Wednesday, May 4, 2011

फिल्म के हिट होने का फार्मूला था नासिर हुसैन के पास



हिन्दी सिने प्रेमियों को एक से बढ़कर एक मनोरंजक फिल्में देने वाले निर्माता निर्देशक नासिर हुसैन ने शम्मी कपूर को लेकर जब एक फिल्म बनानी शुरू की तो उसका नाम रखने के लिए उन्होंने फिल्मिस्तान स्टूडियो के स्टाफ के बीच एक प्रतिस्पर्धा आयोजित की जिसके बाद शीर्षक तुमसा नहीं देखा का चयन किया गया था। इस फिल्म ने शम्मी कपूर को स्टार बना दिया था।

नासिर हुसैन को ऐसा फिल्म निर्माता माना जाता था जिसके पास फिल्म के सुपरहिट होने का फार्मूला था। शम्मी कपूर की बिंदास और उछलकूद वाली अभिनय शैली के पीछे हुसैन की बड़ी भूमिका थी। वह चाहते थे कि उनकी फिल्मों का नायक परंपरागत भूमिकाओं से अलग हट कर नजर आए।


हुसैन ने तुमसा नहीं देखा, दिल दे के देखो, जब प्यार किसी से होता है, फिर वही दिल लाया हूं, प्यार का मौसम, कारवां, यादों की बारात और हम किसी से कम नहीं जैसी फिल्में दर्शकों को दीं जिन्हें बेहद सराहा गया। हुसैन ने हमेशा स्वाभाविक मनोरंजन को प्रमुखता दी। उनकी फिल्मों के प्रवाह में कहानी सहज ही संवाद, रोमांस और संगीत आदि के साथ बढ़ती जाती थी।

तीन फरवरी 1931 को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में जन्मे हुसैन ने 1948 में एक लेखक के तौर पर फिल्मिस्तान से जुड़ कर निर्माता निर्देशक ए आर कारदार के लिए लिखना शुरू किया। अनारकली, मुनीमजी, पेइंग गेस्ट जैसी फिल्मों की पटकथा लिखने के बाद 1957 में उन्होंने तुमसा नहीं देखा का निर्देशन किया।

तुमसा नहीं देखा फिल्म के लिए संगीत ओ पी नैयर ने दिया था। मूडी संगीतकार कहलाने वाले नैयर के साथ चुहलबाजी करते हुए हुसैन ने एक-एक गीत के संगीत पर उनसे व्यापक चर्चा की थी। इस फिल्म के गीत आज भी लोकप्रिय हैं।

तुमसा नहीं देखा के बाद नासिर हुसैन और शम्मी कपूर दिल दे के देखो में फिर एक साथ आए। यह आशा पारिख की पहली फिल्म थी। आशा और हुसैन की दोस्ती ऐसी हुई कि दोनों ने कारवां तक कई फिल्में साथ कीं। इसके बाद हुसैन ने अपना बैनर नासिर हुसैन फिल्म्स स्थापित किया और निर्माता निर्देशक बन गए।

फिल्म निर्माण की बारीकियों के जानकार हुसैन एक ही सेट को बदल-बदलकर कई फिल्मों में इस्तेमाल करते थे। तुमसा नहीं देखा में शम्मी कपूर और अमिता का ट्रेन वाला दृश्य उन्होंने तीसरी मंजिल में दोहराया था। दिल दे के देखो में ड्रम बजाने वाले रॉकी को तुमसा नहीं देखा और मंजिल मंजिल में देखा जा सकता है। जब प्यार किसी से होता है का भांग वाला गीत मंजिल मंजिल में अपनी झलक दिखाता है।

कॉमेडी थ्रिलर तीसरी मंजिल से हुसैन की दोस्ती आर डी बर्मन से हुई जिसके बाद यह जोड़ी कई फिल्मों में अपना जादू बिखेरती रही। तीसरी मंजिल और यादों की बारात को हुसैन की फिल्म निर्माण कला का शानदार उदाहरण माना जाता है। बाद में हुसैन ने निर्देशन से हाथ खींच लिया। उनके पुत्र ने 1988 में कयामत से कयामत तक और 1992 में जो जीता वही सिकंदर बनाई जिसमें हुसैन के भतीजे आमिर खान ने काम किया था। दोनों फिल्मों की पटकथा हुसैन ने लिखी थी।

हुसैन ने 13 मार्च 2002 को मुंबई में अंतिम सांस ली।

No comments:

Post a Comment

एक थे ऋषि कपूर

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर का आज मुंबई के एक अस्पताल एच एन रिलायंस मे सुबह 8:45 बजे 67 वर्ष की उम्र मे निधन हो गया। वे ल्...