Saturday, May 14, 2011

ऐश्वर्या जब मिस वर्ल्ड बनीं

19 नवंबर 1994 वह दिन था, जब करोड़ों ‍हिन्दुस्तानी टीवी के आगे आँखें लगाए बैठे थे। ये सारी आँखें उस बिल्लौरी आँखों वाली लड़की को ढूँढ रही थीं, जिसने अपने अद्वितीय सौंदर्य से हर किसी को अचंभित कर दिया था।

दक्षिण अफ्रीका के सनसिटी में आयोजित मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के आयोजक ऐश्वर्या राय नामक भारतीय सुंदरी के विलक्षण रूप पर हतप्रभ थे। यह नवयौवना स्पर्धा के आरंभिक चरण में मिस फोटोजनिक का खिताब जीत चुकी थी और ज्यादातर विश्लेषकों का मत था कि प्रतियोगिता का मुख्‍य खिताब वही जीतेगी। इसीलिए निर्णायकों ने जब विश्व सुंदरी स्पर्धा की विजेता के बतौर ऐश्वर्या राय का नाम लिया तो किसी को आश्चर्य नहीं हुआ, सिवाय खुद 20 साल की उस तरुणी के, जो हाथों में अपना चेहरा छुपाए खुशी के आँसू छलका रही थी। नितांत मासूमियत के साथ व्यक्त किया गया यह हाव-भाव बाद में सौंदर्य प्रतियोगिताओं की हर स्पर्धा के लिए चिर-परिचित शैली बन गया।

ऐश्वर्या के मिस वर्ल्ड चुने जाते ही खार (मुंबई) स्थित उन के बंगले पर बधाइयाँ आना शुरू हो गईं। ऐश की माँ वृंदा अपने हाथों से सबको मिठाई बाँट रही थी। आम हिन्दुस्तानी यह देखकर अ‍चंभित था कि एक ही वर्ष में दो भारतीय बालाएँ सुष्मिता सेन और ऐश्वर्या राय मिस यूनिवर्स और मिस वर्ल्ड जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खिताब जीतने में कैसे सफल हो गईं। तीन दशक बाद कोई भारतीय लड़की विश्व सुंदरी का ताज पहनने में कामयाब हुई थी। यह पल हर देशवासी के लिए गर्व का भी अवसर था और हैरत का भी।

कुछ राजनीतिक, सामाजिक विश्लेषकों ने कयास लगाया ‍कि यह बहुराष्ट्रीय कंपनियों द्वारा भारत के विशाल प्रसाधन बाजार में सेंध लगाने की सा‍जिश है। जो भी हो, ऐश्वर्या राय का विश्व सुंदरी बनना एक महत्वपूर्ण घटना थी। खासकर बॉलीवुड के लिए, क्योंकि इसके बाद ही भारतीय सिनेमा को अगली सुपर तारिका मिली।

ऐश्वर्या के लिए मिस वर्ल्ड तक का सफर आसान भी था और मुश्किल भी। आसान इसलिए कि अपनी दैवीय सुंदरता की वजह से वे स्पर्धा में भाग लेने से पूर्व ही विजेता घोषित की जा चुकी थीं। मुश्किल इस वजह से कि अपनी ही एक हमवतन कोमलांगी के कारण उन्हें ब्रह्मांड सुंदरी के खिताब से वंचित रहना पड़ा। इन दोनों अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं के लिए प्रतियोगियों का चयन मिस इंडिया प्रतियोगिता के माध्यम से किया जाता है।

इस स्पर्धा की विजेता आमतौर पर मिस यूनिवर्स के खिताब हेतु भेजी जाती है, जबकि उपविजेता को मिस वर्ल्ड स्पर्धा में भाग लेना होता है। फेमिना मिस इंडिया स्पर्धा के आयोजक तक मान रहे थे कि ऐश्वर्या ही विजेता बनेंगी। लेकिन स्पर्धा के प्रश्नोत्तर खंड में बंगाली बाला सुष्मिता सेन दक्षिण भारतीय ऐश्वर्या से बाजी मार गईं। सुष्मिता को विजेता चुना गया और ऐश को उपविजेता।

मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के दौरान ऐश से पूछा गया कि वे खिताब जीतने पर क्या करेंगी? ऐश का जवाब था - 'निराश्रित बच्चों की सेवा करूँगी?' प्रतियोगिता जीतने के बाद ऐश्वर्या को संयुक्त राष्ट्र ने अपना सांस्कृतिक राजदूत नियुक्त किया और उन्हें निर्धन बच्चों की सेवा का दायित्व सौंपा।

Friday, May 13, 2011

शम्मी कपूर हैं असल रॉकस्टार :रणबीर कपूर

रणबीर इम्तियाज़ अली की फ़िल्म 'रॉक स्टार' में अपने दादा राज कपूर के छोटे भाई महान अभिनेता शम्मी कपूर के साथ काम कर रहे हैं. इस बात को लेकर वो बेहद उत्साहित हैं.
रणबीर कहते हैं, "शम्मी जी असल मायनों में रॉक स्टार हैं. इस उमर में भी काम को लेकर उनमें मुझसे ज़्यादा जुनून है. उनके साथ काम करके मेरे लिए अभिनय करना बेहद आसान हो गया. वो बादशाह की तरह ऐक्टिंग करते हैं."
अपने करियर में रणबीर ने ज़्यादातर रोमांटिक फ़िल्में ही की हैं. लेकिन अब वो ऐक्शन फ़िल्में भी करना चाहते हैं.
वो कहते हैं, "धूम सीरीज़ की तरह की कोई बढ़िया ऐक्शन फ़िल्म का ऑफ़र आए तो मैं ज़रूर करना चाहूंगा."

रीमिक्स और रीमेक के इस दौर में उनकी क्या राय है. इस पर उन्होंने कहा, "क्लासिक चीज़ों को नहीं छेड़ना चाहिए. कुछ नया करने की तरफ़ ज़्यादा फ़ोकस होना चाहिए."

अपने प्रशंसकों से मिलने के लिए ज़्यादातर कलाकार फ़ेसबुक और ट्विटर जैसी सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर मौजूद रहते हैं. लेकिन रणबीर कहते हैं कि वो पहले फ़ेसबुक पर थे लेकिन उनका अकाउंट हैक कर लिया गया और अब वो दोबारा फ़ेसबुक पर नहीं जाएंगे.

'रॉक स्टार' के अलावा रणबीर 'बर्फ़ी' नाम की फ़िल्म में भी काम कर रहे हैं.

Wednesday, May 11, 2011

ट्विटर की दीवानी :श्रेया घोषाल

शायद बहुत कम लोग जानते हैं कि श्रेया घोषाल सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर बेहद सक्रिय हैं.

रिकॉर्डिंग, शोज़ और बाकी कामों में व्यस्त रहने के बावजूद श्रेया अपने फ़ोन के ज़रिए ट्वीट करती रहती हैं. वो कहती हैं, “एक समय में मैं बहुत ज़्यादा ट्वीट करती थी. मुझे ट्विटर का नशा था जो अब वो कम हो गया है. वैसे भी आजकल सबकुछ आपके फ़ोन में ही होता है. मैं जब भी रिकॉर्डिंग वगरैह के लिए एक स्टूडियो से दूसरे स्टूडियो जा रही होती हूं, तब रास्ते में ट्वीट करती हूं.”

श्रेया घोषाल :रियेल्टी शो

अपना संगीत का सफ़र सिंगिंग रियेल्टी शो की प्रतियोगी के तौर पर शुरु करने वाली श्रेया जल्द ही एक रियेल्टी शो, ‘एक्स फ़ैक्टर इंडिया’, में बतौर जज नज़र आएंगी. इस शो में उनके अलावा गायक सोनू निगम और फ़िल्ममेकर संजय लीला भंसाली भी जज है.

श्रेया कहती हैं, “मैंने भी रियेल्टी शोज़ में हिस्सा लिया है. इसलिए मैं जानती हूं कि प्रतियोगी कैसा महसूस करते हैं. मुझे उम्मीद है कि मैं अपना अनुभव उनके साथ बांट पाऊंगी.”

ये पहली बार नहीं है कि जब श्रेया कोई रियेल्टी शो जज कर रही हैं. इससे पहले वो ‘छोटे उस्ताद’ और म्यूज़िक का महामुक़ाबला को भी जज कर चुकी हैं.

ऐक्टिंग मेरे बस की बात नहीं: श्रेया घोषाल

पर्दे पर एक-से-बढ़-कर-एक ख़ूबसूरत अभिनेत्रियों को अपनी आवाज़ देने वाली गायिका श्रेया घोषाल ख़ुद भी किसी हीरोइन से कम ख़ूबसूरत नहीं हैं. लेकिन उन्हें ऐक्टिंग करने में कोई दिलचस्पी नहीं है.

श्रेया कहती हैं कि उनके पास कई निर्देशक ऐक्टिंग का ऑफ़र लेकर आए हैं, लेकिन उन्होंने ऐक्टिंग के बारे में कभी नहीं सोचा है.

उनका कहना है, “मुझे नहीं लगता कि मैं ऐक्टिंग कर सकती हूं. मैं अपने गानों के ज़रिए ऐक्टिंग करती हूं. फ़िल्मों के लिए गाना भी एक तरह से ऐक्टिंग ही है. मैं कुछ भी कामचलाऊ तरीके से नहीं कर सकती और मुझे नहीं लगता कि ऐक्टिंग मेरे बस की बात है.”

श्रेया ने अपना बॉलीवुड का सफ़र फ़िल्म संजय लीला भंसाली की फ़िल्म ‘देवदास’ से शुरु किया जिसमें उन्होंने ऐश्वर्या राय के लिए गाना गाया. इसलिए हैरानी की बात नहीं कि श्रेया को लगता है कि उनकी आवाज़ सबसे ज़्यादा ऐश्वर्या पर जमती है.

श्रेया कहती हैं, “मैंने सबसे पहले फ़िल्म देवदास में ऐश्वर्या राय के लिए गाना गाया था. उसके बाद ख़ाकी, ऐक्शन रीप्ले और गुरू जैसी और भी फ़िल्मों मैंने ऐश्वर्या के लिए प्लेबैक किया. इसलिए लोग मेरी आवाज़ को उनके साथ जोड़ते हैं. मुझे उनके लिए गाना अच्छा लगता है. इसके अलावा मुझे करीना कपूर और विद्या बालन के लिए भी गाना अच्छा लगता है.”

लता मंगेशकर को अपनी प्रेरणा मानने वाली श्रेया को स्टूडियो रिकॉर्डिंग और लाइव पर्फ़ोमेंस, दोंनो में ही मज़ा आता है.

मैं तो अपनी ख़ुद की फ़िल्में भी नहीं देखता- नाना पाटेकर

नाना पाटेकर को अपनी ख़ुद की फ़िल्में देखना भी पसंद नहीं है.

मुंबई में वो पत्रकारों से बात तो कर रहे थे अपनी आने वाली फ़िल्म 'शागिर्द' के बारे में लेकिन जब उनसे पूछा गया कि मौजूदा दौर की कौन सी फ़िल्में उन्होंने देखी हैं तो वो बोले, "मैं तो अपनी ख़ुद की फ़िल्में भी नहीं देखता. एक बार डबिंग पूरी हो जाती है तो मैं उस फ़िल्म की तरफ़ ध्यान भी नहीं देता. 13 तारीख को मेरी फ़िल्म शागिर्द रिलीज़ हो रही है. लेकिन मुझे इसकी परवाह भी नहीं है."

नाना कहते हैं कि फ़िल्म पूरी होने के बाद वो कुछ बदल नहीं सकते. फिर निर्देशक बोले भी कि भाई ये शॉट ठीक से नहीं हुआ तो भी वो फिर कुछ नहीं कर सकते.

'शागिर्द' शुक्रवार को रिलीज़ हो रही है. इसके निर्देशक तिगमांशु धूलिया है.

नाना ने 'शागिर्द' में दिल्ली क्राइम ब्रांच के एक अफ़सर की भूमिका निभाई है जिसके ज़िम्मे शहर का अपराध ख़त्म करने की ज़िम्मेदारी है.

फ़िल्म में नाना के अलावा निर्माता निर्देशक अनुराग कश्यप का भी अहम रोल है.

हर तरह के रोल करना ज़रूरी

नाना पाटेकर कहते हैं कि एक कलाकार को हर तरह का रोल करना चाहिए. वो कहते हैं, "आप किसी जंगल से जा रहे हो और आपको प्यास लगे तो आप ये तो नहीं कहेंगे ना कि भई मैं तो सिर्फ़ मिनरल वॉटर पीता हूं. वहां अगर झरना होगा तो आपको उसी का पानी पीना पड़ेगा."

नाना कहते हैं कि पहले उन्होंने कई बेतुके रोल भी किए लेकिन ऐसा वो जानबूझ के करना चाहते थे. उनके मुताबिक़ रोल कोई भी हो अगर प्रभावशाली तरीके से किए जाए तो लोगों को पसंद आता ही है.

नाना पाटेकर मौजूदा दौर की फ़िल्मों से कुछ ख़ास खुश भी नहीं है. वो कहते हैं "नए दौर के दर्शकों ने पुरानी फ़िल्में नहीं देखी इसलिए वो अपने आपको उन फ़िल्मों से जोड़ कर नहीं देख पाते. उसी तरह से मैं नई फ़िल्मों से अपने आपको जोड़ कर नहीं देख पाता. मेरे लिए तो देवदास का मतलब दिलीप कुमार की देवदास है. संजय लीला भंसाली की देवदास का मेरे लिए कोई मतलब नहीं है."

नाना पाटेकर ने ये भी बताया कि इस दौर में वो राजकुमार हीरानी और 'ए वेडनसडे' के निर्देशक नीरज पांडे के साथ काम करना चाहते हैं.

