Wednesday, May 4, 2011

बेहतरीन गायक भी थे एस डी बर्मन


लोकधुन, शास्त्रीय और रवीन्द्र संगीत में महारत हासिल रखने वाले संगीतकार सचिन देव बर्मन बेहतरीन गायक भी थे और उनके निधन के 35 साल बीत जाने के बाद भी संगीतप्रेमियों का एक वर्ग उनके संगीतबद्ध गानों के साथ ही उनके गाए गीतों को भी खूब याद करता है।

एस डी बर्मन के रूप में मशहूर हुए सचिन देव बर्मन ने फिल्म गाइड में अल्ला मेघ दे, पानी दे.. और वहां कौन है तेरा मुसाफिर जाएगा कहां.., फिल्म प्रेम पुजारी में प्रेम के पुजारी हम हैं.., फिल्म सुजाता में सुन मेरे बंधु रे, सुन मेरे मितवा.. जैसे गीतों को अपनी आवाज दी। इसके साथ ही उन्होंने फिल्म बंदिनी में मेरे साजन हैं उस पार, फिल्म तलाश में मेरी दुनिया है मां तेरे आंचल में, फिल्म अमर प्रेम में डोली में बिठाके जैसे गीतों को भी स्वर दिया। उनके इन गानों में विरह और रोमांच के अलावा दर्शन की भी एक झलक मिलती है।

वास्तव में हिंदी एवं बांग्ला दोनों भाषाओं की फिल्मों में सक्रिय सचिन देव ऐसे संगीतकार थे जिन्होंने अपने संगीत गीतों में लोकधुनों के अलावा शास्त्रीय और रवीन्द्र संगीत का बेहतरीन इस्तेमाल किया। वह पाश्चात्य संगीत का भी मिश्रण करते थे और उन्हें भारतीय रंग में ढाल देते थे।हर वर्ग को अपनी धुनों से दीवाना बना लेने वाले मृदुभाषी सचिन देव बर्मन फिल्मों में आने से पहले रेडियो पर प्रसारित पूर्वोत्तर लोक संगीत कार्यक्रमों से अपनी पहचान बना चुके थे। दरअसल वह पूर्वोत्तर और बंगाल के विभिन्न हिस्सों में खूब घूमे थे। इससे उन्हें उन क्षेत्रों की संस्कृति खासकर लोकधुनों की अच्छी जानकारी मिली और इसका उपयोग फिल्मों में किया।
एक अक्तूबर 1906 को त्रिपुरा के एक शाही परिवार में पैदा हुए सचिन देव की रूचि शुरू से ही संगीत में थी और उन्होंने शास्त्रीय संगीत की शिक्षा भी ली थी। कई पुरस्कारों से सम्मानित सचिन देव अधिक मात्रा में संगीत देने के बदले चुने गए गीतों में ही बेहतरीन धुन देने में विश्वास करते थे। इसके अलावा वह धुनों के दोहराए जाने को भी पसंद नहीं करते थे।
ऐसे प्रतिभाशाली संगीतकार के लिए भी हिंदी फिल्मों में कदम जमाना आसान साबित नहीं हुआ और एक समय वह कोलकाता लौटने का मन बना चुके थे। लेकिन दिग्गज कलाकार अशोक कुमार के कहने पर वह ठहर गए। उनका रूकना संगीतप्रेमियों के लिए वरदान साबित हुआ।
सचिन देव के संघर्ष के दिनों में ही देव आनंद ने नवकेतन बैनर की शुरूआत की और उन्हें बतौर संगीतकार नियुक्त कर लिया। उनका यह साथ बाजी फिल्म से शुरू हुआ जो कई वर्षो तक जारी रहा। इस दौरान उन्होंने गाइड, जाल, बहार, प्रेम पुजारी जैसी फिल्मों में संगीत दिया जो आज भी याद किए जाते हैं। सचिन देव बर्मन ने विमल राय, गुरू दत्त, रिषिकेश मुखर्जी की कई फिल्मों में भी बेहतरीन संगीत दिया।
वर्ष 1969 में प्रदर्शित आराधना कई लिहाज से महत्वपूर्ण फिल्म साबित हुई। इसी से सुपरस्टार राजेश खन्ना का उदय हुआ वहीं किशोर कुमार प्रमुख गायक के रूप में उभर कर सामने आए।
बदलते वक्त के साथ तालमेल बिठाए रहने में भी सचिन देव कामयाब रहे और 1970 के दशक में शर्मिली, तेरे मेरे सपने, फागुन, अभिमान, मिली, चुपके चुपके जैसे फिल्मों में मीत ना मिला ना मन का.., तेरी बिंदिया रे, खिलते हैं गुल यहां.. जैसे हिट गीत दिए। लेकिन वक्त पर किसी का जोर नहीं रहा है और उनके मामले में भी यह साबित हुआ। बाद के दिनों में उनकी तबियत खराब रहने लगी और अंतत: 31 अक्तूबर 1975 को उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

No comments:

Post a Comment

एक थे ऋषि कपूर

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर का आज मुंबई के एक अस्पताल एच एन रिलायंस मे सुबह 8:45 बजे 67 वर्ष की उम्र मे निधन हो गया। वे ल्...