Monday, November 12, 2012

इंडियन ब्यूटी: वहीदा रहमान

filmsdotcomउम्र 70 साल, फिल्में 70 से ज्यादा। शुरुआत तेलुगु फिल्म से। चर्चा गुरुदत्त के साथ संबंध को लेकर। रोल हीरोइन से दादी तक। जब 13 साल की थीं, तब पिता का निधन हो गया। 19 की हुई, तब मां की मौत देखी। शादी के बाद बंगलोर गई। जब पति शशि रेखी बीमारी के बाद चल बसे, तब बच्चों के साथ मुंबई लौट आई।
सिर्फ यही परिचय नही है वहीदा रहमान का। वहीदा रहमान उस टैलॅन्ट का नाम है, जिसने अपने समय के सभी अभिनेताओं को साथ काम करने को मजबूर किया। सत्यजीत राय से लेकर अपर्णा सेन तक को उनके महत्व का पता था। सत्यजीत राय की निगाह फिल्म अभिजन के लिए किसी मुंबइया हीरोइन पर गई, तो वे वहीदा रहमान थी और अपर्णा सेन ने जब 15 पार्क एवेन्यू के निर्माण की बात सोची, तब उम्रदराज एक्ट्रेस के लिए उन्हें भी वे ही नजर आई। गुरुदत्त के सिर सेहरा बांधा जाता है कि उन्होंने तेलुगु फिल्म में काम करने वाली युवती को कहां से कहां पहुंचा दिया।
दिलीप कुमार, राजकपूर, देव आनंद की तिकड़ी ने वहीदा के साथ काम करने में गर्व महसूस किया, तो आज के सुपर स्टार अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन की पसंद भी वहीदा रहमान ही है। राज खोसला ने अगर गुरुदत्त के चयन को सही ठहराते हुए फिल्म सीआईडी में वैप का रोल दिया, तो यश चोपड़ा ने कभी-कभी, लम्हे जैसी फिल्मों में उन्हें यादगार रोल दिए। गाइड और नीलकमल के लिए सर्वश्रेष्ठ हीरोइन का फिल्मफेयर अवार्ड, रेशमा और शेरा के लिए नेशनल अवार्ड, 1995 में फिल्मफेयर और 2001 में आइफा से लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड ने वहीदा रहमान की अहमियत को साबित कराया। इनकी फिल्मों की एक लंबी फेहरिस्त है, जो क्लासिक, हिट, सुपरहिट है। इन फिल्मों के कारण ही उन्हे तरह-तरह की उपाधियां दी गई। मोस्ट टैलॅन्टेड एक्ट्रेस और क्लासिक इंडियन ब्यूटी मे वे सबसे ऊपर है, लेकिन यहां तक पहुंचने का जो रास्ता है, वह बहुत ही हैरतअंगेज और दिलचस्प है। वह भी तब, जब कोई ट्रेडिशनल मुसलिम फैमिली की युवती हो।
वहीदा रहमान का जन्म 14 मई 1936 को हैदराबाद में हुआ। पिता आईएएस अधिकारी थे। पिता के तबादले के साथ-साथ पूरा परिवार घूमता रहता था। परिवार में मा और तीन बहने और थी। वहीदा का बचपन मे एक ही शौक था। वे आइने के सामने खड़ी होकर खुद को संवारतीं। पिता को कभी-कभी गुस्सा भी आता। वे उन्हें पागल कहते। एक दिन वहीदा ने, जब वे विशाखापट्टनम में थी, पिता से कह दिया, देखना, एक दिन मै बहुत बड़ी एक्ट्रेस बनूंगी। दुनिया देखेगी मुझे। पिता ने उस बात को गंभीरता से नही लिया। जब वहीदा 12 साल की थीं, विशाखापट्टनम में एक डांस शो होना था। उसमें नामचीन नृत्यांगनाओ को आना था। कार्यक्रम में राजनेता चक्रवर्ती राजगोपालाचारी को आना था। उन्होंने स्पष्ट हिदायत दी कि वे स्थानीय कलाकरों का डांस देखना चाहेगे। सभी अधिकारियों के सामने समस्या पैदा हो गई। तब एक अधिकारी ने वहीदा के पिता से कहा कि क्यों न बेटी को चांस दे दिया जाए? ना-नुकुर के बाद पिता ने हां कर दिया। वहीदा के साथ उनकी बहन सईदा ने भी भरतनाट्यम किया।
राजगोपालाचारी यह जानकर हैरान हुए कि पुलिस विभाग में कार्यरत अफसर की लड़कियां भरतनाट्यम करती है। वहीदा के पिता की भी उन्होंने तारीफ की। दोनों बहनो को मेडल मिला, अखबारो मे फोटो छपे। यह देखकर वहीदा के सपनों को एक दिशा मिली। उन्हे लगा कि वे एक्ट्रेस बन सकती हैं। उस समय तेलुगु और तमिल फिल्मो से ऑफर आए, लेकिन पिता ने मना कर दिया। इसी बीच अचानक पिता की मृत्यु हो गई। बड़ी तीन बहने शादी कर सुसराल चली गई। अकेली मां और बेटी रह गई घर मे। तब मां ने पूछा, अब क्या करोगी? वहीदा ने प्रयोग के तौर पर एक तेलुगु फिल्म मे आइटम सॉन्ग किया। उसी डांस सीन मे गुरुदत्त ने वहीदा को पहली बार देखा। उन्हें युवती में भविष्य की बड़ी हीरोइन दिखी। उन्होंने सीआईडी मे वैंप का रोल दिया। वहीदा को तब आश्चर्य हुआ कि उस फिल्म मे देव आनंद हैं, जो उनके पसंदीदा हीरो है। इसके बाद उन्हे प्यासा में बड़ा ब्रेक मिला। इंडस्ट्री ने प्यासा के बाद वहीदा रहमान को गंभीरता से लिया। उन्होने एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दी। आज वहीदा अपने दो बच्चों के साथ निश्चिंत और सम्मान की जिंदगी जी रही है। उनका अभिनय सफर जारी है।

