Wednesday, May 4, 2011

अमर आवाज के जादूगर थे मुकेश

फिल्म सत्यम शिवम सुंदरम के कर्णप्रिय गीत चंचल शीतल निर्मल कोमल जैसे कई गीत हैं जिन्हें पा‌र्श्वगायक मुकेश ने अपनी आवाज तो दी, लेकिन उन्हें पर्दे पर उतरता नहीं देख पाए और पहले ही इस संसार को अलविदा कह गए।

केवल 56 वर्ष की उम्र में इस दुनिया से विदा हुए मुकेश अपनी आवाज से सजे कई गीतों को फिल्मी पर्दे पर उतरते हुए नहीं देख नहीं पाए थे। हिंदी फिल्म जगत में गायक मुकेश को उनकी अलग तरह की आवाज के लिए हमेशा याद किया जाता है और उनके गीत आज भी लोगों को सुकून देते हैं। जानकार कहते हैं कि मुकेश के निधन के बाद भी कई साल तक उनके गीत फिल्मों में जादू बिखेरते रहे और ये गीत आज तक संगीतप्रेमियों को सुकून पहुंचा रहे हैं। सचमुच अमर है उनकी आवाज।

22 जुलाई 1923 को एक सामान्य परिवार में जन्मे मुकेश ने गायकी के प्रति दीवानगी के कारण दिल्ली में नौकरी करते हुए अपनी आवाज को रिकार्ड कराने की कवायद शुरू की और गायन जारी रखा। उनका निधन 27 अगस्त 1976 को अमेरिका के मिशीगन में दिल का दौरा पड़ने से हो गया था। वहां वह एक कंसर्ट में शिरकत करने गए थे। संगीत समीक्षकों के अनुसार 1977 से 80 के दशक तक मुकेश भले ही हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन कई फिल्मों में उनकी आवाज से सजे गीत आते रहे और दर्शकों को उनके होने का आभास कराते रहे। मुकेश की इन फिल्मों में धरमवीर, अमर अकबर एंथनी, खेल खिलाड़ी का, दरिंदा, चांदी सोना आदि हैं। मोहम्मद रफी, मन्ना डे और किशोर कुमार जैसे महान गायकों के समकालीन तथा 50 से 70 के दशक के बीच हिंदी फिल्मों में आवाज के जरिए छाए रहे गायक मुकेश अभिनेता राजकपूर की आवाज बन गए थे। राजकपूर के अभिनय से सजी अधिकतर फिल्मों में आवाज मुकेश की होती थी। मुकेश के निधन के बाद राजकपूर ने कहा था, मैंने अपनी आत्मा खो दी।

मुकेश ने यूं तो करियर की शुरुआत 1941 में फिल्म निर्दोष में अभिनेता व गायक के तौर पर की थी लेकिन पहली बार पा‌र्श्वगायक के तौर पर 1945 में उन्होंने उस समय के जाने-माने अभिनेता मोतीलाल के लिए फिल्म पहली नजर में गीत गाया था। इसके संगीतकार अनिल विश्वास थे। हिंदी फिल्मों के लिए उनके पा‌र्श्वगायन की पहली खूबसूरत प्रस्तुति दिल जलता है तो जलने दे के रूप में आई थी। उन्हें गायक के तौर पर पहचान दिलाने में मोतीलाल का भी योगदान रहा, जो उनकी गायन प्रतिभा को पहचानकर उन्हें मुंबई ले गए। मुकेश की आवाज को उनके पुत्र नितिन मुकेश ने भी जीवंत रखा, वहीं उनके पौत्र नील नितिन मुकेश अभिनय के क्षेत्र में हैं।

No comments:

Post a Comment

एक थे ऋषि कपूर

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर का आज मुंबई के एक अस्पताल एच एन रिलायंस मे सुबह 8:45 बजे 67 वर्ष की उम्र मे निधन हो गया। वे ल्...