Friday, May 6, 2011

राजकपूर: क्लैपर ब्वाय से शोमैन तक का सफर

रणबीर राज कपूर, भारतीय सिनेमा के महान शो मैन जिन्होंने बांबे टाकीज में चौथे सहायक के तौर पर अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की और हिंदी सिनेमा को यथार्थ की एक नई पहचान देते हुए उस मुकाम तक पहुंचे जहां दुनिया ने उन्हें कहा, शो मैन।
ऐसा कहा जाता है कि उनके पिता पृथ्वीराज कपूर को विश्वास था कि उनका बेटा राजकपूर कोई विशेष काम नहीं कर पाएगा। इसलिए उन्होंने राज को बांबे टाकीज में चौथा सहायक और केदार शर्मा के साथ क्लैपर ब्वाय जैसे छोटे काम पर लगवा दिया। हालांकि राजकपूर ने एक साक्षात्कार में कहा था कि उनके पिता किसी भी काम को छोटा नहीं समझते थे और उनसे कहते थे कि निचले पायदान से शुंआत करोगे तो एक दिन अव्वल दर्जे तक जाओगे।
जानी मानी अभिनेत्री और समाज सेविका नफीसा अली कहती हैं कि राज कपूर की सोच समय से बहुत आगे थी। वह यथार्थ को खूबसूरत तरीके से पेश करते थे। सौंदर्य के प्रति उनकी परिभाषा में एक समर्पण दिखाई देता है। कुल मिला कर राजकपूर स्वयं एक जीती जागती फिल्म थे जिसके हर पहलू का अध्ययन करने पर नए नए पहलू पता चलते जाते हैं।
राजकपूर का जन्म 14 दिसंबर 1924 को पेशावर में हुआ था और अभिनय उन्हें उनके पिता पृथ्वीराज से विरासत में मिला था। राजकपूर ने 1935 में 11 साल की उम्र में फिल्म इंकलाब में अभिनय किया था। केदार शर्मा ने राज के अंदर छिपी प्रतिभा को पहचाना और 1947 में मधुबाला के साथ फिल्म नीलकमल में बतौर हीरो लिया।
अपने वक्त के सबसे कम उम्र के निर्देशक राजकपूर ने आर के फिल्म्स की स्थापना 1948 में की और पहली फिल्म आग का निर्देशन किया। 1948 से 1988 के बीच बतौर हीरो राजकपूर ने आर के फिल्म्स के बैनर तले कई फिल्में बनायी जिसमें नर्गिस के साथ उनकी जोड़ी पर्दे की सफलतम जोडि़यों में से एक थी।
राजकपूर की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्म 1970 में प्रदर्शित हुई मेरा नाम जोकर थी जिसे बनाने की योजना 1955 में श्री 420 के निर्माण के दौरान से ही उनके दिमाग में थी। जब वे नर्गिस से अक्सर कहते थे कि खा गई ना तुम भी कपड़ों से धोखा। हालांकि इस योजना को वे 70 में अमली जामा पहना सके। लेकिन यह फिल्म बाक्स आफिस पर औंधे मुंह जा गिरी। इसके बावजूद उनका फिल्मों के प्रति जुनून खत्म नहीं हुआ। मेरा नाम जोकर की असफलता से राजकपूर को उबारा उनकी फिल्म बाबी ने जिसमें किशोर वय की प्रेमकथा का खूबसूरती से बुना गया तानाबाना था।
राजकपूर जब तक दृश्य या गीत संगीत से संतुष्ट नहीं होते थे कदम आगे नहीं बढ़ाते थे। फिल्म सत्यम शिवम सुन्दरम के क्लाइमेक्स के लिए बाढ़ के दृश्य को फिल्माने के लिए उन्होंने अपने खर्च से नदी पर बांध बनवाया और पर्याप्त पानी भर जाने के बाद उसे तुड़वा दिया। बाढ़ का वास्तविक दृश्य फिल्माने की लिए हालांकि उन्हें यह कवायद एक बार फिर लाखों रुपये खर्च कर दोहरानी पड़ी क्योंकि फिल्मांकन के बाद उन्हें यह दृश्य पसंद नहीं आया।
चार्ली चैपलिन के प्रशंसक राजकपूर के अभिनय में भी उनका प्रभाव नजर आता है। उनकी फिल्मों श्री 420 और आवारा के गाने रूस, चीन और अफ्रीका जैसे देशों में काफी लोकप्रिय रहे। संगीत की समझ रखने वाले राजकपूर ने बरसात फिल्म के साथ संगीतकार शंकर जयकिशन, गीतकार शैलेन्द्र व हसरत जयपुरी तथा गायक मुकेश को लेकर एक ऐसी मित्र मंडली बनायी जिसने उनकी फिल्मों के लिए 18 सालों तक बेहतरीन गीत-संगीत दिया।
भारत सरकार ने फिल्मों में उनके योगदान के लिए 1987 में दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से नवाजा। मानवीय जीवन के विविध रंगों को पहले पर्दे पर उकेरने वाला यह अभिनव चितेरा दो जून 1988 को नयी दिल्ली में हृदय गति रुकने के कारण दुनिया को विदा कह गया लेकिन आज भी उसकी फिल्में अहसास कराती हैं कि अपने यही दोनों जहां इसके सिवा जाना कहां..।

..और ऑटोग्राफ से भर दिया पूरा पन्ना

लोग अपने पसंदीदा कलाकार के एक ऑटोग्राफ के लिए तरसते हैं लेकिन किशोर कुमार ऐसे कलाकार थे जिन्होंने अपने एक प्रशंसक को एक ही पन्ने पर कई ऑटोग्राफ दे दिए थे। किशोर कुमार के प्रशंसक हरिकिशन गिन्नौरे बताते हैं, हम लोग अप्रैल 1979 में एक कैंप के सिलसिले में ऊटी गए थे। पता चला कि किशोर कुमार भी वहां आए हैं। वह जिस होटल में ठहरे थे, हम वहां पहुंच गए। किशोर कहीं गए थे। वह होटल आए, हमें देखा और अपने कमरे में चले गए। उनके साथ कुछ लोग और थे। उन्होंने बताया हमलोग लौटने ही वाले थे कि हमने किशोर को आते देखा। हमलोग रुक गए। उन्होंने हमें देखा और हाथ हिलाते हुए आगे बढ़े कि हम लोग दौड़कर उनके पास पहुंच गए। तब ऑटोग्राफ बुक का चलन नहीं था। हम सबने अपनी-अपनी जेब टटोली और कागज निकालकर उनके आगे कर दिए। उन्होंने सबके कागजों पर ऑटोग्राफ दिए। मेरा कागज बहुत मुड़ातुड़ा हुआ था। सबसे आखिर में मुझे ही ऑटोग्राफ मिला।
गिन्नौरे के अनुसार मैंने खराब कागज की वजह से झेंपते हुए उनसे कहा कि हमें उनके यहां होने की जानकारी नहीं थी वरना अच्छा कागज लाते। इतना कहकर मैं जाने लगा। उसी समय किशोर कुमार की आवाज आई सुनो। मैं मुड़ा, उन्होंने हाथ के इशारे से मुझे बुलाया और ऑटोग्राफ वाला कागज मांगा। मैंने दे दिया। उन्होंने पूरे पन्ने में कई ऑटोग्राफ दे दिए। आज भी मैंने उस कागज को संभालकर रखा है।
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में चार अगस्त 1929 को जन्मे किशोर कुमार बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। गाने की नई-नई शैलियों की शुरूआत करने वाले किशोर ने गायन का सफर कोरस गायक के तौर पर शुरू किया था। 1948 में बनी फिल्म जिद्दी से उनके सोलो गायन की शुरुआत हुई। संगीत की विधिवत शिक्षा लिए बिना इस गायक ने हिन्दी के अलावा बांग्ला, मराठी, असमी, गुजराती, कन्नड़, भोजपुरी, मलयालम और उडि़या भाषा में भी गीत गाए।
वर्ष 1951 में आंदोलन फिल्म से अभिनय की शुरूआत कर किशोर कुमार ने न केवल दूसरों की फिल्मों में अभिनय किया बल्कि खुद भी फिल्में बनाईं। अभिनेता के तौर पर उनकी अंतिम फिल्म थी दूर वादियों में कहीं।
फिल्म डॉन, मुकद्दर का सिकंदर, अमर अकबर एंथनी, दोस्ताना जैसी कई फिल्मों में आज के महानायक अमिताभ बच्चन के लिए गा चुके किशोर कुमार 1980 के दशक के मध्य में एक बार उनसे इसलिए नाराज हो गए थे क्योंकि अमिताभ ने किशोर की एक होम प्रोडक्शन फिल्म में अतिथि कलाकार की भूमिका नहीं की थी। किशोर ने बिग बी के लिए गाना बंद कर दिया था। बाद में सुलह हो गई।
किशोर की पत्नी योगिता बाली ने जब उनसे तलाक लेकर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती से विवाह किया तो किशोर मिथुन से रूठ गए। लेकिन फिर दोनों में सुलह हो गई।
गायक, अभिनेता, गीतकार, संगीतकार, निर्माता, निर्देशक और पटकथा लेखक किशोर कुमार ने 13 अक्तूबर 1987 को अंतिम सांस ली। मौत के पहले उन्होंने अंतिम गीत फिल्म वक्त की आवाज (1988) के लिए गाया जो मिथुन पर फिल्माया गया था।

इंटरनेट का उपयोग करने वाले पहले अभिनेता थे शम्मी कपूर

जंगली, जानवर, ब्रह्मचारी, राजकुमार, और मस्त कलंदर जैसे शब्द अगर किसी फिल्म प्रेमी के सामने कह दिए जाएं तो वह बेसाख्ता कह उठेगा.. शम्मी कपूर। जी हां याहू ब्वाय शम्मी कपूर को पहचानने के लिए ए चंद लफ़्ज़ काफी हैं। अपना 80वां जन्मदिन मना रहे शम्मी कपूर की तबीयत आज ठीक नहीं है लेकिन शाम को वह अपने शुभचिंतकों, मित्रों से भेंट करेंगे।
इन दिनों किडनी की परेशानी से जूझ रहे शम्मी कपूर का फिल्मों से लगाव कम नहीं हुआ है। वह खाली समय में खूब फिल्में देखते हैं और उनकी पसंदीदा फिल्मों में थ्री इडियट्स और मुन्नाभाई.. शामिल हैं।
आज इंटरनेट पर भले ही बॉलीवुड अभिनेताओं की भीड़ लगी है, लेकिन कम ही लोगों को मालूम होगा कि शम्मी कपूर फिल्म जगत में इंटरनेट का उपयोग करने वाले पहले अभिनेता थे। गुजरे जमाने के इस शानदार अभिनेता ने कहा भारत में इंटरनेट का प्रचलन 1995 में हुआ लेकिन मैं 1991 से ही इंटरनेट का उपयोग करता था। इस संबंध में मैंने मफतलाल, हरीश मेहता, देवांग मेहता आदि के साथ मिलकर इंटरनेट यूजर सोसाइटी बनाई थी। एप्पल कंपनी ने हमें एक अलग साइट उपलब्ध कराई थी। भारत में इंटरनेट का प्रचलन होने से काफी पहले मैंने इंटरनेट का प्रयोग शुरू कर दिया था। इस विषय में हमारी बीएसएनएल ने काफी मदद की थी।
बॉलीवुड में सर्वकालिक रोमांटिक अभिनेताओं की श्रेणी में सबसे ऊंचा मुकाम रखने वाले शम्मी कपूर को हिंदी फिल्मों के सबसे शोख, बेहद हसीन और चुलबुले हीरो के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने दर्जनों फिल्मों को अपने यादगार अभिनय से अमर कर दिया। उन्होंने कहा, अभी बीमार हूं, किडनी की परेशानी से गुजर रहा हूं। महीने में तीन बार अस्पताल जाता हूं। रिटायर हूं लेकिन इत्मीनान में हूं। खाली समय में फिल्में देखता हूं।
बॉलीवुड की आजकल की फिल्मों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा थ्री इडियट्स और मुन्नाभाई.. काफी अच्छी फिल्में हैं और इसकी पटकथा काफी जानदार है। करण जौहर भी युवाओं पर आधारित अच्छी सामयिक फिल्म बना रहे हैं। आज के दौर में शम्मी कपूर के पसंदीदा अभिनेताओं में आमिर खान, संजय दत्त आदि शामिल हैं। आमिर खान तो शम्मी कपूर को अपनी फिल्मों के लिए काफी लकी मानते हैं और अपनी फिल्मों के गानों को उनके हाथों रिलीज कराते हैं। बीमार होने के बावजूद हाल ही में उन्होंने इम्तियाज अली की फिल्म रॉक स्टार में छोटी सी भूमिका की। इस फिल्म में रणवीर कपूर ने अभिनय किया है।
कपूर खानदार के चश्मो चिराग के बारे में उनका कहना है, रणवीर काफी होनहार लड़का है, काफी मेहनत कर रहा है। एक दिन जरूर बड़ा अभिनेता बनेगा। हाल ही में मैंने दिल्ली में रणवीर के साथ इम्तियाज अली की फिल्म रॉक स्टार के लिए शूटिंग की।
शम्मी कपूर ने हालांकि स्वीकार किया कि बॉलीवुड में अभी भी पटकथा को उतनी तवज्जो नहीं दी जाती, जितनी दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा अच्छी पटकथा नहीं होना, शुरू से ही हमारी कमजोरी रही है। लेकिन जब भी अच्छी कहानी आई हैं, फिल्में हिट हुई हैं। उन्होंने कहा कि पटकथा लेखन में छोटे-छोटे स्थानों में नई और अच्छी प्रतिभाएं हैं और उन्हें मौका दिया जाना चाहिए।
यह पूछे जाने पर कि तमाम टैलेंट हंट कार्यक्रमों के बावजूद रफी, लता, मुकेश, किशोर दा जैसे गायक नहीं मिल रहे हैं और पाकिस्तान और अन्य देशों के गायक बॉलीवुड में छा गए हैं, शम्मी ने कहा कुछ अच्छे गायक जरूर आए हैं लेकिन क्या आप लता, रफी किशोर की आवाज को भूल पाएंगे। ऐसे हीरे एक दिन या एक साल में नहीं गढ़े जाते।
21 अक्तूबर 1931 को मुंबई, में जन्मे शम्मी कपूर ने कहा कि वक्त के साथ चीजें बदलती है। पुराने समय में भी कई बातें काफी खूबसूरत थी और आज भी काफी चीजें अच्छी हैं।

जब लता ने राज की बात ठुकराई

गायिका आशा भोंसले 77 से अधिक उम्र की हो गई हैं और वे एक फिल्म माई को लेकर चर्चा में हैं। वे इसमें अभिनय करेंगी। उनका रोल क्या होगा यह बाद की बात है। उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर भी चर्चित होने के बाद एक फिल्म में अभिनय करने वाली थीं, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
राजकपूर को फिल्म सत्यम शिवम सुंदरम का विषय बहुत पसंद था। दरअसल, इस विषय को को उन्होंने आर.के. फिल्म्स की स्थापना के समय ही हासिल कर लिया था। हालांकि उन्होंने इस फिल्म का निर्माण बहुत बाद में किया। गौरतलब है कि आर.के. बैनर के तले यह एकमात्र फिल्म थी, जिसमें उनके भाई शशि कपूर ने हीरो की भूमिका निभाई। हालांकि राजकपूर की पहली फिल्म आवारा में शशि कपूर बाल कलाकार शशिराज के नाम से अभिनय कर चुके थे। दरअसल, राजकपूर सत्यम शिवम सुंदरम को आवारा के बाद बनाना चाहते थे, क्योंकि यह एक ऐसी युवती की कहानी थी, जो देखने में सुंदर नहीं थी, लेकिन उसके कंठ में सरस्वती का वास था। जो बहुत मधुर बोलती है। उसकी मधुर आवाज सुनकर ही नायक उस पर मुग्ध हो जाता है। लता मंगेशकर को फिल्मों में आए कोई लंबा समय तब नहीं हुआ था और सच तो यह है कि जिन फिल्मों ने उन्हें देशव्यापी लोकप्रियता दिलाई थी, उनमें राजकपूर की फिल्मों का बहुत योगदान था। बरसात और आवारा में लता के गाये गीत घर-घर गुनगुनाए जा रहे थे। एक प्रकार से मुकेश और लता मंगेशकर आर.के. कैंप के सदस्य बन गए थे। राजकपूर ने सत्यम शिवम सुन्दरम बनाने की योजना बनाई। वे चाहते थे कि नायिका का रोल लता मंगेशकर ही निभाएं और हीरो बनें संगीत निर्देशक शंकर-जयकिशन की जोड़ी के जयकिशन। लता को अभिनय का अनुभव था। वे करीब आधा दर्जन फिल्मों में छोटे-छोटे रोल कर चुकी थीं। इनमें मराठी और हिंदी की फिल्में थीं। राजकपूर ने लता मंगेशकर और जयकिशन के सामने प्रस्ताव रखा। जयकिशन तो हीरो बनने को तैयार हो गए, लेकिन लता को यह प्रस्ताव नहीं पसंद आया। शायद इसलिए भी कि यह एक बदसूरत शक्ल वाली युवती की कहानी थी। जब लता ने प्रस्ताव ठुकरा दिया, तो राजकपूर ने उस प्रोजेक्ट को ठंडे बस्ते में डाल दिया। वे और फिल्मों में व्यस्त हो गए। आह, जिस देश में गंगा बहती है, संगम, मेरा नाम जोकर, बॉबी से लेकर धरम करम आदि तक पहुंच गए। राजकपूर फिल्में बनाते रहे, लेकिन उनके जेहन से सत्यम शिवम सुन्दरम का विषय ओझल नहीं हुआ था। यही वजह है कि धरम करम की रिलीज के बाद उन्होंने फिर अपने प्रिय कथानक को फिल्माने का निर्णय लिया। जाहिर था कि लता मंगेशकर को हीरोइन बनाने का अब प्रश्न नहीं था और जयकिशन दुनिया से गुजर चुके थे। अब उन्होंने गीतों को सुरों में ढालने की जिम्मेदारी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल को सौंपी। गीत लता मंगेशकर से ही गवाया। लता मंगेशकर वाला रोल जीनत अमान और जयकिशन वाला रोल शशि कपूर को दी और यह फिल्म पूरी हुई। लता को लोगों ने पर्दे पर तो नहीं देखा, लेकिन उनके गाये सत्यम शिवम सुंदरम के सभी गीत खूब पसंद किए गए। ये गीत तब भी सुने गए और आज भी सुने जाते हैं।

मुन्नी बदनाम हुई..गिनीज़ बुक तेरे लिए !

