Wednesday, May 4, 2011
प्रयोगधर्मिता को भी बढ़ावा देते थे शांताराम
हिंदी सिनेमा के शुरूआती दौर में प्रमुखता से उभरे फिल्मकार वी शांताराम उन हस्तियों में थे जिनके लिए फिल्में मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश देने का माध्यम थी और अपने लंबे करियर में उन्होंने प्रयोगधर्मिता को भी बढ़ावा दिया।
डॉ. कोटनिस की अमर कहानी, झनक झनक पायल बाजे, दो आंखें बारह हाथ, नवरंग, दुनिया ना माने जैसी अपने समय की बेहद चर्चित फिल्मों में शांताराम ने फिल्म निर्माण से जुड़े कई प्रयोग किए। उन्होंने फिल्मों के मनोरंजन पक्ष से कोई समझौता किए बिना नए प्रयोग किए जिनके कारण उनकी फिल्में न केवल आम दर्शकों बल्कि समीक्षकों को भी काफी भाई।
शांताराम ने हिंदी फिल्मों में मूविंग शॉट का प्रयोग सबसे पहले किया। उन्होंने बच्चों के लिए 1930 में रानी साहिबा फिल्म बनाई। चंद्रसेना फिल्म में उन्होंने पहली बार ट्राली का प्रयोग किया। वैसे शांताराम की सर्वाधिक चर्चित फिल्म दो आंखें बारह हाथ है जो 1957 में प्रदर्शित हुई। यह एक साहसी जेलर की कहानी है जो छह कैदियों को बिल्कुल नए तरीके से सुधारता है। अपनी अनूठी कथा, पृष्ठभूमि के कारण यह फिल्म आज भी लोगों को बांध लेती है। इस फिल्म को राष्ट्रपति का स्वर्ण पदक सम्मान दिया गया था। साथ ही इसने बर्लिन फिल्म महोत्सव में सिल्वर बियर सहित कई विदेशी पुरस्कार जीता।
दादा साहब फाल्के सहित कई सम्मानों से नवाजे गए शांताराम का मूल नाम राजाराम वानकुर्दे शांताराम था। 18 नवंबर 1901 को कोल्हापुर में पैदा हुए शांताराम ने नाममात्र की शिक्षा पाई थी। उन्होंने 12 साल की उम्र में रेलवे वर्कशाप में अपे्रंटिस के रूप में काम किया था। कुछ समय बाद वह एक नाटक मंडली में शामिल हो गए।
फिल्म निर्माण की कला उन्होंने बाबूराव पेंटर से सीखी। उन्होंने 1925 में आई सवकारी पाश में किसान की भूमिका निभाई थी। बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म नेताजी पालकर थी। बाद में उन्होंने अपने बैनर राजकमल कला मंदिर की स्थापना की। कहा जाता है कि उन्होंने अपने स्टूडियो में आधुनिक सुविधाएं जुटाई थीं। गीत और संगीत शांताराम की फिल्मों का एक और मजबूत पक्ष होता था। उनकी फिल्मों में जहां कहानी बेहद सधे हुए तरीके से आगे बढ़ती थी वहीं गीत और संगीत उनमें चार चांद लगाते। मिसाल के रूप में झनक झनक पायल बाजे को देखा जा सकता है। एक फिल्मकार के रूप में वह अपनी फिल्मों के संगीत पर विशेष ध्यान देते और उनका जोर इस बात पर रहता कि गानों के बोल आसान और गुनगुनाने योग्य हो।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
एक थे ऋषि कपूर
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर का आज मुंबई के एक अस्पताल एच एन रिलायंस मे सुबह 8:45 बजे 67 वर्ष की उम्र मे निधन हो गया। वे ल्...
No comments:
Post a Comment