रूसी सफरनामा जैसे चर्चित यात्रा वृतांतों की रचना की जिनमें उन देशों की राजनीतिक, भौगोलिक, आर्थिक और सामाजिक परिस्थतियों का शानदार चित्रण किया गया है।
बलराज साहनी के बारे में कहा जाता है कि वह जो भी काम करते, उसे पूरे मनोयोग से पूरा करते। जब वह अभिनय कर रहे होते तो ऐसा लगता कि वह अभिनय नहीं कर रहे बल्कि उस पात्र में ही समाहित हो गए हैं। जब उन्होंने साहित्य के क्षेत्र में कदम बढ़ाया तो एक से बढ़कर एक कृतियां रच दीं।
हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी भाषाओं में समान दखल रखने वाले साहनी ने अपने एक आलेख में लिखा था, इंसान को अपने हर काम में आनंद आता है, बशर्ते वह काम पूरी मेहनत से, पूरी आजादी से, और इस एहसास से किया जाए कि इसमें समाज को लाभ होगा.।
फिल्मों और थिएटर दोनों माध्यमों में अपनी दिलचस्पी के बारे में साहनी का कहना था, जब मैं कोई ऐसी भूमिका करता हूं जो मेरी भावनाओं को पूरी तरह से उभारती है, जिसमें मुझे जरूरी सहूलियतें उपलब्ध होती हैं और मुझे एहसास होता है कि इसको देखकर दर्शक मेरी कद्र करेंगे, मेरी आत्मा को सच्चा आनंद मिलता है, चाहे वह फिल्मों की भूमिका हो या रंगमंच की।
साम्यवादी विचारधारा के मुखर समर्थक साहनी जनमानस के अभिनेता थे जो अपने सशक्त अभिनय से दर्शकों को पर्दे के पात्र से भावनात्मक रूप से जोड़ देते। जब पर्दे पर वह अपनी जमीन गंवा चुके मजदूर, रिक्शाचालक की भूमिका में नजर आए तो कहीं से नहीं महसूस हुआ कि कोलकाता की सड़कों पर रिक्शा खींच रहा रिक्शाचालक शंभु नहीं बल्कि कोई स्थापित अभिनेता है। दरअसल पात्रों में पूरी तरह डूब जाना उनकी खूबी थी। यह काबुलीवाला, लाजवंती, हकीकत, दो बीघा जमीन, धरती के लाल, गरम हवा, वक्त, दो रास्ते सहित उनकी किसी भी फिल्म में महसूस किया जा सकता है।
बलराज साहनी का फिल्मों में आना संयोग ही रहा। उन्होंने हंस पत्रिका को एक कहानी लिखी थी जो अस्वीकृत होकर लौट आई। उन्होंने खुद ही लिखा है कि वह उन भाग्यशाली लेखकों में थे जिनकी भेजी हुई कोई रचना अस्वीकृत नहीं हुई थी। लेकिन बीच में चार साल तक उन्होंने कोई कहानी नहीं लिखी। जब छूटे अभ्यास को बहाल करने का प्रयास करते हुए उन्होंने एक कहानी लिखी और उसे हंस पत्रिका को भेज दिया लेकिन वह अस्वीकृत होकर वापस आ गई। इससे उनके स्वाभिमान को ठेस लगी और उसके बाद उन्होंने कोई कहानी नहीं लिखी। उन्होंने अपने एक आलेख में लिखा था कि फिल्मों का मार्ग अपनाने का कारण वह अस्वीकृत कहानी भी रही।
इस महान अभिनेता का 13 अप्रैल 1973 को 59 साल की उम्र में निधन हो गया।

No comments:

Post a Comment

एक थे ऋषि कपूर

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर का आज मुंबई के एक अस्पताल एच एन रिलायंस मे सुबह 8:45 बजे 67 वर्ष की उम्र मे निधन हो गया। वे ल्...