सलमान ख़ान अभिनीत 'दबंग' के सुपरहिट गाने 'मुन्नी बदनाम हुई' ने ज़बरदस्त धूम मचाई. अब इसे गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल कर लिया गया है.

दरअसल अभिनेत्री मलाइका अरोरा ख़ान ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबोर्न शहर में 1,200 लोगों के साथ तीन मिनट तक इस गाने पर डांस किया, जो एक नया विश्व रिकॉर्ड है.

मलाइका ने ही फ़िल्म में भी इस गाने पर डांस किया था. ये डांस मेलबोर्न पार्क में इंडियन फ़िल्म फ़ेस्टिवल के तहत परफॉर्म किया गया था.

ये समारोह ऑस्ट्रेलिया में भारतीय फ़िल्मों को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया गया था. इससे पहले सिंगापुर में एक गाने पर 1008 लोगों ने डांस किया था. जो पिछला विश्व रिकॉर्ड था.

गाने को लिखने वाले और संगीतबद्ध करने वाले ललित पंडित ये ख़बर सुनकर ख़ासे उत्साहित हैं.

"इस रिकॉर्ड ने साबित कर दिया कि मुन्नी का जादू विदेश में भी सर चढ़कर बोल रहा है. हालांकि मुझे पहले कभी लगा नहीं था कि ये गाना गिनीज़ बुक में दर्ज होगा."

लेकिन ललित पंडित ने ये भी कहा कि गीतकार और संगीतकार होने के नाते इस रिकॉर्ड में उनके नाम का भी ज़िक्र होना चाहिए.

मेलबोर्न में हुए इस समारोह में अभिनेत्री विद्या बालन, फ़िल्म नो वन किल्ड जेसिका के निर्देशक राजकुमार गुप्ता, निर्देशक कबीर ख़ान और पाकिस्तानी पॉप गायक और अभिनेता अली ज़फ़र भी मौजूद रहे.

बांध कर करा दो सलमान की शादी: आमिर


सलमान 46 साल के हो चुके हैं. मीडिया में उनके कई अभिनेत्रियों के साथ बनते बिगड़ते रिश्तों की चर्चा आए दिन होती रही है, लेकिन अब तक उन्होंने शादी नहीं की.

उनके हमउम्र अभिनेता और सलमान के दोस्त आमिर ख़ान तो इस पक्ष में हैं कि सलमान सीधे-सीधे तो शादी के लिए मानेंगे नहीं तो उनकी शादी के लिए कुछ ख़ास करना पड़ेगा.

मुंबई में एक कैफ़े के उद्घाटन के मौके पर पहुंचे आमिर से जब सलमान की शादी का ज़िक्र किया गया तो वो हंसते हुए बोले, "सलमान शादी करने को तैयार ही नहीं हो रहे हैं. अब तो उनके साथ ज़बरदस्ती करनी पड़ेगी और उनके हाथ-पैर बांधकर उनकी शादी करानी पड़ेगी."

इससे पहले भी कई मौकों पर आमिर ख़ान कह चुके हैं कि उन्हें सलमान की शादी का बेसब्री से इंतज़ार है.

जब आमिर से पूछा गया कि वो और सलमान कब एक साथ फ़िल्म में नज़र आएंगे. इस पर आमिर ने कहा, "जैसे ही कोई बढ़िया स्क्रिप्ट आएगी और मुझे पसंद आएगी तो हम दोनों ज़रूर साथ में काम करेंगे."

आमिर और सलमान ने साथ-साथ 1994 में रिलीज़ राजकुमार संतोषी निर्देशित 'अंदाज़ अपना-अपना' में काम किया था. फ़िल्म में दोनों की कॉमेडी को लोगों ने भरपूर पसंद किया था. लेकिन उसके बाद दोनों ने कोई फ़िल्म साथ में नहीं की.

उस वक़्त मीडिया में ऐसी ख़बरें आईं कि आमिर और सलमान के बीच मनमुटाव हो गया है और आमिर ने कथित तौर पर ये भी कहा था कि वो भविष्य में सलमान के साथ कोई फ़िल्म नहीं करेंगे.

लेकिन बीते कुछ सालों में आमिर और सलमान एक दूसरे के काफ़ी नज़दीक आ चुके हैं. दोनों समय-समय पर एक-दूसरे की फ़िल्मों की काफ़ी तारीफ़ भी करते रहते हैं.

Wednesday, May 4, 2011

जया के साथ फ़िल्म करने की तमन्ना-अमिताभ

ज़ंजीर, शोले, अभिमान, चुपके-चुपके, मिली और सिलसिला जैसी बेहद मशहूर फ़िल्मों में अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की जोड़ी को दर्शकों ने ख़ूब पसंद किया. लेकिन लंबे अरसे से दोनों ने साथ में कोई फ़िल्म नहीं की है.

दोनों आखिरी बार किसी फ़िल्म में साथ नज़र आए थे तो वो थी करण जौहर की कभी ख़ुशी कभी ग़म.

अब अमिताभ बच्चन चाहते हैं कि वो अपनी पत्नी के साथ और फ़िल्में करें.

अमिताभ ने मुंबई में एक ब्रांड प्रमोशन के दौरान अपनी ये इच्छा ज़ाहिर की.

दरअसल हाल ही में पहली बार दोनों एक टीवी विज्ञापन में नज़र आए. उसमें जया बच्चन के साथ काम करने का अनुभव अमिताभ ने कुछ यूं बयां किया, "कभी ख़ुशी कभी ग़म के बाद हम पहली बार कैमरे के सामने आए. दरअसल हमने पहले कई फ़िल्में साथ में कीं. फिर हमें लगा चलो बहुत हो गया अब हमें साथ में काम करना बंद कर देना चाहिए. लेकिन इस विज्ञापन में काम करने के दौरान मुझे और जया दोनों को लगा कि हमें तो साथ में और भी काम करना चाहिए."

हालांकि दोनों की ज़्यादातर कामयाब फ़िल्में शादी से पहले की ही हैं.

शादी के बाद जया बच्चन ने फ़िल्मों में काम करना लगभग बंद कर दिया था.

शादी के क़रीब आठ साल बाद दोनों यश चोपड़ा की फ़िल्म सिलसिला में साथ दिखे.

लता मंगेशकर का सुरीला सफ़र


स्वर साम्राज्ञी, बुलबुले हिंद और कोकिला जैसे सारे विशेषण जो लता मंगेशकर के लिए गढ़े गए वे हमेशा ही नाकाफ़ी लगते रहे हैं.

महाराष्ट्र में एक थिएटर कंपनी चलाने वाले अपने ज़माने के मशहूर कलाकार दीनानाथ मंगेशकर की बड़ी बेटी लता का जन्म 28 सितंबर 1929 को इंदौर में हुआ.

मधुबाला से लेकर माधुरी दीक्षित और काजोल तक हिंदी सिनेमा के स्क्रीन पर शायद ही ऐसी कोई बड़ी तारिका रही हो जिसे लता मंगेशकर ने अपनी आवाज़ उधार न दी हो.

बीस से अधिक भारतीय भाषाओं में लता ने 30 हज़ार से अधिक गाने गए, 1991 में ही गिनीस बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने माना था कि वे दुनिया भर में सबसे अधिक रिकॉर्ड की गई गायिका हैं.

भजन, ग़ज़ल, क़व्वाली शास्त्रीय संगीत हो या फिर आम फ़िल्मी गाने लता ने सबको एक जैसी महारत के साथ गाया.

लता मंगेशकर की गायिका के दीवानों की संख्या लाखों में नहीं बल्कि करोड़ों में है और आधी सदी के अपने करियर में उनका कोई सानी कभी नहीं रहा.
जब भारत छोड़ो आंदोलन अपने शीर्ष पर था तब 1942 में सिर्फ़ 13 वर्ष की लता को छोड़कर उनके पिता दुनिया से विदा हो गए, उनके कंधों पर पूरे परिवार का ख़र्च चलाने की ज़िम्मेदारी आ गई.
उस्ताद अमान अली ख़ान और अमानत ख़ान से संगीत की शिक्षा लेने वाली लता को रोज़ी-रोटी चलाने के लिए संघर्ष शुरू करना पड़ा, उन्होंने 1942 में ही एक मराठी फ़िल्म 'किती हासिल' में गाना गाकर अपने करियर की शुरूआत की लेकिन बाद में यह गाना फ़िल्म से हटा दिया गया.
इसके पाँच साल बाद भारत आज़ाद हुआ और लता मंगेशकर ने हिंदी फ़िल्मों में गायन की शुरूआत की, 'आपकी सेवा में' पहली फ़िल्म थी जिसे उन्होंने अपने गायन से सजाया लेकिन उनके गाने ने कोई ख़ास चर्चा नहीं हुई.
लता का सितारा पहली बार 1949 में चमका और ऐसा चमका कि उसकी कोई मिसाल नहीं मिलती, इसी वर्ष चार फ़िल्में रिलीज़ हुईं--'बरसात', 'दुलारी', 'महल' और 'अंदाज़'.

'महल' में उनका गाया गाना 'आएगा आने वाला आएगा' के फौरन बाद हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री ने मान लिया कि यह नई आवाज़ बहुत दूर तक जाएगी, यह वह ज़माना था जब हिंदी फ़िल्मी संगीत पर शमशाद बेग़म, नूरजहाँ और ज़ोहराबाई अंबालेवाली जैसी वज़नदार आवाज़ वाली गायिकाओं का राज चलता था.
लता मंगेशकर को शुरू के वर्षों में काफ़ी संघर्ष करना पड़ा कई फ़िल्म प्रोड्यूसरों और संगीत निर्देशकों ने यह कहकर उन्हें गाने का मौक़ा देने से इनकार कर दिया कि उनकी आवाज़ बहुत महीन है.

ओपी नैयर को छोड़कर लता मंगेशकर ने हर बड़े संगीतकार के साथ काम किया, मदनमोहन की ग़ज़लें और सी रामचंद्र के भजन लोगों के मन-मस्तिष्क पर अमिट छाप छोड़ चुके हैं.

पचास के दशक में नूरजहाँ के पाकिस्तान चले जाने के बाद लता मंगेशकर ने हिंदी फिल्म पार्श्वगायन में एकछत्र साम्राज्य स्थापित कर लिया, कोई ऐसी गायिका कभी नहीं आई जिसने उनके के लिए कोई ठोस चुनौती पेश की हो.

बेमिसाल और सर्वदा शीर्ष पर रहने के बावजूद लता ने बेहतरीन गायन के लिए रियाज़ के नियम का हमेशा पालन किया, उनके साथ काम करने वाले हर संगीतकार ने यही कहा कि वे गाने में चार चाँद लगाने के लिए हमेशा कड़ी मेहनत करती रहीं.

लता को सबसे बड़ा अवार्ड तो यही मिला है कि अपने करोड़ों प्रशंसकों के बीच उनका दर्जा एक पूजनीय हस्ती का है, वैसे फ़िल्म जगत का सबसे बड़ा सम्मान दादा साहब फ़ाल्के अवार्ड और देश का सबसे बड़ा सम्मान 'भारत रत्न' लता मंगेशकर को मिल चुका है.

'सलीम से अलग थी दिलीप कुमार की शख़्सियत'



फ़िल्म में दिलीप कुमार ने शहज़ादे सलीम का किरदार अदा किया.

लता कहती हैं "दिलीप साहब का चेहरा-मोहरा और व्यक्तित्व बिलकुल आधुनिक था. वो ऐतिहासिक किरदार से बिलकुल अलग था. लेकिन उन्होंने बहुत ही ज़बरदस्त काम किया."

लता के मुताबिक दिलीप साहब गोरे हैं लेकिन उनको मेक-अप करके थोड़ा काला चेहरा किया गया, क्योंकि सलीम थोड़े काले थे.

सिर्फ़ दिलीप ही नहीं लता दीदी ने पृथ्वीराज कपूर, दुर्गा खोटे और मधुबाला के अभिनय की भी जमकर तारीफ़ की.

पृथ्वीराज कपूर के बारे में लता मंगेशकर कहती हैं "वो अकबर के किरदार में खूब जंचे. उनका व्यक्तित्व, डील-डौल बिलकुल उस किरदार के हिसाब से फ़िट था."

इस फ़िल्म के मशहूर गाने 'प्यार किया तो डरना क्या' के बारे में लता मंगेशकर ने कहा "गाना बना तो अच्छा था ही, के. आसिफ़ साहब ने इसका फ़िल्मांकन भी बहुत अच्छा किया. सितारा देवी ने गाने को कोरियोग्राफ किया, और मधुबाला ने बहुत सुंदर नृत्य किया."

लता ने बताया कि इस गाने का आख़िरी हिस्सा, जिसमें मधुबाला शीशे के कई टुकड़ों में नाचते हुए नज़र आतीं हैं, उन्होंने महबूब स्टूडियो में खड़े होकर गाया था. जहां इस गाने के लिए बहुत महंगा सेट लगाया गया था.

फ़िल्म का संगीत नौशाद ने दिया था, जो लता मंगेशकर को अपनी बहन मानते थे. लता ने बताया कि फ़िल्म के एक-एक गाने के लिए नौशाद साहब के घर पर कई-कई घंटो की रिहर्सल होती थी. पहले बिना संगीत के वो गाना गवाते थे, फिर संगीत के साथ रिहर्सल होती थी.