Saturday, October 6, 2012

भागलपुर में हुई थी दादामुनी की शोभा से आंखें चार

filmsdotcom हिंदी सिनेमा जगत के सौ वर्षो के इतिहास में लगभग सात दशकों तक छाए रहने वाले प्रख्यात सिने अभिनेता दादा मुनी अशोक कुमार तथा पा‌र्श्व गायन, अभिनय से लेकर फिल्म निर्माण तक में योगदान देकर हिंदी चलचित्र का मील का पत्थर माने जाने वाले किशोर कुमार का भागलपुर से गहरा रिश्ता था।
सिने जगत की इन बेजोड़ हस्तियों के मामा राज परिवार से जुड़े शानू बनर्जी थे, जो भागलपुर के आदमपुर मोहल्ले में राजबाटी नामक हवेली में रहते थे। गर्मी की छुट्टियों में अपनी मां के साथ युवा अशोक कुमार व बालक किशोर कुमार अपनी मां के साथ अक्सर वहां आया करते थे और बगीचे जा कर छककर आम का मजा लेते थे। दादा मुनी शोभा बनर्जी से पहली बार यहां के मसाकचक मोहल्ला स्थित उनके घर पर मिले थे। बाद में उन दोनों का प्रेम इतना गहरा हो गया कि वे विवाह सूत्र में बंध गए। इस तरह दादामुनी का ससुराल भी भागलपुर ही है।
मसाकचक मोहल्ले में दादामुनी के चचेरे साले सोमनाथ बनर्जी बताते हैं कि उनके पूर्वज 1920 में ही भागलपुर में बस गए थे। मसाकचक डाकघर के समीप रहने वाले एसबीआई के अवकाशप्राप्त कर्मी श्री बनर्जी बताते हैं कि उनके दादा कैप्टन डॉ. सचीन्द्रनाथ बनर्जी ब्रिटिश सेना में डॉक्टर थे। उन्हें भागलपुर भा गया और उन्होंने 1920 में यहां जिला स्कूल केसामने जमीन खरीदी और 1925 में यहां हवेली बनवाई।
श्री बनर्जी बताते हैं कि यहां उनके पिता रामचंद्र बनर्जी, उनकी माता श्रीमती विभा देवी, उनके बड़े चाचा, उनकी जेठी मां (बड़ी चाची) सुरोमा देवी आदि परिजन रहते थे। बड़े चाचाजी रेलवे में गार्ड थे। इसलिए वे अक्सर मधुपुर में रहते थे। पर वे अक्सर शोभा दी के साथ यहां आते थे और वह यहां रूक जाती थीं। मां बताती थीं कि मामा के घर आने पर अशोक कुमार अक्सर हमारे घर आते थे। यहीं वे शोभा दी से पहली बार मिले थे और फिर वे अक्सर शोभा दी से मिलने आने लगे। उनकी शादी कोलकाता में बड़ी धूमधाम से हुई थी।
वे बताते हैं किउस समय किशोर कुमार लगभग 8-10 साल केथे। 1977 में जब वे अपनी जेठी मां व अशोककुमार की सास सुरोमा देवी के साथ उनके मुंबई केचेंबूर स्थित मकान में गए थे तब दादामुनी ने उन्हें गर्मी की छुट्टियों में किशोर कुमार के साथ सुल्तानगंज के एक बगीचे में जमकर आम खाने का किस्सा सुनाया था। कहा था कि वे लोग रेलगाड़ी से भागलपुर से सुल्तानगंज जाते थे। इस दौरान वे हर स्टेशन की गिनती करते जाते थे।
फिर वे एकाएक बोल उठे -सुल्तानगंज, अकबरनगर, भागलपुर। फिर पूछ उठे-की रे बाबलू (सोमनाथ के घर का नाम)आमी ठीक बोले छी तो। तब सोमनाथ बोले- हें दादामुनी आपनी ठीक बोले छेन। (हां दादामुनी आपने ठीक ही कहा है।) मुंबई में उन्होंने देखा कि दादामुनी भोजन के बाद उबले हुए कद्दू के चंद छोटे टुकड़े अवश्य लेते थे। वे बताते थे कि कद्दू खाने से लीवर दुरुस्त रहता है। दादामुनी की निकट संबंधी व तिलकामांझी भागलपुर विवि की पूर्व परीक्षा नियंत्रक डॉ. रत्ना मुखर्जी बताती हैं कि दादामुनी को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से नवाजा गया। लेकिन उनके जन्मशताब्दी वर्ष पर न तो सरकार की ओर से कोई समारोह हुए और न उस अभूतपूर्व कलाकार की याद में डाक टिकट ही जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखा है।

संग्रहालय बनेगा किशोर कुमार का घर

filmsdotcomमध्य प्रदेश के खंडवा स्थित प्रसिद्ध गायक किशोर कुमार के घर 'गांगुली हाउस' को राज्य सरकार संग्रहालय का स्वरूप देने जा रही है। दो मंजिला यह हवेली पिछले 25 सालों से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। इसमें किशोर कुमार अपने भाई अशोक कुमार व अनूप कुमार के साथ रहे थे। दूसरी तरफ, राज्य सरकार ने प्रख्यात फिल्म पटकथा लेखक सलीम खान को वर्ष 2011-12 का राष्ट्रीय किशोर सम्मान देने की घोषणा की है।
प्रदेश के संस्कृति मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने बताया कि किशोर कुमार की हवेली को सुंदर संग्रहालय में तब्दील करने के लिए उनके परिजनों की अनुमति और सहयोग की जरूरत है। किशोर कुमार के प्रशंसक भी कई सालों से इस हवेली को संग्रहालय बनाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पटकथा लेखक सलीम खान को किशोर सम्मान देने का फैसला पिछले दिनों मुंबई में हुई चयन समिति की बैठक में हुआ। 13 अक्टूबर को खंडवा में उन्हें पुरस्कार दिया जाएगा। मालूम हो कि सलीम खान का जन्म 24 नवंबर, 1935 को इंदौर में हुआ था। वह शोले, सीता और गीता, हाथी मेरे साथी समेत अनेक सुपरहिट फिल्मों की पटकथा लिख चुके हैं।

Friday, July 20, 2012

एक युग जिसका नाम राजेश खन्ना था...

