जब तारामती की भूमिका के लिए अंतत: कोई कलाकार नहीं मिला, तो विवश हो फालके कोठे वालियों के पास पहुंचे। उनसे हीरोइन बनने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने भी टका-सा जवाब दे दिया। कोठे पर मुजरे करने वाली तवायफों का कहना था, हम कैमरे के सामने हाथ-पैर मटकाने की बेशर्मी नहीं कर सकते!
हारकर दादा साहब ने फैसला किया कि किसी पुरुष से ही तारामती की भूमिका कराई जाए। और उसी पल से कलाकार की तलाश शुरू हो गई। तभी एक दिन उन्हें एक ईरानी के रेस्तरां में एक एक रसोइया नजर आया। दादा ने रसोइया से बात की। कहने-सुनने के बाद वह काम करने के लिए तैयार हो गया, लेकिन दादा फालके की मुसीबत अभी खत्म नहीं हुई थी। दरअसल, रिहर्सल के बाद जब शूटिंग का समय आया, तो प्रोड्यूसर-डायरेक्टर फालके ने रसोइये से कहा, कल से शूटिंग करेंगे, तुम अपनी मूंछें साफ कराके आना।
दादा की यह बात सुनकर रसोइया, जो हीरोइन का रोल करने वाला था, चौंक गया। उन्होंने जवाब दिया, मैं मूंछें कैसे साफ करा सकता हूं! मूंछें तो मर्द-मराठा की शान हैं! रसोइये की बातें सुनकर दादा फालके ने समझाया, भला मूंछ वाली तारामती कैसे हो सकती है? वह तो नारी है और नारी की कोई मूंछ नहीं होती। फिर मूंछ का क्या है, शूटिंग पूरी होते ही रख लेना!
काफी समझाने के बाद रसोइया मूंछ साफ कराने के लिए तैयार हुआ। वह रसोइया, जो भारत की पहली फीचर फिल्म की पहली हीरोइन बन रहा था, का नाम था सालुंके। अब यदि यह कहें कि भारतीय सिनेमा की पहली नायिका कहलाने का श्रेय सालुंके को ही जाता है, तो शायद गलत नहीं होगा।
No comments:
Post a Comment