मुग़ल-ए-आज़म 5 अगस्त 1960 को रिलीज़ हुई थी, और इसने बॉक्स ऑफ़िस के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए थे. के. आसिफ़ इसके निर्देशक थे.

यूसुफ़ साहब के सामने बोलती बंद-आमिर ख़ान


मुंबई में दिलीप साहब के साथ एक समारोह में पहुंचे आमिर ख़ान ने कहा, "मुझे यूसुफ़ साहब बेहद पसंद हैं. उनके सामने तो मेरी बोलती बंद हो जाती है."
आमिर ख़ान और दिलीप कुमार फ़िल्म और टीवी कलाकारों की संस्था 'सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन एंड सिने आर्टिस्ट वैलफ़ेयर ट्रस्ट' (सिंटा) की एक इमारत की नींव रखने के मौके पर पहुंचे. ये इमारत जूनियर और संघर्षशील कलाकारों के लिए बनाई जा रही है.
आमिर ख़ान ने बताया कि अभिनय के क्षेत्र में अपनी किस्मत आज़माने के लिए जो नए कलाकार दूसरे शहरों से मुंबई आते हैं उन्हें यहां रहने के लिए काफ़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. उन्हीं के लिए तमाम सुविधाओं से युक्त ये इमारत बनाई जा रही है.
इन जूनियर और नए कलाकारों के हित के लिए सिंटा के सदस्य कलाकारों ने पाँच करोड़ रुपए जुटाए.
अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती भी इस मुहिम से जुड़े हैं. दिलीप कुमार ने इस मिशन के लिए 15 लाख रुपए की सहायता देने का ऐलान किया.
मिथुन चक्रवर्ती ने बताया कि पूरी फ़िल्म इंडस्ट्री इस मुहिम से जुड़ी है और आगे भी इसके लिए फ़ंड इकट्ठा करने के लिए आमिर ख़ान समेत दूसरे बड़े कलाकार भी सामने आएंगे.

      जब किशोर ने वित्तीय मदद की पेशकश की

      शायद बहुत कम लोगों को पता होगा कि सदाबहार गायक किशोर कुमार ने अपने मामा सत्यजीत रे को पाथेर पंचाली बनाने के समय वित्तीय मदद की पेशकश की थी क्योंकि उन दिनों 1955 में फिल्म की शूटिंग के समय सत्यजीत गंभीर वित्तीय संकट से गुजर रहे थे।

      1970 और 80 के दशक में बंबई फिल्म आकाश पर गायन क्षेत्र में छाए रहने वाले किशोर ने सत्यजीत की एक अन्य फिल्म चारूलता में गाना गाने के लिए मेहनताना लेने से भी इंकार कर दिया था और कहा था कि इस फिल्म का हिस्सा होना ही उनके लिए सौभाग्य की बात है।

      सत्यजीत रे के बेटे और फिल्म निर्माता संदीप रे ने किशोर कुमार की जीवन पर एक बेहतरीन वृत्तचित्र का निर्माण किया है। सदाबहार गायक किशोर कुमार के गाने आज भी असंख्य संगीत प्रेमियों के कानों में गूंजते रहते हैं।

      किशोर के जीवन पर बनी वृत्तचित्र जिंदगी एक सफर (लाइफ ए लांग जर्नी) में उनके जीवन के विभिन्न और अनछुए पहलुओं को बहुत ही बारीकी से और बखूबी दिखाया गया है। उदाहरण के तौर पर उन्हें दुनिया भर के फिल्मों के कैसेट संग्रह करना बहुत पसंद था। उन्होंने 3500 से अधिक फिल्मों के विडियो कैसेट का संग्रह बना रखा था।

      वृत्तचित्र में किशोर के बारे में सत्यजीत का साक्षात्कार है। इसके साथ-साथ उसमें उनका एक दुर्लभ फोटो है और सुप्रसिद्ध पा‌र्श्वगायिका लता मंगेशकर, आशा भोसले के साथ-साथ आर डी बर्मन, अमिताभ बच्चन, शाहरूख खान और गायक शान द्वारा दी गई श्रद्धांजलि भी है। संदीप ने कहा कि वृत्तचित्र का निर्माण किशोर कुमार केबेटे अमित कुमार और दूरदर्शन की मदद के बिना नहीं हो पाता, जिन्होंने उनसे संबंधित जानकारी दी और वीडियो उपलब्ध कराए। उन्होंने बताया कि यह वृत्तचित्र किशोर कुमार के निधन के एक साल बाद 1989 में ही तैयार हो गई था लेकिन यह पहले विडियो कैसेट के रूप में था जिसे बदलकर डीवीडी के रूप में कर दिया गया है जिससे उसकी अवधि चार घंटे की हो गई है।

      उन्होंने बताया कि विडियो संपादन के दौरान उसके कुछ पुराने हिस्से को हटा दिया गया है और उसमें खान एवं शान के साक्षात्कार जोड़े गए हैं। किशोर एक बेहतरीन गायक के अलावा संगीतकार, निर्माता, निर्देशक, पटकथा लेखक के साथ उम्दा अभिनेता भी थे।

      राजकुमारों जैसी जिंदगी जी मैंने: शम्मी कपूर

      मैने ऐसी जिंदगी बिताई है जो सभी को नसीब नहीं होती। सही मायने में कहूं तो मैंने जिंदगी वाकई एक राजकुमार की तरह जी है। यह कहना है जिंदगी के 78 बसंत देख चुके मशहूर बॉलीवुड अभिनेता शम्मी कपूर का।

      बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता पृथ्वीराज कपूर के दूसरे बेटे शम्मी राज कपूर ने अपने फिल्मी करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। अपनी ढलती उम्र के बावजूद तंदुरुस्त सेहत की बाबत शम्मी कहते हैं मैं कोई सुपरमैन नहीं हूं लेकिन अपनी तमाम इच्छाशक्ति और दिमागी कसरत की मदद से खुद को फिट रखता हूं। वर्ष 1953 में जीवन ज्योति से अपना करियर शुरू करने के पहले शम्मी अपने पिता के साथ थिएटर में काम किया करते थे। उन्हें इस फिल्म से निराशा हाथ लगी क्योंकि बॉक्स ऑफिस पर यह बुरी तरह पिट गई। वर्ष 1961 में रिलीज हुई शम्मी और सायरा बानो अभिनीत जंगली ने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार धमाका किया और शम्मी रातों-रात सुपरस्टार बन गए। जंगली से पहले 1957 में रिलीज हुई तुम सा नहीं देखा ने भी सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन किया और यह शम्मी की पहली कामयाब फिल्म थी।

      शम्मी ने अपने करियर के दौरान अपने जमाने की तमाम बेहतरीन अदाकरा मधुबाला, नूतन और सुरैया के साथ काम किया। इसके अलावा उन्होंने फिल्मी दुनिया में कदम रख रही अभिनेत्रियों चांद उस्मानी, आशा पारेख, कल्पना और अमीता के साथ भी काम किया। आशा पारिख के साथ शम्मी ने तुम सा नहीं देखा में काम किया और यह फिल्म हिट रही। नई अभिनेत्रियों के साथ काम करने का अपना तजुर्बा बयान करते हुए शम्मी कहते हैं कि उनके साथ काम करना इस मायने में अच्छा होता है कि उनके नखरे खुद को स्टार समझने वाली अभिनेत्रियों की तरह नहीं होते। वर्ष 2002 तक फिल्मों में किरदार निभाने वाले शम्मी ने अपने करियर में हर तरह की फिल्मों में काम किया है। एक तरफ उन्होंने चाइना टाउन जैसी थ्रिलर जबकि कश्मीर की कली जैसी रोमांस से भरपूर फिल्म में अपने अभिनय से लाखों लोगों को अपना मुरीद बनाया तो वहीं दूसरी ओर सिंगापुर जैसी कॉमेडी और एन इवनिंग इन पेरिस जैसी सफर के दौरान हुए इश्क पर बनी उनकी फिल्म को भी खूब सराहा गया।

      शम्मी कपूर ने 1990 में बांग्ला फिल्म पारापार में भी काम किया था। इसका निर्देशन तापस पाल ने किया था। शम्मी को ब्रह्मचारी के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जबकि विधाता के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के पुरस्कार से नवाजा गया। वर्ष 1995 में उन्हें लाइफटाइम एचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया।

      राज के लाले दिलीप कुमार


      सन् 1982 की सर्दी की एक रात। पाली हिल केएक बंगले में आधी रात के बाद टेलीफोन की घंटी घनघना उठी। उनींदी अवस्था में एक व्यक्ति ने रिसीवर उठाया। दूसरी ओर से आवाज आई, मैं राज। अभी तेरी फिल्म शक्ति देखी, लाले.. बस हो गया फैसला कि इस देश में केवल एक ही दिलीप कुमार है। उसके लेवल को कोई छू ही नहीं सकता!

      राज का मतलब था राज कपूर। हिंदी फिल्मों के मशहूर ऐक्टर, डायरेक्टर और फिल्म-मेकर राज कपूर..। हिंदी फिल्मों के सबसे बड़े शो मैन आर के प्रशंसा कर रहे थे और फोन रिसीव करने वाला व्यक्ति और कोई नहीं, खुद अभिनय की पाठशाला दर्दीले नायक दिलीप कुमार थे।

      कहते हैं, फिल्म प्रेम रोग की शूटिंग के दौरान एक दृश्य में ऋषि कपूर के अभिनय से राज कपूर संतुष्ट नहीं हो रहे थे। ऋषि भी बार-बार की रिटेक से थक गए थे। दरअसल, उनकी समझ में नहीं आ रहा था कि पिता को कैसे संतुष्ट करें! उधर राज कपूर भी बेचैन थे। आखिरकार कैमरे के पीछे से चीखते हुए उन्होंने कहा, चिंटू, मुझे इस दृश्य में यूसुफ चाहिए। एक बार तो चिंटू की समझ में नहीं आया। उन्होंने सवालिया निगाहों से पिता की ओर देखा, तो राज कपूर ने समझाया, बेटा, इस दृश्य में यूसुफ साहब जैसा एक्सप्रेशन चाहिए।

      दिलीप कुमार, राज कपूर और देव आनंद की त्रयी मशहूर थी। इनमें से देव आनंद ने 1994 में कहा था, दिलीप कुमार ने ऐक्टिंग की ऊंचाइयां छू ली हैं। तीनों सुपर स्टार एक-दूसरे की इज्जत और कद्र करना जानते थे और मौका मिलने पर दूसरे की तारीफ करने से नहीं चूकते थे। सुपर स्टार अमिताभ बच्चन ने दिलीप साहब को दादा साहब फालके पुरस्कार मिलने के समय लिखा था, उत्तम नहीं, सर्वोत्तम हैं दिलीप कुमार। अमिताभ बच्चन हमेशा उनकी तारीफ करते हैं। एक बार उन्होंने यहां तक कहा, अगर कोई ऐक्टर यह कह रहा है कि वह दिलीप कुमार से प्रभावित नहीं है, तो वह झूठ बोल रहा है। वे आमतौर पर रिटेक नहीं देते, लेकिन शक्ति के सेट पर कई रिटेक हुए। शूटिंग के आरंभ में शूट किए गए वे दृश्य फिल्म के क्लाइमेक्स में इस्तेमाल किए गए थे। उस दृश्य में दिलीप कुमार भाग रहे अमिताभ बच्चन का पीछा करते हैं। दृश्य में अमिताभ बच्चन को पलटकर दिलीप कुमार की आंखों में देखना था और फिर दौड़ना था। अमिताभ बच्चन ने लिखा है, दिलीप साहब की आंखों में देखने के बाद मैं अगला ऐक्शन भूल गया और फिर अनेक रिटेक हुए। दिलीप साहब के अभिनय की सबसे बड़ी खूबी है कि वे दृश्य में मौजूद सभी कलाकारों से रिश्ता बनाते हैं और रिटेक करना पड़ सकता है, इसलिए पुरानी ऊर्जा बरकरार रखते हैं और सामने वाले ऐक्टर की मदद भी करते हैं। सन 2005 में कमल हासन ने स्वीकार किया था, मैं अपने आदर्श दिलीप कुमार के बारे यही कहूंगा कि वे महान ऐक्टर हैं। मैंने उनके पास गंगा जमुना का पोस्टर ऑटोग्राफ के लिए भेजा था। राजकुमार और दिलीप कुमार अभिनीत फिल्म सौदागर फिल्मी दर्शकों को जरूर याद होगी। इसमें सुभाष घई ने जब दिलीप कुमार के साथ राजकुमार को लेने की बात सोची, तो उन्हें सभी ने मना किया। उन्हें सावधान किया गया कि फिल्म कभी पूरी नहीं हो पाएगी! घई ने तब राजकुमार से पूछा, क्या उन्हें दिलीप कुमार के साथ काम करने में कोई परेशानी है? राजकुमार ने पलटकर पूछा था, कैसी परेशानी, जानी? उनसे कैसी दिक्कत, वे तो मेरे प्रेरणा स्रोत हैं।

      आज के पॉपुलर स्टार आमिर खान भी दिलीप साहब की तारीफ करते नहीं थकते। वे कहते हैं, दिलीप कुमार वह शख्सीयत हैं, जिनके कदमों पर चलते हुए न जाने कितने अभिनेता ऊंचे मुकाम पर पहुंचे हैं। साल-दर-साल बीत जाएंगे, लेकिन दशकों और सदियों बाद भी वे हर नए ऐक्टर के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। सच तो यह है कि नई प्रतिभा उनकी फिल्में देखकर सीखती रहेंगी।

      जीवित किंवदंती बन गए थे रामानंद सागर


      वह रविवार की सुबह होती थी जब सड़कें सुनसान हो जाती थीं और लोग अपना कामकाज छोड़कर टेलीविजन से चिपक जाते थे अपना सर्वाधिक पसंदीदा धारावाहिक रामायण देखने के लिए।

      देश और दुनिया के लाखों टेलीविजन दर्शकों पर जादू करने वाले इस धारावाहिक को रामानंद सागर ने जिस तरह पेश किया था उसके चलते वह दर्शकों के बीच एक जीवित किंवदंती बन गए थे। उस समय टेलीविजन हालांकि बहुत कम घरों में होता था फिर भी रामानंद सागर का नाम हर कोई जानता था। रामायण देखने के लिए आलम यह होता था कि लोग रविवार की सुबह का बड़ी बेसब्री से इंतजार करते थे और एक-एक टेलीविजन सेट पर गांव-मोहल्ले के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ता था। बस और ट्रकों के ड्राइवर अपने वाहनों को ब्रेक लगाकर रामायण देखने के लिए किसी ढाबे में लगे टेलीविजन से चिपक जाते थे।
      रामानंद सागर छोटे परदे के क्षेत्र में अपने पीछे एक ऐसा करियर छोड़ गए हैं जो किसी विरले को ही नसीब होता है। प्रतिभा के मामले में वह सागर की भांति ही गहरे और विशाल थे। रामानंद सागर का जन्म लाहौर के नजदीक असल गुरु नामक स्थान पर 29 दिसंबर 1927 को एक धनाढय परिवार में हुआ था।