राजेश खन्ना ने अपने जमाने में लगातार 15 हिट फिल्में देकर बालीवुड को ‘सुपर स्टार’ की परिभाषा दी थी.
राजेश खन्ना के बालों का स्टाइल हो, या ड्रैसअप होने का तरीका, उनकी संवाद अदायगी हो या पलकों को हल्के से झुकाकर, गर्दन टेढी कर निगाहों के तीर छोड़ने की अदा.. उनकी हर अदा कातिलाना थी. उनकी फिल्मों के एक एक रोमांटिक डायलॉग पर सिनेमाघरों के नीम अंधेरे में सीटियां ही सीटियां गूंजती थी.
69 वर्षीय बालीवुड के ‘सुपर स्टार’ ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली.
राजेश खन्ना को ऐसे ही सुपर स्टार नहीं कहा जाता था. युवक और युवतियां उनके इस कदर दीवाने थे कि बाजारों में निकलने पर युवतियां पागलों की तरह उनकी कार को चूमती थी और कार पर लिपस्टिक के दाग ही दाग होते थे. युवतियां उन्हें अपने खून से लिखे खत भेजा करती थीं.
उनसे पहले के स्टार राज कपूर और दिलीप कुमार के लिए भी लोग पागल रहते थे लेकिन इस बात में कोई शक नहीं कि जो दीवानगी राजेश खन्ना के लिए थी, वैसी पहले या बाद में कभी नहीं दिखी.
29 दिसंबर 1942 को राजेश खन्ना का जन्म अमृतसर में हुआ था और उनकी परवरिश उनके दत्तक माता पिता ने की. उनका नाम पहले जतिन खन्ना था. स्कूली दिनों से ही राजेश खन्ना का झुकाव अभिनय की ओर हो गया था और इसी के चलते उन्होंने कई नाटकों में अभिनय भी किया.
सपनों के पंख लगने की उम्र आयी तो जतिन ने फिल्मों की राह पकड़ने का फैसला किया. यह दौर उनकी जिंदगी की नयी इबारत लिखकर लाया और उनके चाचा ने उनका नाम जतिन से बदल कर राजेश कर दिया. इस नाम ने न केवल उन्हें शोहरत दी बल्कि यह नाम हर युवक और युवती के ज़ेहन में अमर हो गया.
1965 में राजेश खन्ना ने यूनाइटेड प्रोड्यूर्स एंड फिल्मफेयर के प्रतिभा खोज अभियान में बाजी मारी और उसके बाद शोहरत और दौलत उनके कदम चूमती चली गयी. उनकी सबसे पहली फिल्म ‘आखिरी खत’ थी जिसे चेतन आनंद ने निर्देशित किया था. उन्हें दूसरी फिल्म मिली ‘राज़’. यह फिल्म भी प्रतियोगिता जीतने का ही पुरस्कार थी.
उस दौर में दिलीप कुमार और राज कपूर के अभिनय का डंका बजता था और किसी को अहसास भी नहीं था कि एक ‘नया सितारा’ शोहरत के आसमान को कब्जाने के लिए बढ़ रहा है. राजेश खन्ना ने ‘बहारों के सपने’, ‘औरत’, ‘डोली’ और ‘इत्तेफाक’ जैसी शुरुआती सफल फिल्में दीं लेकिन 1969 में आयी ‘आराधना’ ने बॉलीवुड में ‘काका’ के दौर की शुरुआत कर दी.
‘आराधना’ में राजेश खन्ना और हुस्न परी शर्मिला टैगोर की जोड़ी ने सिल्वर स्क्रीन पर रोमांस और जज्बातों का वो गजब चित्रण किया कि लाखों युवतियों की रातों की नींद उड़ने लगी और ‘काका’ प्रेम का नया प्रतीक बन गए.
‘आराधना’ फिल्म से किशोर कुमार जैसे गायक को भी हिंदी फिल्म जगत में खुद को स्थापित करने का मौका मिला और अंतत: वह राजेश खन्ना के गीतों की स्थायी आवाज बन गए.
राजेश खन्ना की भावुक अदाकारी और किशोर की आवाज ने मिलकर सफलता के झंडे गाड़ दिए. अदाकारी और आवाज के इस मिलन ने बालीवुड को ‘मेरे सपनों की रानी’, ‘रूप तेरा मस्ताना’, ‘कुछ तो लोग कहेंगे’, ‘जय जय शिवशंकर’ और ‘जिंदगी कैसी है पहेली’ जैसे कालजयी गाने दिए.
‘आराधना’ और ‘हाथी मेरे साथी’ राजेश खन्ना की ऐसी सुपरहिट फिल्में थीं जिन्होंने बॉक्स आफिस पर सफलता के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए. उन्होंने 163 फिल्मों में काम किया जिनमें से 106 फिल्मों को उन्होंने सिर्फ अपने दम पर सफलता प्रदान की. 22 फिल्में ऐसी थीं जिनमें उनके साथ उनकी टक्कर के अन्य नायक भी मौजूद थे.
राजेश खन्ना ने 1969 से 1972 के बीच लगातार 15 सुपरहिट फिल्में दीं. इस रिकॉर्ड को आज तक कोई नहीं तोड़ पाया है और इसी के बाद बालीवुड में ‘सुपरस्टार’ का आगाज हुआ.
उन्हें अपनी अदायगी के लिए तीन बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्मफेयर पुरस्कार से नवाजा गया और इस पुरस्कार के लिए उनका 14 बार नामांकन हुआ. वर्ष 2005 में उन्हें ‘फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार प्रदान किया गया.
अपनी रोमांटिक छवि के बावजूद राजेश खन्ना ने विभिन्न प्रकार की भूमिकाएं अदा की जिनमें लाइलाज बीमारी से जूझता आनंद, ‘बावर्ची’ का खानसामा, ‘अमर प्रेम’ का अकेला पति और ‘खामोशी का मानसिक रोगी की भूमिका शामिल थी.
बॉलीवुड का यह स्वर्णिम दौर था और राजेश खन्ना की अदाकारी के लिए यह सोने पर सुहागा साबित हुआ और उन्हें अपने समय के कला पारखियों के साथ काम करने का मौका मिला. फिर चाहे वे फिल्म निदेशक रहे हों या अभिनेत्रियां और संगीतकार.
‘अमर प्रेम’ और ‘आप की कसम’ जैसी कई फिल्मों में राजेश खन्ना की शर्मिला टैगोर और मुमताज के साथ ‘कैमेस्ट्री’ ऐसी मैच कर गयी कि इन्होंने एक के बाद एक सफल फिल्में दीं. राजेश खन्ना की प्रतिभा को शक्ति सामंत, यश चोपड़ा, मनमोहन देसाई, रिषिकेश मुखर्जी तथा रमेश सिप्पी ने और निखारा. आर डी बर्मन जैसी संगीतकार और किशोर के साथ राजेश खन्ना ने 30 से अधिक फिल्मों में काम किया.
राजेश खन्ना की फिल्में 1976-78 के दौरान पहले सी सफलता हासिल नहीं कर पायीं और 1978 के बाद उन्होंने ‘फिर वही रात’, ‘दर्द’, ‘धनवान’, ‘अवतार’ और ‘अगर तुम ना होते’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया जो कमाई के लिहाज से सफल नहीं थीं लेकिन आलोचकों ने उन्हें जरूर सराहा.
लेकिन हर सितारा डूबता है और 80 के दशक के उत्तरार्ध में बॉक्स ऑफिस पर उनका जादू खत्म हो गया.
राजेश खन्ना 1992 से लेकर 1996 तक बतौर लोकसभा के सदस्य रहे. वह कांग्रेस के टिकट पर नयी दिल्ली सीट से जीते थे.
राजेश खन्ना के व्यक्तित्व के जादू ने न केवल उनके प्रशंसकों को दीवाना बनाया बल्कि सुनहरे दिनों में तीन-तीन बालीवुड अभिनेत्रियों पर भी उनका जादू चला. 70 के दशक में उनका अंजू महेन्द्रू के साथ लंबे समय तक प्रेम संबंध चला. बाद में उन्होंने अपने से 15 साल छोटी डिंपल कपाड़िया से 1973 में शादी कर ली जिनसे उनकी दो बेटियां ट्विंकल और रिंकी हैं.
डिंपल कपाड़िया 1984 में राजेश खन्ना से अलग हो गयीं. हालांकि वे अलग अलग रहते रहे लेकिन कभी औपचारिक रूप से तलाक नहीं लिया.
राजेश खन्ना का ‘सौतन’ की अपनी नायिका टीना मुनीम से भी नाम जुड़ा. इस जोड़ी ने ‘फिफ्टी फिफ्टी’, ‘बेवफाई’, ‘सुराग’, ‘इंसाफ मैं करूंगा’ तथा ‘अधिकार’ जैसी फिल्में दीं. जब वह सांसद थे तो उन्होंने अपना पूरा समय राजनीति को दिया और अभिनय की पेशकशों को ठुकरा दिया. उन्होंने वर्ष 2012 के आम चुनाव में भी पंजाब में कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार किया था.

