Wednesday, May 4, 2011
आनंद बख्शी: खुदा का बख्शा फनकार
दिल को छूने वाले और जिंदगी की स्याह-सफेद सच्चाइयों को बयां करते गीत लिखकर हिन्दी फिल्म जगत में अपनी अमिट छाप छोड़ गए गीतकार आनंद बख्शी एक ऐसे फनकार थे जिन्होंने अपनी असल मंजिल यानी मुंबई पहुंचकर फिल्मी गीतों को नई दिशा दी।
गायक बनने का ख्वाब लेकर मुम्बई आए बख्शी की किस्मत में कुछ और ही लिखा था। खुदा के बख्शे फन के धनी इस कलाकार ने गीतों को आवाज देने के बजाय उन्हें शब्द दिए। प्रख्यात शायर बेकल उत्साही की नजर में बख्शी ने जिंदगी की बेहद आम समझी जाने वाली विडम्बनाओं को आसान शब्दों में बयान करने जैसा मुश्किल काम बेहद सरलता से किया। चूंकि उनके गीत हर खास-ओ-आम के करीब होते थे लिहाजा उन्हें लोकप्रिय होना ही था। उन्होंने बताया कि वक्त के साथ शैली में बदलाव करने की खूबी बख्शी को अन्य गीतकारों से अलग करती है।
बख्शी ने अपनी पीढ़ी के संगीत निर्देशकों के साथ काम करने के बाद अगली पीढ़ी के संगीत निर्देशकों के साथ भी बखूबी काम किया और समयानुसार बदलावों का पूरा ख्याल रखते हुए श्रोताओं की पसंद के अनुरूप गीत लिखे। बख्शी ने एस. डी. बर्मन, आर. डी. बर्मन, चित्रगुप्त, आनंद मिलिंद और कल्याणजी आनंदजी जैसे समकालीन संगीत निर्देशकों के साथ-साथ आधुनिक संगीत को भारतीय फिल्मों में जगह दिलाने में योगदान करने वाले ए. आर. रहमान के लिए भी गीत लिखे।
इक्कीस जुलाई 1930 को रावलपिंडी में जन्मे बख्शी ने पहले सेना में बोर्ड आपरेटर के तौर पर नौकरी की थी लेकिन गायक के तौर पर ख्याति पाने का सपना उन्हें अपनी असल मंजिल यानी मुम्बई ले आया। वहां मौकों की तलाश करते-करते खाली समय में वह गीत लिखने लगे। फिल्म जगत में उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का पहला मौका वर्ष 1956 में मिला जब भगवान दादा ने फिल्म भला आदमी के चार गीतों के लिए उनसे करार किया। इसके बाद गीतकार के तौर पर उनका सफर शुरू हो गया और उन्होंने अपने जीवनकाल में 300 से भी अधिक फिल्मों के लिए गीत लिखे। बख्शी को सफल गीतकार के तौर पर पहचान 1967 में मिली जब उन्होंने सुनील दत्त अभिनीत मिलन के लिए गीत लिखे। इसके बाद उन्हें हिंदी फिल्म सिनेमा के जाने-माने संगीतकारों के साथ काम करने का मौका मिलने लगा। बख्शी के गीत खासे विविधतापूर्ण और नयेपन से भरे थे। वर्ष 1972 में फिल्म हरे राम हरे कृष्ण का दम मारो दम हो या फिर शोले, बॉबी और जीवन की विडम्बनाओं को दर्शाती फिल्म अमर प्रेम के गीत हों, उन्होंने सभी को शब्द दिए।
बख्शी ने कई फिल्मकारों के लिए गीत लिखे। उन्होंने शोमैन सुभाष घई की फिल्म गौतम गोविंदा के बाद से उनकी हर फिल्म के लिए गीत लिखे। बख्शी ने 1990 के दशक में यश चोपड़ा की फिल्मों के लिए भी गीत लिखे। उन्हें 40 बार फिल्मफेयर अवार्ड के लिए नामित किया गया और चार बार वह इस पुरस्कार से नवाजे भी गए। अंतिम बार वर्ष 1999 में सुभाष घई की ताल के गीत इश्क बिना क्या जीना के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ गीतकार का फिल्मफेयर अवार्ड प्रदान किया गया था। आनंद बख्शी ने सबसे ज्यादा गीत संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत प्यारेलाल के लिए लिखे थे। उनके गीतों से सजी कुछ फिल्मों में चांदनी, हम, मोहरा, दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, दिल तो पागल है, ताल, मोहब्बतें, गदर एक प्रेम कथा, यादें, महबूबा आदि रहीं, जिनके गीत लोगों की जुबान पर आज भी हैं। जीवन के अंतिम दिनों में हृदय और गुर्दे संबंधी बीमारियों से ग्रस्त आनंद बख्शी ने 30 मार्च 2002 को 72 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कह दिया।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
एक थे ऋषि कपूर
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर का आज मुंबई के एक अस्पताल एच एन रिलायंस मे सुबह 8:45 बजे 67 वर्ष की उम्र मे निधन हो गया। वे ल्...
No comments:
Post a Comment