      रामानंद को उनकी नानी ने गोद लिया था। पहले उनका नाम चंद्रमौली था लेकिन नानी ने उनका नाम बदलकर रामानंद रख दिया। रामानंद सागर अक्सर स्वीकार करते थे कि उन्हें अपने असल माता पिता का प्यार नहीं मिला। जब वह 16 साल के थे तो उनकी गद्य कविता श्रीनगर स्थित प्रताप कालेज की मैगजीन में प्रकाशित होने के लिए चुनी गई। दहेज प्रथा को अस्वीकार करने के कारण जब उन्हें घर से बाहर कर दिया गया तो जिन्दगी जीने के लिए उनका संघर्ष शुरू हो गया। युवा रामानंद ने पढ़ाई जारी रखने के लिए ट्रक क्लीनर और चपरासी के रूप में नौकरी की। वह दिन में काम करते और रात को पढ़ाई। मेधावी होने के कारण उन्हें पंजाब विश्वविद्यालय [पाकिस्तान] से स्वर्ण पदक मिला और फारसी भाषा में निपुणता के लिए उन्हें मुंशी फजल के खिताब से नवाजा गया। इसके बाद सागर एक पत्रकार बन गए और जल्द ही वह एक अखबार में समाचार संपादक के पद तक पहुंच गए। उन्होंने 22 छोटी कहानियां, तीन वृहत लघु कहानी, दो क्रमिक कहानियां और दो नाटक लिखे।

      उन्होंने इन्हें अपने तखल्लुस चोपड़ा, बेदी और कश्मीरी के नाम से लिखा लेकिन बाद में वह सागर तखल्लुस के साथ हमेशा के लिए रामानंद सागर बन गए।

      रामानंद जब बंटवारे के समय 1947 में भारत आए तो उस वक्त उनके पास संपत्ति के रूप में महज पांच आने थे। भारत में वह फिल्म क्षेत्र से जुड़े और 1950 में खुद की प्रोडक्शन कंपनी सागर आ‌र्ट्स बनाई जिसकी पहली फिल्म मेहमान थी।

      वर्ष 1985 में वह छोटे परदे की दुनिया में उतर गए और विक्रम बेताल, दादा-दादी की कहानियां, रामायण, कृष्णा, अलिफ लैला और जय गंगा मैया जैसे सुपर-डुपर हिट धारावाहिक बनाए। धारावाहिक रामायण ने लोगों के दिलों में रामानंद सागर की छवि एक आदर्श व्यक्ति के रूप में बना दी।

      एक थी बीना राय


      पर्दे पर गीत ये जिंदगी उसी की है, जो किसी का हो गया, प्यार ही में खो गया. गाती हुई फिल्म अनारकली की अनारकली ऐसी लगती थीं, मानो दर्शक उन्हें फिल्मी पर्दे पर नहीं, साक्षात देख रहे हों। गीत में उनकी अदायगी ही ऐसी थी। ठीक इसी तरह फिल्म ताजमहल का गीत जो वादा किया वो निभाना पडे़गा.. में बादलों में छिपती मुमताज को देखकर जरा भी नहीं लगता कि दर्शक कोई फिल्म देख रहे हैं। वे मुग्ध हो शाहजहां की मुमताज को देखते थे। पर्दे पर इन दो सदाबहार गीतों में लोगों ने अभिनेत्री बीना राय को देखा। उनके अभिनय में शोखी तो थी ही, सुंदरता भी उनके अभिनय में चार चांद लगाती थी। बीना राय का पांच दिसंबर को दिल का दौरा पड़ने से मुंबई में निधन हो गया। हालांकि उन्हें आज के दर्शक भुला चुके हैं। आज वे कलाकार ही याद किए जाते हैं, जो फिल्माकाश में चमक रहे होते हैं। उन्हीं का नाम लोगों की जुबां पर होता है।

      बीना राय ने करीब 27 फिल्में कीं, लेकिन उन्हें लोग आज भी ताजमहल की मुमताज और अनारकली की अनारकली के रूप में याद करते हैं। इस किरदार को निभाकर वे अमर हो गई। उनकी अंतिम फिल्म विजय भट्ट की राम राज्य 1967 में आई थी। उसके बाद वे पूरी तरह घर-परिवार की होकर रह गई। बीना राय की पहली फिल्म थी काली घटा (1951)। किशोर साहू निर्मित-निर्देशित इस फिल्म के संगीतकार थे शंकर-जयकिशन। अन्य कलाकार थे किशोर साहू, आशा माथुर, जीवन, उल्हास और कुक्कू। अपनी सुंदरता को लेकर चर्चित रहीं बीना राय ने अपने समय के दर्शकों को जिस तरह दीवाना बनाया, उसकी कहानी आज भी उस समय के फिल्म दर्शक बड़े चाव से सुनाते हैं।

      बीना राय मूल रूप से लखनऊ की थीं। उनका जन्म तेरह जुलाई उन्नीस सौ इकतीस को लखनऊ में हुआ और पढ़ाई-लिखाई दिल्ली में हुई। उनके पिता रेलवे में अधिकारी थे। पिता नहीं चाहते थे कि बेटी फिल्मों में काम करे, लेकिन बीना राय की इच्छा थी फिल्मों में काम करने की। यह बात सन 1950 की है। एक दिन अखबार में विज्ञापन दिखा, जिसमें किशोर साहू को फिल्म काली घटा के लिए नई अभिनेत्रियों की जरूरत थी। बीना राय घर वालों से बात करके बंबई के लिए रवाना हो गई। बंबई आकर किशोर साहू से मिलीं। कुछ समय बाद ही उन्होंने फिल्म की मुख्य भूमिका के लिए बीना राय का चयन कर लिया। बीना तब तक कृष्णा सरीन थीं। किशोर साहू ने उन्हें नया नाम दिया बीना राय। फिल्म काली घटा के बाद आई सपना (1953)। इस फिल्म में भी उनके हीरो थे किशोर साहू। उनकी तीसरी फिल्म थी फिल्मिस्तान की प्रदीप कुमार के साथ अनारकली (1953)। इसके गीतकार थे राजेंद्र कृष्ण और संगीतकार सी. रामचंद्र। नंदलाल-जसवंतलाल निर्देशित सुरीले गीत-संगीत से सजी इस फिल्म ने सफलता हासिल की और बीना राय तब की स्टार हीरोइन हो गई। फिल्म का एक गीत ये जिंदगी उसी की है जो किसी का हो गया.. यादगार गीतों में शुमार हो गया। लोग इस गीत को पर्दे पर उन्हें गाते देख पागल हो जाते थे। इसके बाद उनकी जो भी फिल्में आई, उनके नाम पर दर्शक फिल्म को देखने दौड़ पड़ते। एक के बाद एक उनकी सभी फिल्में सफल होती गई। जब वे चर्चा में थीं, तभी उन्होंने अभिनेता प्रेमनाथ से विवाह कर लिया। भगवानदास वर्मा निर्मित फिल्म औरत (1953) प्रेमनाथ के साथ बीना राय की पहली फिल्म थी। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों के बीच प्यार हुआ। कुछ ही समय बाद दोनों ने शादी कर ली। आज की हीरोइनें चर्चा में रहते हुए शादी नहीं करतीं, लेकिन बीना राय ने ऐसा नहीं सोचा। इसकी वजह थी कि वे एक परंपरागत भारतीय परिवार से आई थीं। माता-पिता के संस्कार उनमें थे। यही वजह थी कि उन्होंने फिल्मी चकाचौंध को कभी अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया।

      विवाह के बाद तक बीना राय ने पारिवारिक जिम्मेदारी संभालते हुए अच्छी फिल्मों में अभिनय किया। विवाह के बाद उन्हें बतौर हीरोइन खूब चर्चा मिली। औरत के बाद गौहर, शोले, शगूफा (1953), मीनार, गोलकुंडा का कैदी (1954), सरदार, मैरिन ड्राइव, इंसानियत, मदभरे नैन (1955), चंद्रकांत, हमारा वतन, दुर्गेशनंदिनी (1956), तलाश, समुंदर, चंगेज खां (1957), घूंघट, वल्लाह क्या बात है (1960), ताजमहल (1963), दादी मां (1966) और राम राज्य (1967) फिल्मों में उन्होंने अभिनय किया। इन फिल्मों में उनके हीरो थे अशोक कुमार, दिलीप कुमार, देव आनंद, भारत भूषण, किशोर कुमार, प्रदीप कुमार, अजीत, प्रेमनाथ, किशोर साहू, कुमार सेन, आगा, रहमान और शम्मी कपूर जैसे अपने समय के जाने-माने अभिनेता। बीना राय ने वैसे तो अशोक कुमार, प्रेमनाथ और भारत भूषण के साथ अधिक फिल्में कीं, लेकिन उन्हें लोगों के दिल में बसाने वाली फिल्में थीं अनारकली और ताजमहल। इनमें उनके हीरो थे प्रदीप कुमार। जिस तरह लोग अनारकली के गीत सुनकर झूम उठते थे उसी तरह ताजमहल के गीत भी सदाबहार साबित हुए। जो वादा किया, वो निभाना पड़ेगा., जो बात तुझमें है तेरी तस्वीर में नहीं.. और पांव छू लेने दो फूलों को इनायत होगी.. ने तो तब के कई प्रेमी युवाओं को मतवाला बना दिया था। पुष्पा पिक्चर्स के बैनर तले बनी एम. सादिक निर्देशित फिल्म ताजमहल के गीत लिखे थे साहिर ने। संगीतकार थे रोशन। फिल्म के अन्य कलाकार थे रहमान, जीवन, मोहन चोटी, हेलन, मीनू मुमताज, वीणा, सुलोचना, मुराद आदि, लेकिन इन दोनों फिल्मों ने बीना राय को चर्चा के अलावा कुछ न दिया। उन्हें फिल्म घूंघट के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्मफेयर अवार्ड मिला। उनकी अपनी फिल्म कंपनी ने शगूफा, गोलकुंडा का कैदी और समुंदर का निर्माण किया। इनमें वे पति प्रेमनाथ के साथ थीं। 1967 के बाद वे अभिनय से नाता तोड़कर पूरी तरह घर-गृहस्थी में रम गई।

      कभी लाखों फिल्मी दर्शक के दिल पर राज करने वाली हीरोइन बीना राय अंतिम समय में मुंबई के मालाबार हिल स्थित अनीता भवन में बेटे मोंटी के साथ रहती थीं। उनके बड़े बेटे प्रेम किशन और कैलाश नाथ हैं। प्रेम किशन फिल्म-सीरियल निर्माण से जुड़े हैं। प्रेम किशन की बेटी आकांक्षा भी कई फिल्में में काम कर चुकी हैं। बेटे-बहू, पोते-पोतियों के साथ जीवन बिताने वाली बीना राय का भी अपना जमाना था। लोग उन्हें कहते थे अनारकली और मुमताज महल, लेकिन अब यह सब बीती बातें हैं। हां, इतना जरूर है कि जब कभी उनकी फिल्म अनारकली और ताजमहल के सदाबहार गीत सुनाई देंगे, बीना राय का सुंदर सा चेहरा जरूर याद आ जाएगा कि एक थीं बीना राय..।

      मोजार्ट ऑफ मद्रास के जीवन के 44 साल


      ऑस्कर पुरस्कार विजेता भारतीय संगीतकार ए.आर. रहमान आज 44 साल के हो गए और उन्हें अपने इस जन्मदिन पर ग्रेमी पुरस्कार जीतने की आस बनी हुई है।

      फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर के लिए ऑस्कर पुरस्कार जीतने के बाद रहमान को इसी फिल्म के संगीत के लिए दो ग्रेमी पुरस्कारों के लिए नामित किया गया है। उन्होंने हमेशा अपना जन्मदिन करीबी परिजनों और दोस्तों के साथ ही मनाया है।

      अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के सामने प्रस्तुति देने से लेकर पूसी कैट डॉल और कायली मिनाग जैसे अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के साथ काम करने वाले रहमान एक गोल्डन ग्लोब अवार्ड और दो एकेडमी पुरस्कार जीतने वाले पहले भारतीय हैं और इंडस्ट्री के सबसे चहेते नामों में उन्हें शुमार किया जाता है।

      पिछले साल उन्होंने दिल्ली.6 और ब्लू का संगीत दिया और पहली हॉलीवुड फिल्म के तौर पर कपल्स रिट्रीट का संगीत भी तैयार किया। टाइम पत्रिका ने रहमान को मोजार्ट ऑफ मद्रास की संज्ञा दी। बीबीएस के एक अनुमान के मुताबिक उनके 100 से अधिक गीतों और एलबम की 15 करोड़ से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं। लंदन के ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ म्यूजिक के पूर्व छात्र रहमान को कॉलेज ने पिछले साल सम्मानित किया था।

      छह जनवरी 1966 को चेन्नई में जन्मे रहमान का वास्तविक नाम एस. दिलीप कुमार है। केवल नौ साल की उम्र में उनके पिता का साथ छूट गया और उन्हें परिवार को सहारा देना पड़ा। रहमान के परिवार ने 1970 के दशक में इस्लाम अपना लिया।

      विज्ञापनों के जिंगल बनाकर संगीत में करियर की शुरूआत करने वाले रहमान को सबसे पहले पहचान तब मिली जबकि उन्होंने बांबे डाइंग के एक विज्ञापन का संगीत दिया था, जिसे बहुत लोकप्रियता मिली। इसके कुछ ही समय बाद 1992 में मणिरत्नम ने उन्हें तमिल फिल्म रोजा के संगीत का प्रस्ताव दिया।

      इस फिल्म के संगीत को बड़े स्तर पर सराहा गया और रहमान को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में सर्वश्रेष्ठ संगीतकार के पुरस्कार से विभूषित किया गया। पहली बार किसी संगीतकार को उसकी पहली फिल्म के संगीत के लिए ही यह अवार्ड मिला था।

      हिंदी फिल्मों में उन्होंने सबसे पहले रंगीला को संगीतबद्ध किया, जिसके निर्देशक रामगोपाल वर्मा थे। इसके बाद बांबे, दिल से, ताल, लगान और रंग दे बसंती के जरिए सुरमई संगीत का उनका यह क्रम जारी है। उन्होंने हर तरह का संगीत दिया है। 1998 के लोकप्रिय गीत छैयां छैयां में जहां सूफियाना अंदाज है, वहीं पिछले साल की ब्लू का संगीत पॉप और भांगड़ा का संगम दर्शाता है।

      चार बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाले रहमान को पद्मश्री सम्मान से नवाजा जा चुका है और फिल्मफेयर के अलावा तमिलनाडु राज्य फिल्म पुरस्कार समारोह में भी उन्हें छह बार सम्मानित किया गया है।

      वैश्विक स्तर पर संगीत के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें स्टेनफोर्ड विश्वविद्यालय ने मानद उपाधि से सम्मानित किया।

      जमाने से आगे की सोच रखती थी देविका रानी


      हिंदी सिनेमा में महिलाओं की स्थिति मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाने वाली देविका रानी हिंदी सिनेमा में पहली सफल जोडी बनाने वाली अभिनेत्री थी जिन्हें ट्रैजिडी किंग दिलीप कुमार को सिनेमा की दुनिया में लाने का श्रेय हासिल है।

      जिस दौर में फिल्मों में महिलाओं का काम करना समाज में अच्छी नजर से नहीं देखा जाता था, उस समय देविका रानी ने न सिर्फ फिल्मों में महिलाओं को प्रमुख स्थान दिलाया बल्कि निजी जिंदगी में भी उन्होंने कई सामाजिक वर्जनाओं को खारिज कर नई पीढ़ी को संदेश दिया।