Monday, March 12, 2012

बॉलीवुड के लवर ब्वॉय 'जॉय मुखर्जी' नहीं रहे

‘लव इन टोक्यो’ जैसी रोमांटिक फिल्मों से लोगों के दिलों पर राज करने वाले सदाबहार अभिनेता जॉय मुखर्जी का शुक्रवार(09-03-2012)को मुंबई के लीलावती अस्पताल में निधन हो गया। लवर ब्वाय के नाम से मशहूर मुखर्जी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें सोमवार को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह 73 वर्ष के थे।जॉय के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है।

फेफड़ों में थी समस्या
मुखर्जी के निधन पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने भी शोक जताया है। मुखर्जी के प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया था। उनकी हालत नाजुक होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।

मुखर्जी ने 1960 में रिलीज हुई अपनी पहली फिल्म 'लव इन शिमला' से ही अपनी पहचान स्थापित कर ली। यह फिल्म सुपरहिट रही। इसके बाद 'लव इन टोक्यो', 'शागिर्द', 'बहु बेटी', 'जिद्दी', 'फिर वही दिल लाया हूं', 'एक मुसाफिर एक हसीना', 'पुरस्कार', 'इशारा' और 'हम हिन्दुस्तानी' जैसी फिल्मों में उन्होंने काम किया। मुखर्जी के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है।

अभिनेत्री काजोल और तनीशा के मामा जॉय मुखर्जी ने फिल्मों में अभिनय करने के अलावा 'लव इन बम्बे', 'छलिया बाबू' 'सांझ की बेला' और 'उम्मीद' जैसी फिल्में भी बनाई। उन्होंने जिन फिल्मों में अभिनय किया उनमें 'महबूब मेरे महबूब', 'एक बार मुस्कुरा दो', 'हमसाया', 'एक कली मुस्काई', 'लव इन टोक्यो', 'बहू बेटी', 'आओ प्यार करें', 'जी चाहता है', 'इशारा', 'जिद्दी', 'फिर वही दिल लाया हूं', 'एक मुसाफिर एक हसीना' और 'लव इन शिमला' प्रमुख है।

‘लव इन शिमला’ ने बनाया जॉय मुखर्जी को स्टार

जॉय मुखर्जी का परिवार शुरू से ही फिल्मी दुनिया से जुड़ा रहा। उनकी मां सती देवी दिवंगत अभिनेता अशोक कुमार की बहन थीं। उनके पिता सशधर मुखर्जी फिल्मालय स्टूडियो के सह संस्थापक थे। जॉय मुखर्जी अभिनेत्री काजोल और तनीशा के चाचा लगते थे। शुरु में जॉय के पिता उनके फिल्मों में आने के खिलाफ थे, लेकिन आगा जानी कश्मीरी ने उन्हें इसके लिए मनाया। आगा जानी ने ‘लव इन शिमला’ की स्क्रिप्ट लिखी, जो जॉय मुखर्जी की पहली फिल्म थी। 1960 में आई इस फिल्म में साधना अभिनेत्री थीं। यह फिल्म सुपरहिट रही।

कई रोमांटिक फिल्मों में दिखाया दम
इसके बाद उनकी ‘लव इन टोक्यो’, ‘शागिर्द’, ‘बहु बेटी’, ‘जिद्दी’, ‘फिर वही दिल लाया हूं’, ‘एक मुसाफिर एक हसीना’, ‘पुरस्कार’, ‘इशारा’ और ‘हम हिंदुस्तानी’ जैसी यादगार फिल्में आईं। उन्होंने जिन फिल्मों में अभिनय किया उनमें ‘महबूब मेरे महबूब’, ‘एक बार मुस्कुरा दो’, ‘हमसाया’, ‘एक कली मुस्काई’, ‘आओ प्यार करें’, ‘जी चाहता है’ भी प्रमुख रहीं। जॉय ने फिल्मों में अभिनय करने के अलावा लव इन बांबे, छलिया बाबू, सांझ की बेला और उम्मीद जैसी फिल्में भी बनाईं। उनके परिवार में पत्नी नीलम मुखर्जी, दो बेटे और एक बेटी हैं। 

