Wednesday, May 4, 2011

अलग पहचान थी सदाबहार महेंद्र कपूर की


संगीत के लिहाज से हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम दौर में मोहम्मद रफी, मुकेश, मन्ना डे, तलत महमूद, हेमंत कुमार जैसे बहुचर्चित गायकों के बीच एक अलग मुकाम बनाने वाले महेंद्र कपूर ने विभिन्न प्रकार के गीत गाए लेकिन देशभक्ति के गीतों के मामले में उन्हें विशेष लोकप्रियता मिली और भारत कुमार के नाम से मशहूर अभिनेता मनोज कुमार के साथ उनकी जोड़ी खास रूप से सराही गई।

है प्रीत जहां की रीत सदा, मेरे देश की धरती, मेरा रंग दे बसंती चोला, अब के बरस तुझे जैसे लोकप्रिय देशभक्ति गीतों को अपनी आवाज देने वाले महेंद्र कपूर ने रूमानियत, विरह, श्रृंगार, आशावादिता, भक्ति आदि के रंग में डूबे गीतों को भी बखूबी स्वर दिया। उनके गीतों में तेरे प्यार का आसरा चाहता हूं, किसी पत्थर की मूरत से, चलो एक बार फिर से अजनबी, नीले गगन के तले आदि ऐसे हैं जिन्हें आज भी काफी संख्या में संगीतप्रेमी पसंद करते हैं।

सदाबहार गायक महेंद्र कपूर ने मोहम्मद रफी को अपना गुरू माना जिन्होंने तमाम व्यस्तताओं के बीच समय निकाल कर उनकी गायकी को निखारने में मदद दी। निधन से पहले महेंद्र कपूर ने एक साक्षात्कार में कहा था कि उनका और रफी का संबंध वैसा ही था जैसा शागिर्द और उस्ताद का होता है।

नौ जनवरी 1934 को अमृतसर में पैदा हुए महेंद्र कपूर ने 1950 के दशक में हिंदी सिनेमा की दुनिया में कदम रखा और शुरूआत में उन्हें रफी की कापी कहा गया। लेकिन जल्दी ही उन्होंने साबित कर दिया कि वह अन्य से हटकर है। फिल्म वी शांताराम की फिल्म नवरंग का गीत आधा है चंद्रमा रात आधी, रह न जाए तेरी मेरी बात ने इसकी पुष्टि कर दी कि पा‌र्श्वगायन की दुनिया में एक नई प्रतिभा का पदार्पण हो चुका है। इसके बाद तो उन्होंने एक से बढ़कर सुपरहिट गीत गाए।

महेंद्र कपूर ने अपने दौर के कई कलाकारों के लिए पा‌र्श्वगायन किया पर मनोज कुमार के साथ उनकी जोड़ी को खास कामयाबी मिली। महेंद्र कपूर ने मनोज कुमार के लिए उपकार, शहीद, पूरब और पश्चिम, क्रांति, रोटी कपड़ा और मकान जैसी कई फिल्मों में पा‌र्श्वगायन किया। निर्माता..निर्देशकों में उनका बी आर चोपड़ा के साथ विशेष तालमेल रहा और महेंद्र कपूर ने उनकी कई फिल्मों में गीत गाए। इन फिल्मों में धूल का फूल, गुमराह, वक्त, हमराज, धुंध आदि शामिल हैं।

हिंदी के अलावा उन्होंने गुजराती, मराठी, पंजाबी सहित कई भाषाओं में गीत गाए। बी आर चोपडा के अति लोकप्रिय धारावाहिक महाभारत का टाइटल गीत भी उन्होंने गाए। मराठी फिल्मों में वह दादा कोंडके की फिल्मों के नियमित पा‌र्श्वगायक बने रहे। तीन फिल्मफेयर सहित कई पुरस्कारों से सम्मानित महेंद्र कपूर का 27 सितंबर 2008 को निधन हो गया।

No comments:

Post a Comment

एक थे ऋषि कपूर

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर का आज मुंबई के एक अस्पताल एच एन रिलायंस मे सुबह 8:45 बजे 67 वर्ष की उम्र मे निधन हो गया। वे ल्...