      तीस मार्च 1908 को वाल्टेयर में पैदा हुई देविका रानी के ताल्लुकात नोबल पुरस्कार विजेता रवीन्द्र नाथ टैगोर के परिवार से था। उनकी मां टैगोर परिवार से थीं वहीं उनके पिता भी बंगाल के एक प्रतिष्ठित परिवार से थे। उनके पिता एम एन चौधरी अपने समय की प्रसिद्ध हस्तियों में से थे।

      अपने समय से आगे की सोच रखने वाली देविका रानी शुरूआती शिक्षा के बाद आगे की पढ़ाई के लिए इंग्लैंड चली गईं। वहां उन्होंने रॉयल एकेडमी आफ ड्रामेटिक आर्ट और रॉयल एकेडमी आफ म्यूजिक लंदन में अध्ययन किया। इसके अलावा देविका रानी ने आर्किटेक्चर, टेक्सटाइल डिजायन आदि की भी पढ़ाई की।

      पढ़ाई के दौरान ही उनकी भेंट हिमंाशु राय से हुई। राय पहले से ही फिल्म निर्माण से जुड़े हुए थे। राय ने देविका रानी से अपनी फिल्मों का सेट डिजायन करने की पेशकश की जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया और इस प्रकार वह फिल्मों से औपचारिक रूप से जुड़ गई।

      जल्दी ही दोनों ने शादी कर ली और हिमांशु राय ने युवा पत्नी को अपनी फिल्म करमा में नायिका की भूमिका दी। यह फिल्म सफल रही और इसने अभिनेत्री देविका रानी को अभिनय के क्षेत्र में स्थापित कर दिया। अपने कुछ दृश्यों को लेकर यह फिल्म काफी चर्चित भी हुई थी।

      बाद के दिनों में अशोक कुमार के साथ देविका रानी की जोड़ी बनी जो बेहद कामयाब रही। इस जोड़ी को हिंदी सिनेमा की शुरूआती सफल जोडि़यों में से एक गिना जाता है। अशोक कुमार के साथ उन्होंने कई फिल्में की जिनमें अछूत कन्या को सबसे अधिक सराहना और कामयाबी मिली। इस फिल्म में जाति प्रथा की कुरीति पर चोट किया गया था। इस फिल्म ने बाद के दिनों में कई फिल्मकारों को सामाजिक संदेश देने वाली फिल्में बनाने के लिए प्रेरित किया।

      प्रचलित सामाजिक मान्यताओं को स्वीकार नहीं करने वाली देविका रानी के साथ किस्मत ने भी क्रूर मजाक किया और 1940 में हिमांशु राय का निधन हो गया। इस विपदा को भी साहस के साथ झेलकर उन्होंने पति के स्टूडियो बांबे टाकीज पर नियंत्रण के लिए संघर्ष किया। 1945 में उन्होंने रूसी चित्रकार स्वेतोस्लाव रोरिख से शादी कर स्थाई रूप से उनके साथ बेंगलूर में रहने लगी जहां वह 1994 में अपने निधन तक रही।

      देविका रानी को भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार और सोवियत लैंड नेहरू पुरस्कार सहित दर्जनों सम्मान मिले। फिल्मों से अलग होने के बाद भी वह विभिन्न कलाओं से जुड़ी रहीं। वह नेशनल एकेडमी के अलावा ललित कला अकादमी, राष्ट्रीय हस्तशिल्प बोर्ड तथा भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद जैसी संस्थाओं से संबद्ध रहीं।

      ओल्ड भी हैं गोल्ड


      मधुबाला की हंसी-ठिठोली : मधुबाला की खूबसूरती के दीवाने उनके मुस्कुराते चेहरे को कैसे भूल सकते हैं? मधुबाला सिर्फ खुद ही नहीं मुस्कुराती थीं, बल्कि उन दर्शकों को भी हंसाती थीं, जो उन्हें निहारने के लिए सिनेमाघरों का रुख करते थे। चलती का नाम गाड़ी, हाफ टिकट और झुमरू जैसी फिल्मों में किशोर कुमार के साथ मिलकर मधुबाला ने पर्दे पर हंसी-ठिठोली का ऐसा माहौल बनाया कि गंभीर सिनेमा के उस दौर में भी दर्शकों को अपनी हंसी रोकना ही मुश्किल हो गया। हालांकि मुख्य धारा की नायिका होने के कारण मधुबाला को ऐसे मौके बेहद कम मिले।

      हंसने की वजह बनें हम भी: जब हिन्दी फिल्मों के हीरो ने हास्य कलाकारों को हाशिए पर रखकर दर्शकों को हंसने-हंसाने की जिम्मेदारी अपने सर ली, तो भला हमारी हीरोइनें कहां पीछे रहने वाली थीं? हीरोइनों ने भी बता दिया कि अगर उन्हें मौके मिलेंगे, तो वे इस क्षेत्र में भी हीरो को टक्कर दे सकती हैं। चुपके-चुपके में शर्मिला टैगोर, अंगूर में मौसमी चटर्जी, गुड्डी में जया बच्चन और खूबसूरत में रेखा ने कुछ ऐसा ही किया था। सीता और गीता में हेमा मालिनी ने गीता की भूमिका में दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। शोले में मुंहफट बसंती की भूमिका में हेमा मालिनी की अदाएं तो आज भी दर्शकों को गुदगुदाती हैं।

      एक नजर इधर भी: चालबाज और मिस्टर इंडिया में श्रीदेवी ने भी अपनी कॉमिक टाइमिंग का परिचय दिया। जब श्रीदेवी अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को हंसाने की जिम्मेदारी निभा रही थीं, उसी समय हिन्दी फिल्मों में एक ऐसी अदाकारा ने प्रवेश किया, जिसकी कॉमिक टाइमिंग से कॉमेडी किंग गोविंदा भी डरते हैं। हम बात कर रहे हैं जूही चावला की। जूही चावला की खिलखिलाहट ने दर्शकों का मन मोहा, तो जूही ने भी दर्शकों को खिलखिलाने की वजह दी। हम हैं राही प्यार के और इश्क में जूही की कॉमिक टाइमिंग उनके सहयोगी कलाकारों पर हावी रही। जूही की ही तरह रवीना टंडन और करिश्मा कपूर ने भी कॉमेडी किंग कहे जाने वाले गोविंदा के साथ दर्शकों को हंसाया। छोटे मियां बड़े मियां, दूल्हे राजा और आंटी नंबर वन में रवीना ने और कुली नंबर वन, राजा बाबू, जुड़वा और साजन चले ससुराल में करिश्मा कपूर ने गोविंदा का बढि़या साथ दिया। हालांकि इन फिल्मों में रवीना और करिश्मा पर गोविंदा की कॉमेडी हावी रही, लेकिन इन्होंने भी अपने हिस्से की जिम्मेदारी बखूबी निभाई। अंदाज अपना अपना में रवीना और करिश्मा की मौजूदगी भी काफी मनोरंजक थी। करिश्मा की ही तरह रानी मुखर्जी ने भी कई कॉमिक भूमिकाओं में दर्शकों का मनोरंजन किया है। हद कर दी आपने, बंटी और बबली और दिल बोले हडि़प्पा में रानी ने बता दिया कि वे सिर्फ क्वीन ऑफ हार्ट ही नहीं, क्वीन ऑफ कॉमेडी भी बन सकती हैं।

      कॉमेडी चालू आहे..

      हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कॉमेडी फिल्मों की कमी नहीं है, लेकिन यह भी सच है कि यहां इसको लेकर संजीदा काम बहुत कम हुए हैं। एक नजर बच्चन श्रीवास्तव की..
      कॉमेडी ने अपना रिश्ता फिल्मों से तभी जोड़ लिया था, जब वे बेजुबान थीं और इशारों से अपनी बात कहती थीं। पहले कलाकार अलग-अलग वर्गो में बंटे थे। लीड प्लेयर्स, विलेन, कैरेक्टर, एक्टर, स्टंटमैन और कॉमेडियन। हास्य कलाकारों की बिरादरी में गोप, दीक्षित, वी.एच. देसाई, भूडो आडवानी, मिर्जा मुशर्रफ, मुकरी, मजनू, दुर्गा मोटा, धुमाल आदि जाने-पहचाने नाम थे, लेकिन इनके हंसाने के तरीके बेहद फूहड़ और बेतुके होते थे।
      फिल्मों में कॉमेडी का स्वरूप आजादी के बाद सुधरा, जब आई.एस. जौहर, ओम प्रकाश, जॉनी वॉकर और महमूद जैसे हास्य कलाकार पर्दे पर चमके। चौथे दशक में गोप-दीक्षित के साथ चमकने वालों में चार्ली प्रमुख थे। चार्ली का असली नाम नूर मोहम्मद था, उन्होंने अपना स्क्रीन नेम विश्वविख्यात अभिनेता चार्ली चैपलिन के नाम पर रखा था।

      नई पीढ़ी के कॉमेडियन ने फिल्मों में मुख्य रोल किए। ओमप्रकाश की घुंघरू, चाचा जिंदाबाद और गेटवे ऑफ इंडिया, जॉनी वाकर की मिस्टर कार्टून एमए, श्रीमती 420 और उनके ही नाम पर ही बनी जॉनी वाकर, महमूद की साधू और शैतान, मैं सुंदर हूं और कुंवारा बाप यादगार फिल्में हैं। आई.एस. जौहर की जौहर महमूद इन गोवा और जौहर महमूद इन कश्मीर खासी पसंद की गई थीं।

      आजादी के बाद एक नई परंपरा शुरू हुई। ट्रेजेडी किंग दिलीप कुमार ने आन, आजाद, कोहिनूर व राम और श्याम में काम करके अन्य लीड प्लेयर्स को कॉमिक रोल करने की प्रेरणा दी। ही-मैन धर्मेद्र ने मेरा गांव मेरा देश, प्रतिज्ञा, तुम हसीन मैं जवान में दर्शकों को खूब हंसाया। अशोक कुमार विक्टोरिया 203 और खूबसूरत जैसी फिल्मों में खूब सराहे गए। रोमांटिक हीरो राजेश खन्ना ने बावर्ची और जोरू का गुलाम में लोगों को खूब हंसाया, वहीं देव आनंद ने अफसर में, शम्मी कपूर ने प्रोफेसर, जंगली और जानवर में कॉमेडी को हिट बनाया।

      कॉमेडी की चर्चा मोतीलाल, राजकपूर और किशोर कुमार की चर्चा न करने पर अधूरी है। मोतीलाल ने वैसे तो अपनी अधिकांश फिल्मों में खूब हंसाया, पर उनकी आखिरी उल्लेखनीय फिल्म थी मिस्टर संपत। राजकपूर की हंसाने की प्रतिभा को पहली बार गोपीनाथ में पहचान मिली, उसके बाद तो उन्होंने आवारा, श्री 420 और चोरी चोरी से लेकर संगम और कल आज और कल आदि डेढ़ दर्जन फिल्मों में उन्होंने हंसाया। किशोर कुमार ने कॅरियर तो शुरू किया आंदोलन जैसी गंभीर फिल्म से, लेकिन आशा, चंदन, झुमरू, नई दिल्ली, बढ़ती का नाम दाढ़ी ने उनके जहां कई रूपों को निखारा, वहीं उन्हें श्रेष्ठ हास्य कलाकार का दर्जा भी दिया। आज जो कलाकार पर्दे पर छाए हुए हैं, उन्होंने भी कई यादगार हंसाने वाली फिल्में की हैं। अमिताभ बच्चन की चुपके-चुपके, आमिर खान की 3 इडियट्स, सलमान खान की जुड़वां, संजय दत्त की मुन्नाभाई एमबीबीएस, अक्षय कुमार की सिंह इज किंग की सफलता में इन सितारों की कॉमेडी का योगदान रहा। जहां तक गोविंदा की बात है, तो वे किशोर कुमार की तरह कॉमेडियन के रूप में प्रतिष्ठित हैं। उन्होंने हीरो नंबर वन, कुली नंबर वन से लेकर पार्टनर तक कितनी ही सफल कॉमेडी फिल्में की हैं। अभिनेताओं की तुलना में अभिनेत्रियों का इस क्षेत्र में योगदान कम रहा है, लेकिन उन्हें नजरंदाज नहीं किया जा सकता। यशोधरा काटजू ने वकील साहब, मीना शोरी ने एक थी लड़की, टुनटुन ने मेला, अरुणा ईरानी ने कारवां, शुभा खोटे ने सीमा में कॉमेडी करके नाम कमाया। हीरोइनों में हेमा मालिनी की सीता और गीता, श्रीदेवी की चालबाज, रेखा की खूबसूरत, तब्बू की साजन चले ससुराल, करिश्मा कपूर की राजा बाबू, कट्रीना कैफ की सिंह इन किंग अच्छी कॉमेडी फिल्में रहीं। कादर खान, शक्ति कपूर, गुलशन ग्रोवर, अनुपम खेर और परेश रावल जैसे नायकों ने भी खलनायक के किरदार करने के साथ यादगार हास्य कलाकार के तौर पर भी अपना नाम कमाया है। हालिया रिलीज फिल्म अतिथि तुम कब जाओगे इसका उदाहरण है। जिन निर्देशकों ने कॉमेडी को फूहड़पन से मुक्त कराया और इसे स्वास्थ स्वरूप प्रदान किया, उनमें राजकपूर, ऋषिकेश मुखर्जी, बासु चटर्जी और प्रियदर्शन के योगदान को याद किया जाएगा। इन निर्देशकों ने अपनी समझ से हिंदी सिनेमा को नई दिशा दी।

      कॉमेडी विषयों पर कभी श्री 420, बीवी और मकान, पति पत्नी और वो, मिस्टर संपत जैसी फिल्में बनीं, तो आज हेराफेरी, जब वी मेट, 3 इडियट्स और अतिथि तुम कब जाओगे जगमगा रही है। ये फिल्में इस बात को साबित कर रही हैं कि कॉमेडी से स्वास्थ्य लाभ मिलता है।

      गुलशन कुमार से बने गुलशन बावरा


      फिल्म इतिहास की कई चुनिंदा फिल्मों में अपनी फनकारी का जादू चलाने वाले गुलशन बावरा का वास्तविक नाम गुलशन कुमार मेहता था, लेकिन बावरे से दिखने की उनकी अदा ने उन्हें नया नाम गुलशन बावरा दिया था।