Tuesday, February 7, 2012

फिल्म पुरस्कार चयन के लिए ज्यूरी का गठन

इस साल 3 मई को दिए जाने वाले राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सूचना-प्रसारण मंत्रालय ने नामी अभिनेत्री रोहिणी हट्टंगडी को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के चयन के लिए बनाई गई फीचर फिल्म ज्यूरी (निर्णायक मंडल) का प्रमुख बनाने का फैसला किया है। कई श्रेणियों के लिए दिए जाने वाले फीचर फिल्म पुरस्कारों के चयन के लिए इस बार पांच क्षेत्रीय ज्यूरी और एक केन्द्रीय ज्यूरी बनाई गई है।



सूत्रों के अनुसार, नामी गायक हरिहरन, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त फिल्मकार श्यामा प्रसाद, 'सुरसंगम', 'ईश्वर', 'संगीत', 'धनवान' जैसी हिन्दी फिल्म समेत कई दक्षिण भारतीय फिल्मों के नामी डायरेक्टर के. विश्वनाथ, 'गॉड मदर' के डायरेक्टर विनय शुक्ला जैसे लोगों को अलग अलग क्षेत्रीय ज्यूरी में डाला गया है। 'गांधी' फिल्म में कस्तूरबा गांधी का किरदार निभाने वाली रोहिणी हट्टंगडी उस केंद्रीय ज्यूरी की अध्यक्ष होंगी जिसे अंतत: पुरस्कारों की चयन करना है।



इन फिल्म पुरस्कारों के चयन के लिए जिम्मेदार दिल्ली स्थित फिल्म समारोह निदेशालय के एक अधिकारी ने कहा कि पांच क्षेत्रीय ज्यूरी का गठन इसलिए किया गया है ताकि यह ज्यूरी अपने अपने क्षेत्राधिकार वाली फिल्मों की एंट्री में से कुछ फिल्मों का चयन कर ले जो पुरस्कार की दावेदार हो सकती हैं। इसके बाद, पांचों क्षेत्रीय ज्यूरी द्वारा चुनी गई फिल्मों को केन्द्रीय ज्यूरी देखती है और पुरस्कारों का चयन करती है। क्षेत्रीय ज्यूरी के प्रमुखों को बतौर सदस्य केन्द्रीय ज्यूरी में शामिल होना होता है।



सूत्रों के अनुसार, दक्षिण वाली ज्यूरी के प्रमुख बंगाल की सांस्कृतिक हस्ती आलोक नंदा रे को, उत्तर की ज्यूरी के प्रमुख नामी गायक हरिहरन को, पूर्व की ज्यूरी के प्रमुख तमिल अभिनेता केपी कुमार को, पश्चिम की ज्यूरी के प्रमुख विनय शुक्ला को बनाया गया है। जैसा कि भास्कर ने खबर दी थी, 2011 के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के लिए दिल्ली स्थित फिल्म समारोह निदेशालय के पास रिकार्ड एंट्री आई है और केवल फीचर फिल्मों के लिए 185 फीचर फिल्मों के प्रोड्यूसर्स ने अपनी फिल्में भेजी हैं जो अभी तक का रिकार्ड है।



सूत्रों ने बताया कि जल्द ही फीचर फिल्म ज्यूरी फिल्में देखने के काम में लग जाएगी। सिनेमा पर श्रेष्ठ लेखन के लिए दिए जाने वाले पुरस्कार के चयन के लिए सूचना व प्रसारण मंत्रालय ने डॉक्यूमेंट्री फिल्मकार और फिल्म शोध से जुड़ी लेखिका विजया मुले को बनाया गया है।

हर दिल में बसे जगजीत सिंह

होठों पर सदा एक सौम्य मुस्कान, दर्द से लबरेज आंखें और रेशम सी मुलायम आवाज, 80-90 के दशक की एक पूरी पीढ़ी ने उनकी गजलों के साथ अपनी भावनाओं को महसूस किया, बात चाहे पहले प्यार की हो, चिट्ठी की, जुदाई की हो या बेवफाई की।

उनकी गजलों की गहराई और सरल शब्दों के सुर और ताल के कारण वह सभी आयुवर्ग के लोगों के पसंदीदा गायक कलाकारों में से एक थे। शहर के संगीतकार डॉ उमेश कंपूवाले के अनुसार गजल को खास वर्ग से आम वर्ग के बीच पहुंचाने के पीछे उन्होंने गजल गायकी की हर चीज को बदल दिया।

उन्होंने गजल की पारंपरिक छवि को नया स्वरूप देने के लिए आधुनिक तकनीक का खूब इस्तेमाल किया और पश्चिमी संगीत वाद्यों का भी गजल में खूब इस्तेमाल किया, लेकिन गजल के पारंपरिक स्वरूप की सीमा नहीं लांघी। केआरजी कॉलेज में संगीत विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. स्मिता सहस्त्रबुद्धे के अनुसार गजल में आम-फहम शब्दों का इस्तेमाल किया और आम लोगों के दिलों को छू लिया।

राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विवि की शिक्षक डॉ. नीलिमा शर्मा के अनुसार बॉलीवुड के माध्यम से गजल को पुन: जीवित करने का भी श्रेय जगजीत सिंह को जाता है। गजल, भजन के साथ शास्त्रीय बंदिशों को नया अंदाज और नए स्वरूप में पेश करने के कारण उनको चाहने वाले सभी आयुवर्ग के लोग हैं।

उन्होंने गजल गाकर यह भी साबित किया कि गायिकी में दौलत-शोहरत कमाने के लिए बॉलीवुड से भी बाहर दुनिया है। सोमवार को भले ही वे हमारे बीच नहीं रहे लेकिन यह तय है कि वे जग जीत गए।

युवाओं की पसंद

कारण- गजल में परंपरागत वाद्ययंत्रों की जगह पश्चिमी संगीत वाद्यों जैसे गिटार, ड्रम के साथ गजल की प्रस्तुति देना। बेवफाई, बिछुड़ने और गम भरी गजलों को आवाज देने के कारण इस वर्ग के पहली पसंद बने। युवा पीढ़ी को जोड़ने के लिए उन्होंने गजल के वीडियो को भी लांच किया, इसके साथ ही सरल शब्दों के उपयोग पर सबसे ज्यादा बल दिया। ।

वरिष्ठजनों की पसंद

कारण- गजल के पुराने शौकीनों को जोड़ने के लिए उन्होंने मिर्जा गालिब, फिराक गोरखपुरी की गजलों को अपनी आवाज की मिठास से श्रद्धांजलि अर्पित की, तो कतील शिफाई, निदा फाÊाली, गुलÊार, जावेद अख्तर, सुदर्शन फाकिर जैसे इस जमाने के गीतकारों के लफ्जों को भी नए आयाम दिए। इससे गजल के चाहने वाले वरिष्ठजन भी उनसे जुड़े रहे ।

