Wednesday, May 4, 2011

विमल राय: सामाजिक सरोकारों के फिल्मकार


हिन्दी फिल्म जगत में विमल राय एक ऐसी सुहानी बयार की तरह आए जिन्होंने अपनी देवदास, दो बीघा जमीन, परणीता, बिराज बहू और बंदिनी जैसी फिल्मों से मनोरंजक और यथार्थवादी सिनेमा की पारंपरिक सीमाओं को तोड़ दिया। साथ ही उन्होंने फिल्म निर्माण के लगभग हर पक्ष को एक सर्वथा नया छंद दिया।

समीक्षकों के अनुसार उनकी लगभग हर फिल्म विषय को बेहतरीन ढंग से उठाने की कला, संगीत, फिल्मांकन, अभिनय, गीत चिंत्राकन के कारण फिल्मकारों के लिए आज भी पाठ्यपुस्तक का काम करती हैं। विमल राय की फिल्में मानवीय रिश्तों और समाज की बदलती प्रवृतियों को बहुत गहराई तक कुरेदती हैं और उनकी फोटोग्राफिक नजर मधुमति जैसी फिल्मों में प्रकृति की सूक्ष्म धड़कनों को महसूस करती है। 12 जुलाई 1909 को ढाका में जन्मे विमल राय ने श्याम श्वेत फिल्मों के दौर में फिल्म निर्माण के कुछ ऐसे प्रतिमान गढ़ दिए, जिन्हें तोड़ना आज के फिल्मकारों के लिए भी मुश्किल है। फिल्मकार अनवर जमाल ने कहा, विमल राय और उनके दौर के फिल्मकार सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशील होते थे और उन्हें साहित्य एवं संगीत की समझ होती थी। इससे उस दौर के फिल्मकारों की फिल्मों में सामाजिक, राजनीतिक, दलित विमर्श और महिला विमर्श की स्पष्ट छाप दिखाई देती है।

उनका कहना है कि वर्ष 1953 में प्रदर्शित उनकी फिल्म दो बीघा जमीन की प्रासंगिकता को इक्कीसवीं सदी में देखा जा सकता है। उस वक्त जब दुनिया ने सुपर इकोनामिक जोन का सपना भी नहीं देखा था, विमल राय जैसे यथार्थवादी निर्देशक ने इस बात की कल्पना कर ली थी कि आने वाले दिनों में उद्योग और विकास के नाम पर किसानों और खेतिहर मजूदरों को किस तरह के संकट का सामना करना पड़ेगा। फिल्म समीक्षक और इतिहासकार अमरेश मिश्रा ने कहा, सामाजिक बदलाव के दौर में विमल राय और महबूब दो प्रमुख फिल्मकार थे। जहां विमल राय लोकतांत्रिक चेतना के वाहक थे और उनकी फिल्मों का फलक इतना विशाल था कि उन्हें किसी खास विचारधारा से बांधा नहीं जा सकता, वहीं दूसरी तरफ महबूब की फिल्मों का समाजवादी रूझान एकदम स्पष्ट था। मिश्रा ने कहा कि विमल राय ने सुजाता के जरिए समाज में व्याप्त छुआछूत की समस्या को परदे पर उतारा। वहीं परख के जरिए देश की चुनाव पद्धति को परखने की कोशिश की और यह भविष्यवाणी कर दी कि इस देश की चुनाव प्रणाली भ्रष्ट होती जा रही है।

उन्होंने कहा, विमल राय में, व्यावसायिक सिनेमा की गहरी समझ थी और वह दर्शक की नब्ज से भली-भांति परिचित थे। आजकल के फिल्मकारों की कई फिल्में उनकी फिल्मों से प्रेरित नजर आती हैं। समाज व देश की बुराइयों के साथ ही स्त्रियों की समस्याओं पर भी उनकी दृष्टि थी। हिन्दी सिनेमा में आज भी नायक प्रधान फिल्में बनती हैं, जबकि विमल राय उस वक्त नायिकाओं की अभिनय क्षमता को न केवल सामने लाए बल्कि उन्होंने फिल्मों के नाम भी महिलाओं पर रखे। छायाकार के रूप में न्यू थिएटर कंपनी में काम करने वाले विमल राय को निर्देशक का सफर तय करने में आठ साल लग गए। उन्होंने 1944 में पहली हिन्दी फिल्म हमराही का निर्देशन शुरू किया, जो बांग्ला फिल्म उदएर पाथे का हिंदी संस्करण थी। सात जनवरी 1966 को मुंबई में उनका निधन हुआ।

No comments:

Post a Comment

एक थे ऋषि कपूर

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर का आज मुंबई के एक अस्पताल एच एन रिलायंस मे सुबह 8:45 बजे 67 वर्ष की उम्र मे निधन हो गया। वे ल्...