      फिल्म सट्टा बाजार के निर्माण के दौरान गुलशन को अपना यह नाम मिला। फिल्म के वितरक शांतिभाई पटेल गुलशन के काम से बहुत खुश थे, लेकिन रंग-बिरंगी शर्ट पहनने वाले लगभग 20 साल के युवक की प्रतिभा को स्वीकार नहीं कर पा रहे थे। इस की वजह से पटेल ने गुलशन को देखकर कहा कि मैं इसका नाम गुलशन बावरा रखूंगा। यह बावरे पागल व्यक्ति जैसा दिखता है। उन्होंने बताया कि फिल्म प्रदर्शित होने पर उसके पोस्टरों में सिर्फ तीन लोगों के नाम प्रमुखता से प्रदर्शित किए गए। एक फिल्म के निर्देशक रविंद्र दुबे, संगीतकार कल्याणजी-आनंदजी और बतौर गीतकार गुलशन बावरा। चुनिंदा फिल्मों में अपने अभिनय की भी छाप छोड़ने वाले गीतकार गुलशन को भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान बलवे के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था। दंगों के दौरान उन्होंने अपने अभिभावकों की मौत अपनी आंखों के सामने होती देखी, जिसका दर्द पूरे जीवन उनके लिखे गानों में भी दिखाई दिया।
      दिल्ली में कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने वाले गुलशन शुरू से ही मुंबई के फिल्म उद्योग में अपना करियर बनाना चाहते थे, लेकिन मुंबई में किसी को जानते नहीं थे। संयोग से उन्हें मुंबई में एक क्लर्क की नौकरी मिल गई, जिसके बाद 1955 में वह मुंबई आ गए। गुलशन का इस नौकरी के साथ ही फिल्मों में संघर्ष का दौर शुरू हो गया। संघर्ष के दौरान कल्याणजी-आनंदजी ने गुलशन बावरा को चंद्रसेना का एक गाना लिखने का मौका दिया। गुलशन ने इसका फायदा उठाते हुए मैं क्या जानूं, कहां लागे ए सावन मतवाला रे गाकर फिल्मों की दुनिया में अपनी फनकारी का कमाल दिखाया।
      अपने 42 वर्ष के फिल्मी करियर में गुलशन ने सिर्फ 240 गीतों की रचना की। गुलशन ने एक साक्षात्कार में इस बात को स्वीकार किया था कि वह न तो बहुत ज्यादा काम करने में विश्वास रखते हैं और न ही काम के साथ समझौता करने में। गुलशन ने कहा था कि मैं बहुत ज्यादा और आक्रामक तरीके से काम करने में विश्वास नहीं रखता। मैंने अपने समय में एक फिल्म के लिए 90,000 रुपये तक लिए वो भी ऐसे समय में जब कोई व्यक्ति 65,000 रुपए तक में एक बड़ा फ्लैट खरीद सकता था।

      अपने काम के प्रति समर्पण के बारे में उन्होंने कहा था, मैंने कभी अपनी कीमत से समझौता नहीं किया क्योंकि मैंने कभी अपने काम से समझौता नहीं किया। फिल्म जंजीर के यारी है ईमान मेरा और उपकार के मेरे देश की धरती सोना उगले गीतों के लिए गुलशन को फिल्मफेयर अवार्ड से सम्मानित किया गया था। सात अगस्त, वर्ष 2009 को अनोखी प्रतिभा का धनी यह कलाकार हमेशा के लिए दुनिया को अलविदा कह गया।

      हॉलीवुड-बॉलीवुड के बाद झालीवुड-छॉलीवुड


      पॉलीवुड, झॉलीवुड, टॉलीवुड, मॉलीवुड, कॉलीवुड, छॉलीवुड..। चौंकिए नहीं, यह बॉलीवुड या हॉलीवुड की पैरोडी नहीं है, बल्कि फिल्मों के दीवानों के लिए मनोरंजन की नई सौगात है। दरअसल देश में फिल्में अब सिर्फ बॉलीवुड में ही नहीं बनती हैं। मनोरंजन का यह कारोबार अब मुंबई के दायरे से निकलकर तमिलनाडु और केरल, बंगाल से होते हुए हमारे ऐसे राज्यों तक पहुंच गया है, जिन्हें पिछड़ा कहा जाता है।

      पंजाबी, बांग्ला, भोजपुरी से लेकर गढ़वाली, छत्तीसगढ़ी, झारखंड की स्थानीय बोलियों तक में फिल्में बन रही हैं। पंजाब और बंगाल का फिल्म उद्योग तो काफी पुराना है। आजादी के समय पंजाबी फिल्म उद्योग पूरे शबाब पर था। हिंदी फिल्मों के अभिनेता-अभिनेत्री तब उस वक्त पंजाबी फिल्मों में भी काम करते थे। पहली पंजाबी फिल्म शीला 1932 में बनी थी। इसमें मुख्य भूमिका मलिका-ए-तरन्नुम नूरजहां ने निभाई थी। नूरजहां की यह पहली फिल्म थी। आज के कई नामी फिल्मकार तब लाहौर में बसे थे। बीआर चोपड़ा वहां फिल्मी पत्रिका सिने हेरल्ड देखते थे और रामानंद सागर ईवनिंग न्यूज के संवाददाता थे। पृथ्वीराज कपूर, बलराज साहनी, दारा सिंह वगैरह पंजाबी फिल्मों में भी नियमित तौर पर काम करते थे। देश के बंटवारे का इस उद्योग पर खासा असर पड़ा। फिलहाल पॉलीवुड की स्थिति अच्छी है। 1950 से अब तक करीब 900 फिल्में बन चुकी हैं। कुछ फिल्मों को राष्ट्रीय अवार्ड से नवाजा जा चुका है। नानक नाम जहाज, चन परदेसी और सतलज दे कंडे ऐसी ही फिल्में हैं। पॉलीवुड में हर साल नौ से 11 फिल्में रिलीज होती हैं।

      टॉलीवुड दो हैं। एक बंगाल में और दूसरा आंध्रप्रदेश में। बांग्ला फिल्में टालीगंज में बनती हैं और आंध्र की फिल्में तेलुगु में, इसीलिए इन्हें टॉलीवुड -एक और दो कहा जाता है। बांग्ला फिल्म उद्योग ने भारतीय फिल्मों को बढ़ाने में बड़ा योगदान दिया है। सत्यजीत राय जैसे कालजयी निर्देशक को तो आज भी पूरी दुनिया का फिल्म उद्योग सलाम करता है। उन्हें विशेष ऑस्कर पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है। हिंदी के बांग्ला न जानने वाले फिल्म प्रेमी विरले ही होंगे, जिन्होंने पाथेर पंचाली, घरे बाहिरे फिल्में न देखी हों।

      देश का सबसे समृद्ध और पुराना क्षेत्रीय फिल्म उद्योग मॉलीवुड यानी मलयालम सिनेमा है। फिल्मों के शुरुआती दौर से यह उद्योग हिंदी की बराबरी, बल्कि उससे आगे ही चल रहा है। मलयालम की पहली फिल्म 1928 में बनी थी। इसका नाम विगथकुमारन था और यह मूक फिल्म थी। 1933 में मार्तण्डवर्मा बोलती फिल्म बनी। एक राजा की कहानी पर आधारित इस फिल्म ने पूरे फिल्म उद्योग में नए कीर्तिमान बनाए। तब से अब तक मलयालम फिल्म उद्योग ने देश को न जाने कितने नामी निर्देशक दिए। अडूर गोपालकृष्णन, श्याम बेनेगल, प्रियदर्शन सभी भारतीय फिल्म उद्योग को मलयालयम सिनेमा की देन है। 2007 तक निर्देशन के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में 40 सम्मान मलयालम सिनेमा को मिले हैं। हिंदी की बेहिसाब फिल्में मलयालम फिल्मों पर आधारित हैं। यहां तक कि हॉलीवुड के कलाकार भी अब मलयालम फिल्मों को तवज्जो देने लगे हैं।

      वैसे शुरुआत के हिसाब से नए राज्यों में स्थानीय बोलियों की फिल्में भी अच्छा कारोबार कर रही है। भाषायी आधार पर बन रहे इन छोटे-छोटे ब्लाकों के लिए इस दुनिया के लोगों ने बॉलीवुड से मेल खाते छॉलीवुड और झॉलीवुड जैसे नाम ईजाद कर लिए है। उद्योग अपने क्षेत्र की जरूरत के हिसाब से स्थानीय बोलियों में फिल्में बनाते हैं और इन्हें बहुत ही सीमित दायरे में ऐसे लोग देखते हैं, जो मनोरंजन के लिए ज्यादा रकम नहीं देना चाहते। गांव-गुरबा के लोगों के लिए अपनी बोली में अपने ही इलाके में सुलभ यह मनोरंजन का सर्वश्रेष्ठ मसाला है। क्षेत्रीय भाषा की ऐसी फिल्में हाउसफुल जाती हैं और इन्हें लोग उसी चाव से देखते हैं, जैसे बॉलीवुड की फिल्में। इन फिल्मों का भी बॉलीवुड की फिल्मों से कम जलवा नहीं है। मिसाल के तौर पर छत्तीसगढ़ में मया नाम की सुपरहिट फिल्म बनी है, जिसने हाल में तीन करोड़ का कारोबार किया है। सबसे बड़ी बात यह है कि ये फिल्में बिल्कुल स्थानीय स्तर पर बनती हैं। इन्हें डिजिटल एचडी फार्म में बनाया जाता है। इसके बाद इन सबकी डबिंग, मार्केटिंग सभी स्थानीय स्तर पर होती है। छॉलीवुड के नामी निर्माता-निर्देशक संतोष जैन ने बताया कि सिर्फ नायिकाएं हमें बाहर से बुलानी पड़ती हैं और अब तो हम स्थानीय स्तर पर भी हीरोइनें तलाश रहे हैं। मोर छइयां-भुइयां भी छॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म है। यह 20-22 हफ्ते चली थी। प्रेम चंद्राकर की मया दे दे मया ले ले हिट फिल्म रही। चंद्राकर अब तक तीन-चार हिट फिल्में दे चुके हैं। संतोष जैन की जय बमलेश्वरी फिल्म छह हफ्ते से चल रही है। इसने बढि़या करोबार किया है। वैसे, पहली छत्तीसगढ़ी फिल्म कहि देबे संदेश 1966 में बनी थी। इसके बाद घरबार नाम की फिल्म आई थी। इन दोनों ही फिल्मों के निर्माता-निर्देशक मनु नायक थे। फिल्म मे स्थानीय लोगों को लिया गया था। इनमें से ज्यादातर छत्तीसगढ़ के लोक कलाकार थे। फिल्म के गाने मोहम्मद रफी और लता मंगेशकर ने गाए थे। ये गाने तोर पैरी के झनर-झनर.. और छमकत नदिया बहनी लागे.. आज भी लोगों को झुमा देते हैं। हल्बी, गोंडी, सरगुजी बोलियों में सिर्फ म्यूजिक एलबम बनते हैं। झालीवुछ यानी झारखंड में नागपुरी, खोरथा और संथाली बोलियो में फिल्में बन रही हैं। पहली फिल्म सोनाकर नागपुर 1992 में धनंजय प्रताप तिवारी ने बनाई थी। इसमें स्थानीय कलाकार थे। और यह नागपुरी भाषा में थी। इसके बाद संथाली में दशरथ मानसी ने फिल्म बनाई थी, लेकिन इन फिल्मों का संगीत लोकसंगीत तक सीमित था। आधुनिक संगीत का नजारा पहली बार फिल्म प्रित में देखने को मिला। इस फिल्म ने जबर्दस्त कारोबार किया। इस फिल्म की थीम भी अब तक बनने वाली फिल्मों से हटकर राजनीति पर आधारित थी। सही मायने यह झालीवुड की सुपर-डुपर हिट फिल्म थी। इसके दो गाने काली गोरी मेम संग चले.. और जेनी मन का फैशन हाय रे.. के कैसेट और सीडी खूब बिके। अब तक की सबसे महंगी फिल्म मितवा परदेसी इसी वर्ष बनी है। इस पर 28 लाख की लागत आई। अनिल सिकदर की फिल्म हमार झारखंड के छैला ने बढि़या कारोबार किया। यह डिजीटल फार्मेट में बनी पहली फिल्म थी इसमें विस्थापन और बाहरी लोगों द्वारा शोषण की समस्या को उबारा गया था। इनके अलावा गढ़वाली, कुमाउंनी, पंजाबी, हिमाचली, गुजराती आदि में भी फिल्में बन और बिक रही हैं। इनमें से कुछ अपने शैशवकाल में है। देर-सबेर बॉलीवुड की तर्ज पर इनका भी नामकरण होना है। पर त्रासदी यह है कि इनका मुकाबला हिंदी की उच्च तकनीक और तामझाम से बनी फिल्मों से है। इसका असर दिखने लगा है, पर ये उद्योग भी अपने-अपने स्तर पर अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। यह एक अच्छा संकेत है।

      उर्दू शायरी को यथार्थ्‍ा से जोड़ा मजरूह ने


      मजरूह सुलतानपुरी के कलम की स्याही नज्मों की शक्ल में फैली जिसने उर्दू शायरी को न सिर्फ मोहब्बत के सब्जबागों से निकालकर दुनिया के दीगर पहलुओं से जोड़ा बल्कि रूमानियत को भी नया रंग और ताजगी दी।

      शायर बेकल उत्साही ने कहा कि वह ऐसे शायर थे जिनके कलाम में समाज का दर्द झलकता था। उन्होंने जिंदगी को एक दार्शनिक के नजरिए से देखा और उर्दू शायरी को नए आयाम दिए। बकौल उत्साही, मजरूह को एक हद तक प्रयोगवादी शायर और गीतकार भी कहा जा सकता है। उन्होंने अवध के लोकगीतों का रस भी अपनी रचनाओं में घोला था। उससे पहले शायरी की किसी और रचना में ऐसा नहीं देखा गया था। उनका लिखा गीत दुनिया करे सवाल तो हम क्या जवाब दें बेहद पसंद किया गया। उनके लिखे फिल्मी गीतों में एक नयापन और अपनापन महसूस किया जा सकता है।

      मजरूह को फिल्मी गीतकार के बजाय शायर मानने वाले अशर हाशिम ने कहा कि उन्होंने फिल्मों में सिर्फ शौक के लिए लिखा लेकिन गजल उनका पहला प्यार थी। उन्होंने फिल्मी गानों में भी उर्दू अदब की तासीर को बरकरार रखने पर पूरा ध्यान दिया था। समाज और आम जिंदगी की फिक्र बयां करते मजरूह का शुमार कलम के जरिए समाजवाद का झंडा बुलंद करने वाले शायरों में किया जाता है। तरक्कीपसंद मुसन्निफीन मूवमेंट (प्रगतिशील लेखक आंदोलन) से जुड़ने के बाद कथित सरकार विरोधी लेखन की वजह से उन्हें कुछ दिन कालकोठरी में भी गुजारने पड़े थे।

      उत्साही ने बताया कि हकीम का पेशा छोड़कर कलम से दुनियावी परेशानियों का इलाज ढूंढ़ने निकले मजरूह ने 1940 के दशक में मुम्बई में नज्म माज ए साथी जाने न पाए पढ़ी थी। तत्कालीन सरकार ने इसे सत्ताविरोधी करार दिया था जिसकी वजह से मजरूह को तकरीबन दो साल तक जेल में रहना पड़ा था। असरार उल हसन खान उर्फ मजरूह सुलतानपुरी का जन्म वर्ष 1919 में उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में हुआ था। प्रारम्भिक और माध्यमिक शिक्षा हासिल करने के बाद उन्होंने लखनऊ के तकमील उत तिब कालेज से यूनानी चिकित्सा की डिग्री प्राप्त की।