महिलाओं की पसंद

कारण- गजल सम्राट जगजीत सिंह महिला वर्ग के भी पसंदीदा गायक थे, गजल के साथ भजनों को नए रूप में और अपनी सुरीली आवाज देने के कारण वह महिलाओं के बीच में खासे चर्चित रहे। इसके अतिरिक्त प्रेम और वियोग रस से परिपूर्ण उनकी एलबम को खासी प्रसिद्धि मिली।

संगीतकारों की पसंद

कारण- संगीत से जुड़े लोग भी उनकी हर आने वाली एलबम का शिद्दत से इंतजार करते रहे, इसका कारण है कि गजल और भजन के साथ उन्होंने शास्त्रीय संगीत में ख्याल, ध्रुपद और ठुमरी की बंदिशों को नए अंदाज में प्रस्तुत किया। संगीतकारों को उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला और हमेशा मिलता रहा।

ग्वालियर से रहा संबंध

गजल सम्राट जगजीत सिंह का शहर से भी पुराना नाता है। शहर के कै.रूपसिंह स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने अपनी पसंदीदा गजलों ये दौलत भी ले लो.., होठों से छू लो तुम.., हजारों ख्वाहिशें ऐसी.. एवं हाथ छूटे भी तो.. को आवाज देकर हर किसी को अपना मुरीद बना लिया।

भले ही एक बार उन्होंने शहर में लाइव प्रस्तुति दी हो लेकिन शहर के संगीतकारों के लिखे गाने वह शिद्दत से गाते रहे। यह उनका शहर के प्रति स्नेह था जो उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं ‘नई दिशा’ को आवाज देकर एलबम निकाली, इसका नाम उन्होंने ‘संवेदना’ रखा।

शहर से संबंध रखने वाले और यहां के महारानी लक्ष्मीबाई कॉलेज में पढ़े निदा फाजली के कई गीतों को जगजीत सिंह ने गाया। वर्ष 1999 में प्रदर्शित फिल्म सरफरोश का गीत ‘होश वालों को खबर क्या बेखुदी क्या चीज है.’ इन दोनों फनकारों की जोड़ी की बेहतरीन मिसाल है।

आज हर प्रशंसक फिल्म दुश्मन के गीत ‘चिट्ठी ना कोई संदेश..जहां तुम चले गए’ को ही गुनगुनाता रहा।

सदाबहार रहीं एलबम

जगजीत सिंह एक मात्र ऐसे गायक कलाकार हैं जिनकी एलबम की सदैव डिमांड बनी रहती है। किसी अपने को गिफ्ट देना हो या फिर खाली समय में सदाबहार नगमों को सुनाना, शहरवासियों की पहली पसंद इनके एलबम ही बने हैं।

इसका कारण है कि इनकी 80 के करीब ऑडियो और वीडियो एलबम मौजूद हैं। यह भी हिंदी, उर्दू, गुजराती, पंजाबी भाषा में मौजूद हैं। इसके अतिरिक्त अनगिनत फिल्मों के लिए उनके गाए गीत सभी आयुवर्ग के लोगों की जुबां पर रहते हैं, इनकी डिमांड सदैव बनी रहती है

दिलों पर राज करते थे शम्मी

बॉलीवुड के हर दिल अजीज और सदाबहार अभिनेता शम्मी कपूर तो अब इस दुनिया में नहीं रहे लेकिन उनकी 'याहू' और 'जंगली' शैली आने वाले समय में भी लोगों को उनकी याद दिलाती रहेगी। अपनी अदायगी के बल पर ही उन्होंने सबके दिलों पर राज किया।

हिंदी सिनेमा के 1950-60 के दशक में सदाबहार अभिनेता शम्मी कपूर का निधन रविवार सुबह मुम्बई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हो गया। उनके जाने के साथ ही शैली, संगीत और अभिनय के एक महान युग का अंत हो गया। वह 79 वर्ष के थे।

शम्मी कपूर का जन्म 21 अक्टूबर 1931 में हुआ था। वह महान फिल्म अभिनेता और थिएटर कलाकार पृथ्वीराज कपूर और रामसरनी 'रमा' मेहरा के दूसरे पुत्र थे। पृथ्वीराज कपूर के दो और बेटे शशि कपूर और राजकपूर थे। वे दोनों अपने पिता की तरह ही बॉलीवुड से जुड़े रहे।

शम्मी कपूर ने वर्ष 1953 में फिल्म 'ज्योति जीवन' से अपनी अभिनय पारी की शुरुआत की। वर्ष 1957 में नासिर हुसैन की फिल्म 'तुमसा नहीं देखा' में जहां अभिनेत्री अमीता के साथ काम किया वहीं वर्ष 1959 में आई फिल्म 'दिल दे के देखो' में आशा पारेख के साथ नजर आए।

बॉलीवुड के लिहाज से हालांकि वह बहुत सुंदर अभिनेता तो नहीं थे बावजूद इसके शम्मी कपूर अपने अभिनय क्षमता के बल पर सबके चहेते बने।

वर्ष 1961 में आई फिल्म (जंगली) ने शम्मी कपूर को शोहरत की बुलंदियों पर पहुंचा दिया। इस फिल्म के बाद ही वह सभी प्रकार की फिल्मों में एक नृत्य कलाकार के रूप में अपनी छवि बनाने में कामयाब रहे। जंगली फिल्म का गीत 'याहू' दर्शकों को खूब पसंद आया। उन्होंने चार फिल्मों में आशा पारेख के साथ काम किया जिसमें सबसे सफल फिल्म वर्ष 1966 में बनी 'तीसरी आंख' रही।

वर्ष 1960 के दशक के मध्य तक शम्मी कपूर 'प्रोफेसर', 'चार दिल चार राहें', 'रात के राही', 'चाइना टाउन', 'दिल तेरा दिवाना', 'कश्मीर की कली' और 'ब्लफमास्टर' जैसी सफल में दिखाई दिए। फिल्म 'ब्रह्मचारी' के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्म फेयर पुरस्कार भी मिला था।

Friday, February 3, 2012

देवानंद के जाते ही लड़ने पर उतारू हो गए पड़ोसी

बॉलीवुड लीजेंड देव आनंद की यादें अजमेर से भी जुड़ी हैं। सूफी संत हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह जियारत कर देवआनंद ने भी फिल्म ‘मैं सोलह बरस की’ कामयाबी की मन्नत मांगी थी। राजस्थान में फिल्म शूटिंग के लिए देव आनंद कई बार आए होंगे।

लेकिन अजमेर में उनकी दरगाह जियारत एक यादगार लम्हा था। जब वे दरगाह जियारत को पहुंचे उनके प्रशंसकों ने उन्हें घेर लिया था। जियारत के बाद वे खुली हवा में सांस लेना चाहते थे और भीड़भाड़ से कहीं दूर जाना चाहते थे। ऐसे में उन्हें तत्कालीन नाजिम खुदादाद मोनिस खान (केडी खान) की याद आई।

उनके पीए ने फोन लगाया खान ने कहा कि वे इस समय घर पर ही हैं मुलाकात के लिए यहीं आ जाएं। खान के मुताबिक 1996 में देव आनंद जियारत को आए, उस समय सिविल लाइंस स्थित दरगाह अपार्टमेंट में रहते थे। देव आनंद मिलने आ रहे हैं इसको गुप्त रखने की पूरी व्यवस्था की गई। उन्हें अपार्टमेंट के पिछले गेट से अपार्टमेंट में लाया गया।

ये गेट हमेशा बंद रहता था। यहां आकर देव आनंद काफी खुश नजर आए। खान को बताया कि लंबे अरसे बाद खुली हवा में सांस लेने का मौका मिला है।खान साहब हालत यह होती है कि आसमान देखने को नहीं मिलता, लेकिन यहां तो आराम से इस मंजर को देख सकता हूं। खान के मुताबिक देव आनंद का प्रोनाउंसेशन बहुत अच्छा था।

वे बार-बार खान और उनके बच्चों का नाम बड़े ही खूबसूरत अंदाज में ले रहे थे। अंजुमन सैयद जादगान के तत्कालीन सचिव और वर्तमान सचिव सैयद वाहिद अंगारा को भी अपार्टमेंट में ही मुलाकात के लिए बुलाया गया।

स्कूली बच्चों को देख हुए खुश

खान के मुताबिक सुबह का समय था और दरगाह कमेटी द्वारा संचालित ख्वाजा मॉडल स्कूल के बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। जैसे ही देव आनंद को देखा बच्चों ने जोरदार तालियां बजा कर उनका इस्तकबाल किया। देव आनंद भी बहुत खुश हुए।

पड़ोसी झगड़े पर हो गए उतारू

खान अपनी यादों को ताजा करते हुए बताते हैं कि देव आनंद चाय पी कर यहां से विदा हो गए। तब पड़ोसियों को मालूम हुआ कि देव साहब यहां आए थे। वे लड़ने के लिए आमादा हो गए उन्हें क्यों नहीं बुलाया गया। अब पड़ोसियों को कैसे समझाता कि देव साहब ने खुद ने किसी को खबर नहीं करने के लिए कहा था।

दिल जवां हो तो उम्र कभी आड़े नहीं आती-देवानंद

मुख़्तलिफ़ अंदाज़, अदाकारी और ज़िंदादिली की मिसाल बन चुके देवानंद कहते हैं कि दिल जवां हो तो उम्र कभी आड़े नहीं आती।

26 सितंबर को 88वें बरस में क़दम रख रहे देवानंद ने ख़ास बातचीत में कहा, "मैं लगभग 60 बरस से फ़िल्म उद्योग से जुड़ा हूं लेकिन आज भी मेरा दिल युवा है। अगर मैं जवां दिल और रूमानी ख़्यालात का ना होता तो फ़िल्में ना बना पाता। मैं मानता हूं कि फ़िल्म युवा लोगों का माध्यम है"।

सदाबहार अभिनेता कहे जाने वाले देवानंद मानते हैं कि ख़ुद पर औऱ अपने सपनों पर यक़ीन ही वो ताक़त है जो आपको आगे ले जाती है।

वे कहते हैं, "जब गुरदासपुर छोड़कर मैंने मुंबई में क़दम रखा था तभी से मैं जानता था कि मुझे अभिनेता बनना है। हमें बस पता होना चाहिए कि हम जो चाहते हैं वो हम कर सकते हैं या नहीं औऱ इसका क्या नतीजा होगा। इसके बाद कोई हमें कोई ताक़त रोक नहीं सकती"।

अपनी ग़ज़ब की ऊर्जा से प्रेरित करने वाले देव साहब कहते हैं कि वह बहुत आशावादी हैं और उन्हें अपनी उम्र तो मुझे याद ही नहीं रहती जब तक कोई याद ना दिलाए।

उनका कहना है, "जब मैं एक फ़िल्म बनाता हूं तो फिर मुझे दुनिया में उससे ज़्यादा महत्वपूर्ण कुछ लगता ही नहीं"।

हिंदी सिने उद्योग को देवानंद का एक योगदान यह भी है कि वे ज़ीनत अमान और टीना मुनीम जैसी अभिनेत्रियों को सामने लाए।

देवानंद ने हरे रामा हरे कृष्णा में ज़ीनत को मौक़ा दिया। ज़ीनत अमान को सत्यम, शिवम्, सुन्दरम् के ज़रिए राज कपूर का साथ मिल गया और ये बात देवानंद को कुछ ख़ास पसंद नहीं आई।

देव कहते हैं, "आप किसी के रास्ते में नहीं आ सकते लेकिन शायद मैं ज़ीनत से थोड़ी ईमानदारी की उम्मीद कर रहा था लेकिन यही तो क़ायदा है। ज़िंदगी नाराज़गी से रूक नहीं जाती। कहीं और ले जाती है"।

अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए देव बताते हैं, "हम नौ भाई बहन थे। पिताजी वकालत करते थे। अंग्रेज़ी साहित्य में स्नातक करने के बाद मैं पोस्ट ग्रेजुएशन करना चाहता था लेकिन पिताजी के पास इतने पैसे नहीं थे। फिर मैं मुंबई आ गया और तब से सिनेमा ही मेरी ज़िंदगी है"।

'नवकेतन फ़िल्म्स' देव साहब की फ़िल्म निर्माण कंपनी है जिसने 2009 में 60 बरस पूरे किए हैं।

‘मुनीम जी’, ‘सीआईडी.’, ‘गाइड’ जैसी बेजोड़ फ़िल्में देने वाले देवानंद को फाल्के रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

टूट गया था दिल-देवानंद

सदाबहार अभिनेता देवानंद ने अपनी आत्मकथा रोमांसिंग विद लाइफ में यह माना है कि किसी समय वे अभिनेत्री जीनत अमान से बेहद प्यार किया करते थे, लेकिन ‘शो मैन’ राजकपूर के प्रति जीनत के लगाव को देखकर उनका दिल टूट गया।

2007 में रिलीज हुई उनकी आत्मकथा में उन्होंने लिखा कि वे जीनत अमान से बेहद प्यार करते थे और इसीलिए उन्हें अपनी फिल्म ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ में अभिनेत्री बनाया था। लेकिन देवानंद का यह प्यार परवान चढ़ने से पहले ही टूट गया, क्योंकि उन्होंने जीनत अमान को एक पार्टी में राजकपूर की बाहों में देख लिया था। देवानंद लिखते हैं, “एक पार्टी में राजकपूर ने जीनत को पुकारा...राजकपूर ने अपनी बांहें फैला दी और जीनत अमान उनकी बांहों में समा गई। यह देखकर मेरा दिल टूट गया। मैं पार्टी से बाहर जाना और अकेले में रहने चाहता था”।

गौरतलब है कि देवानंद ने 438 पृष्ठों की इस पुस्तक में अपनी ज़िंदगी के तमाम पहलुओं का जिक्र किया है। पुस्तक में देवानंद ने अपनी युवावस्था, लाहौर, गुरदासपुर, फिल्मी दुनिया के संघर्ष, गुरुदत्त के साथ मित्रवत रिश्तों और सुरैया के साथ अपने संबंधों का उल्लेख किया है। इसके अलावा देवानंद ने अपने भाई विजय आनंद और चेतन आनंद के संबंध में भी इस किताब में लिखा है। किताब में देवानंद ने राजकपूर और दिलीप कुमार के साथ अपने संबंधों का भी जिक्र बड़ी बेबाकी से किया है। अपनी फिल्मों की अभिनेत्रियों गीताबाली, मधुबाला, मीना कुमारी, नूतन, वैजयंती माला, मुमताज, हेमा मालिनी, वहीदा रहमान, जीनत अमान और टीना मुनीम के बारे में भी उन्होंने इस किताब में लिखा है।

बॉलीवुड का 'गाइड'

बॉलीवुड के लिए एक और दुखद खबर है। दिल का दौरा पड़ने से सदाबहार अभिनेता देवानंद का लंदन में निधन हो गया है। देवानंद 88 साल के थे। देवानंद का स्वास्थ्य कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रहा था और अपने चेकअप के लिए वे लंदन आए हुए थे। बताया जा रहा है कि जब देवानंद ने अंतिम सांसें ली तो उनके पुत्र सुनील उनके साथ ही थे।
देवानंद ने 1946 में फ़िल्मी दुनिया में क़दम रखा था और फ़िल्म थी हम एक हैं। इसके बाद उन्हें कई फ़िल्में मिलीं और एक वर्ष बाद जिद्दी के आने तक वो बड़े अभिनेता के रुप में स्थापित हो गए थे।
देवानंद ने कई बेहतरीन फ़िल्में की और अपने अभिनय का लोहा मनवाया। इन फ़िल्मों में पेइंग गेस्ट, बाज़ी, ज्वेल थीफ, गाइड, सीआईडी, जॉनी मेरा नाम, अमीर गरीब, हरे रामा हरे कृष्णा और देस परदेस का नाम लिया जा सकता है। देवानंद को २००१ में पद्मभूषण और २००२ में दादा साहब फाल्के पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। उम्र के इस पड़ाव पर भी वे फिल्मों में सक्रिय थे और कुछ फिल्मों का निर्देशन और निर्माण कर रहे थे।
देवानंद का जन्म अविभाजित पंजाब के गुरदासपुर (अब पाकिस्तान का नरोवल जिला) में 26 सितंबर, 1923 में हुआ था। देवानंद के माता-पिता ने उन्हें धर्मदेव आनंद नाम दिया था। उनके पिता किशोरीमल आनंद मशहूर वकील थे। देवानंद ने लाहौर कॉलेज से अंग्रेजी में बीए किया था। 1948 में देवानंद को पहली बड़ी कामयाबी मिली थी जब फिल्म जिद्दी बॉक्स ऑफिस पर हिट रही।
1949 में उन्होंने नवकेतन नाम से अपनी प्रॉडक्शन कंपनी लॉन्च की थी। जिसने कई यादगार फिल्में बनाईं।

अभी ना जाओ छोड़कर कि दिल अभी भरा नहीं

देवानंद का पसंदीदा गाना फिल्म 'हम दोनों' का गीत 'मैं ज़िंदगी का साथ निभाता चला गया'। देवानंद ने कई इंटरव्यू में कहा था कि इस गाने का फलसफा उनकी ज़िंदगी का फलसफा है। इस गीत को मोहम्मद रफी ने आवाज़ दी थी और इसे देवानंद पर ही फिल्माया गया था।

वहीं, उनकी गाइड फिल्म के गीत और उनका अभिनय काफी पसंद किया गया था। गाइड फिल्म का गाना, तेरे मेरे सपने अब एक रंग है को खूब पसंद किया गया। हरे रामा हरे कृष्णा फिल्म का गाना दम मारो दम को भी उस दौर में युवाओं ने खूब पसंद किया था। ऐसा ही और गाना है, जिसे लोग आज तक गुनगुनाते हैं, 'अभी न जाओ छोड़कर, कि दिल अभी भरा नहीं है।'

अपने 100 से ज़्यादा फिल्मों के लंबे करियर में देवानंद ने कई बेहतरीन फ़िल्में की और अपने अभिनय का लोहा मनवाया। इन फ़िल्मों में पेइंग गेस्ट, बाज़ी, ज्वेल थीफ, सीआईडी, जॉनी मेरा नाम, गाइड, अमीर गरीब, हरे रामा हरे कृष्णा और देस परदेस का नाम लिया जा सकता है। देवानंद ने ३५ फिल्मों का निर्माण भी किया। देवानंद को २००१ में पद्मभूषण और २००२ में दादा साहब फाल्के पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। उम्र के इस पड़ाव पर भी वे फिल्मों में सक्रिय थे और कुछ फिल्मों का निर्देशन और निर्माण कर रहे थे

एक थे ऋषि कपूर

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर का आज मुंबई के एक अस्पताल एच एन रिलायंस मे सुबह 8:45 बजे 67 वर्ष की उम्र मे निधन हो गया। वे ल्...