      वह एक हकीम के रूप में स्थापित हो चुके थे तभी उनका रुझान शायरी की तरफ बढ़ा और सुलतानपुर में एक मुशायरे में गजल सुनाने के बाद उनकी जिंदगी ने नया मोड़ ले लिया। मुशायरे में अपनी गजल को मिली तारीफ से उत्साहित मजरूह ने शायरी को गम्भीरता से लिया। मजरूह ने वर्ष 1946 में आई फिल्म शाहजहां के लिए गीत जब दिल ही टूट गया.. लिखा जो बेहद लोकप्रिय हुआ। उसके बाद उन्होंने अंदाज और आरजू फिल्म के गीत लिखे जिससे वह एक गीतकार के रूप में स्थापित हो गए।

      वर्ष 1949 में जेल में उन्होंने राजकपूर की फिल्म के लिए एक दिन बिक जाएगा माटी के मोल के रूप में जिंदगी की सच्चाई को बयान करता नगमा लिखा। वह प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के अवार्ड हासिल करने वाले पहले गीतकार थे। अपने गीतों के जरिए लोगों को जिंदगी के अहम पहलुओं पर सोचने को मजबूर करने, मोहब्बत की ताजगी भरी छुअन का एहसास कराने और जीवन के अनछुए पहलुओं को गीतों और गजलों में पिरोने वाले मजरूह का 24 मई 2000 को मुम्बई में निधन हो गया।

      नौशाद: मौसीकी की दुनिया की महान हस्ती

      मुंबईया फिल्मों में पहली बार उत्तर प्रदेश के लोकगीतों की महक डालने वाले नौशाद एक ऐसे संगीतकार थे जिन्होंने अपनी प्रयोगधर्मिता के जरिए फिल्म संगीत को कई नए आयाम दिए। शास्त्रीय संगीत को लोकगीतों के सुरीले और अल्हड़ अंदाज से जोड़ने वाले नौशाद ने कुछ नया और खास करने के लिए संगीत के हर कोने को छूने की कोशिश की और इसी प्रयास में वह फिल्म संगीत को अनमोल विरासत दे गए।

      अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक गायिका शैलेश श्रीवास्तव की नजर में नौशाद अपने वतन से प्यार करने वाले ऐसे संगीतकार थे जिनका एकमात्र उद्देश्य संगीत को लगातार समृद्ध करना था। शायद यही वजह थी कि वह 71 वर्ष तक संगीत के क्षेत्र में सक्रिय रहे।

      उन्होंने कहा कि नौशाद सम्भवत: ऐसे पहले भारतीय फिल्म संगीतकार थे जिन्होंने शास्त्रीय संगीत और लोक संगीत को एक दूसरे से जोड़ा लेकिन साथ ही वह दोनों विधाओं की मूल आत्मा को बरकरार रखने में भी सफल रहे।

      नवाबों के शहर लखनऊ में 25 दिसम्बर 1919 को जन्मे नौशाद ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गाए जाने वाले लोकगीतों को फिल्मी गीतों में पिरोकर उन्हें एक इलाके के बंधनों से मुक्त करके नया आसमान दिया। शैलेश ने बताया कि नौशाद द्वारा उत्तर प्रदेश के लोक संगीत को शामिल किए जाने से पहले फिल्मों में पंजाबी लोक संगीत का खासा प्रभाव था। उन्होंने बताया कि नौशाद ही ऐसे पहले संगीतकार थे जिन्होंने फिल्म के दृश्यों को संगीतपूर्ण अभिव्यक्ति देने के लिए विशेष पा‌र्श्व संगीत का इस्तेमाल शुरू किया।

      अपने कॅरियर में नई ऊंचाइयां हासिल करने और नए आयाम स्थापित करने वाले नौशाद का सफर आसान नहीं था। उनका परिवार गाने-बजाने के खिलाफ था मगर नौशाद की किस्मत में कुछ और ही लिखा था।

      संगीत में उनकी रुचि बाराबंकी स्थित हाजी वारिस अली शाह की दरगाह पर सालाना उर्स में गाई जाने वाली कव्वालियां सुनकर पैदा हुई। हाजी बाबा की नगरी में देश के मशहूर कव्वालों की तान और बेहतरीन संगीतकारों की धुनों से नौशाद ने संगीत का ककहरा सीखा और उस माहौल ने ऐसा सुरूर पैदा किया कि उन्होंने संगीतकार बनने की ठान ली।

      दुनिया में हम आए हैं तो जीना ही पड़ेगा.., नैन लड़ जई हैं.., मोहे पनघट पे नंदलाल.. जैसे एक से बढ़कर एक सुरीले गीत देने वाले संगीतकार नौशाद ने अपने गीतों में संगीत से कभी समझौता नहीं किया। नौशाद ने पहली बार उस्ताद बड़े गुलाम अली खान, उस्ताद अमीर खान और पंडित डी वी पलुस्कर जैसी हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत की महान विभूतियों से फिल्म के लिए गायन करवाया था।

      उन्होंने उस्ताद गुरबत सिंह, उस्ताद यूसुफ अली और उस्ताद बब्बन साहब से संगीत की शिक्षा ली थी। शुरूआत में उन्होंने लखनऊ के थिएटरों में मूक फिल्म के प्रदर्शनों के दौरान हारमोनियम और तबला बजाने का काम भी किया था। फिल्म संगीत से लगाव की वजह से नौशाद 1937 में बंबई पहुंच गए। उन्होंने शुरूआत में कई फिल्म कंपनियों और संगीतकारों के साथ सहायक के रूप में काम किया। बाद में वर्ष 1942 में ए. आर. कारदार की फिल्म नई दुनिया में उन्होंने पहली बार संगीतकार के तौर पर काम किया। उन्होंने शारदा फिल्म में पहली बार 13 वर्ष की सुरैया को गाने का मौका दिया।

      नौशाद के जीवन में रतन फिल्म बड़ी सफलता लेकर आई और इस फिल्म ने उन्हें एक बडे़ संगीतकार के रूप में स्थापित कर दिया। उसके बाद अगले दो दशक तक नौशाद के संगीत से सजी कई फिल्मों ने सिल्वर जुबली, गोल्डन जुबली और डायमंड जुबली मनाई। उन्होंने मशहूर फिल्म मदर इंडिया के लिए भी यादगार संगीत बनाया। यह पहली ऐसी भारतीय फिल्म थी जिसे आस्कर के लिए नामित किया गया था।

      वह साउंड मिक्सिंग तथा संगीत और गायन को अलग अलग रिकार्ड करने वाले पहले संगीतकार थे। यही नहीं उन्होंने आन फिल्म में 100 वाद्य यंत्रों वाले आर्केस्ट्रा का इस्तेमाल किया था। मुगल-ए-आजम फिल्म के एक गाने में उन्होंने 100 लोगों के समूह से गायन करवाया था। नौशाद के संगीतबद्ध गानों में भारतीय संगीत की आत्मा बसती है। गंगा जमुना फिल्म में उन्होंने अवधी भाषा की लोकधुनों का खूबसूरती से प्रयोग किया था। इस फिल्म का मेरे पैरों में घुंघरू बंधा दे.. गाने में लोक संगीत की मधुरता स्पष्ट तौर पर महसूस की जा सकती है।

      इस महान संगीतकार को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा उन्हें संगीत नाटक अकादमी, लता मंगेशकर पुरस्कार, फिल्म फेयर पुरस्कार, अमीर खुसरो पुरस्कार समेत कई सम्मानों से नवाजा गया था। आखिरी बार उन्होंने वर्ष 2004 में मुगल-ए-आजम फिल्म के रंगीन संस्करण के डिजिटल गीतों के लिए नए जमाने के संगीतकारों द्वारा तैयार किए गए संगीत को मूल फिल्म के गीतों जैसा ही बनाए रखने के लिए काम किया।

      अपनी प्रयोगधर्मिता से संगीत को समृद्ध करने के बाद मौसीकी की दुनिया की इस महान हस्ती ने 86 वर्ष की उम्र में पांच मई 2006 को दुनिया से विदा ले ली।

      सशक्त नारी रूप की प्रतिनिधि अभिनेत्री थीं नर्गिस

      नई दिल्ली। फिल्म मदर इंडिया में राधा की भूमिका के जरिए भारतीय नारी को एक नया और सशक्त रूप देने वाली नर्गिस हिंदी सिनेमा की महानतम अभिनेत्रियों में से एक थीं जिन्होंने लगभग दो दशक लंबे फिल्मी सफर में दर्जनों यादगार एवं संवदेनशील भूमिकाएं कीं और अपने सहज अभिनय से दर्शकों का मनोरंजन किया।

      एक जून 1929 को पैदा हुई नर्गिस का असली नाम फातिम रशीद था और वह मशहूर गायिका जद्दनबाई की पुत्री थीं। कला उन्हें विरासत में मिली थी और सिर्फ छह साल की उम्र में उन्होंने फिल्म तलाश.ए. हक से अभिनय की शुरुआत कर दी थी। 1940 और 50 के दशक में उन्होंने कई फिल्मों में काम किया और 1957 में प्रदर्शित महबूब खान की फिल्म मदर इंडिया उनकी सर्वाधिक चर्चित फिल्मों में रही। इस फिल्म को आस्कर के लिए नामित किया गया था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित फिल्म मदर इंडिया में राधा की भूमिका के लिए नर्गिस को फिल्म फेयर सहित कई पुरस्कार मिले। इसी फिल्म में शूटिंग के दौरान अभिनेता सुनील दत्त ने आग से उनकी जान बचाई थी और बाद में दोनों परिणय सूत्र में बंध गए। परदे पर राजकपूर के साथ उनकी जोड़ी विशेष रूप से सराही गई और इस जोड़ी को हिंदी फिल्मों की सफल जोडि़यों में से एक गिना जाता है। दर्शकों ने इस जोड़ी को खूब पसंद किया। इस जोड़ी की हिट फिल्मों में आग, बरसात, आह, आवारा, श्री 420, चोरी चोरी, जागते रहो आदि शामिल हैं। उनकी फिल्में भारत के अलावा पूर्व सोवियत संघ के देशों में काफी पसंद की जाती रही हैं।

      नर्गिस ने मदर इंडिया के अलावा आवारा, श्री 420, बरसात, अंदाज, लाजवंती, जोगन, बेवफा, पापी, परदेशी, रात और दिन सहित दर्जनों कामयाब फिल्मों में बेहतरीन अभिनय किया। उनकी कई फिल्मों में राजकपूर और दिलीप कुमार नायक थे। शादी के बाद नर्गिस ने अभिनय से नाता तोड़ लिया और लाजवंती, अदालत, यादें, रात और दिन जैसी कुछेक फिल्मों में ही अभिनय किया। रोमांटिक भूमिकाओं को सहज रूप से निभाने वाली नर्गिस ने लीक से हटकर कई भूमिकाएं कीं। अभिनय से अलग होने के बाद नर्गिस सामाजिक कार्य में जुट गईं। उन्होंने पति सुनील दत्त के साथ अजंता आर्ट्स कल्चरल ट्रूप की स्थापना की। यह दल सीमाओं पर जाकर जवानों के मनोरंजन के लिए स्टेज शो करता था। इसके अलावा वह स्पास्टिक सोसाइटी से भी जुड़ी रहीं। नर्गिस को पद्मश्री और उर्वशी सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कार मिले। इनमें फिल्मफेयर पुरस्कार के अलावा फिल्म रात और दिन के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनय का राष्ट्रीय पुरस्कार शामिल है। बाद में उन्हें राज्यसभा के लिए भी नामित किया गया। लेकिन राज्यसभा का अपना कार्यकाल वह पूरा नहीं कर सकीं। इसी दौरान वह गंभीर रूप से बीमार हो गईं और तीन मई 1981 को कैंसर के कारण उनकी मौत हो गई। उनकी याद में 1982 में नर्गिस दत्त मेमोरियल कैंसर फाउंडेशन की स्थापना की गई।

      मेरे दिल के करीब हैं शहीद-ए-आजम: मनोज कुमार


      अपनी फिल्मों के जरिए लोगों को देशभक्ति की भावना का गहराई से एहसास कराने वाले मशहूर अभिनेता और निर्माता निर्देशक मनोज कुमार शहीद-ए-आजम भगत सिंह से बेहद प्रभावित हैं और इसी भावना ने उन्हें शहीद जैसी कालजई फिल्म में देश के इस अमर सपूत के किरदार को जीवंत करने की प्रेरणा दी थी।

      मनोज ने कहा शहीद ए आजम का किरदार मुझमें बस गया था और मैं भगत सिंह का रूप लेना चाहता था। मैंने उनकी जिंदगी के सफर पर शोध किया। उस वक्त उन पर कोई किताब उपलब्ध नहीं थी लेकिन मेरे जुनून ने मुझे इस महान शहीद के जीवन के बंद पन्नों को खोलने में मदद की और मैं उस शहीद के किरदार में डूब गया। भगत सिंह की मां भी इस फिल्म को देखकर भावविभोर हो गई थीं।

      मनोज को शहीद के लिए सर्वश्रेष्ठ कहानीकार का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया था। मनोज कुमार ने शहीद फिल्म में सरदार भगत सिंह की भूमिका को जीकर उस किरदार के फिल्मी रूपांतरण को भी अमर बना दिया था।

      मनोज ने अपने कॅरियर में शहीद, उपकार, पूरब और पश्चिम और क्रांति जैसी देशभक्ति पर आधारित अनेक बेजोड़ फिल्मों में काम किया। इसी वजह से उन्हें भारत कुमार भी कहा जाता है।

      शहीद के दो साल बाद उन्होंने बतौर निर्देशक अपनी पहली फिल्म उपकार का निर्माण किया। उसमें मनोज ने भारत नाम के किसान युवक का किरदार निभाया था जो परिस्थितिवश गांव की पगडंडियां छोड़कर मैदान-ए-जंग का सिपाही बन जाता है।

      मनोज ने बताया कि जय जवान जय किसान के नारे पर आधारित वह फिल्म उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के विशेष आग्रह पर बनाई थी। उस फिल्म में गांव के आदमी के शहर की तरफ भागने, फिर वापस लौटने और उससे जुड़े सामाजिक रिश्तों की कहानी थी जिसमें उस वक्त के हालात को ज्यादा से ज्यादा समेटने की कोशिश की गई थी।

      उपकार खूब सराही गई और उसे सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, सर्वश्रेष्ठ कथा और सर्वश्रेष्ठ संवाद श्रेणी में फिल्मफेयर पुरस्कार मिला था। फिल्म को द्वितीय सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार तथा सर्वश्रेष्ठ संवाद का बीएफजेए अवार्ड भी दिया गया। शनिवार को अपना 73वां जन्मदिन मनाने जा रहे मनोज कुमार कहते हैं कि वह आज भी एक छात्र जैसा जिज्ञासु मन बनाकर फिल्में देखते हैं।

      मनोज कुमार का जन्म 24 जुलाई 1937 को मौजूदा पाकिस्तान के अबोटाबाद में हुआ था। उनका असली नाम हरिकिशन गिरि गोस्वामी है। देश के बंटवारे के बाद उनका परिवार राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में बस गया था।

      हरिकिशन दिलीप कुमार से बेहद प्रभावित थे और उन्होंने अपना नाम फिल्म शबनम में दिलीप के किरदार के नाम पर मनोज रख लिया था। मनोज कुमार ने वर्ष 1957 में बनी फिल्म फैशन के जरिए बड़े पर्दे पर कदम रखा। प्रमुख भूमिका की उनकी पहली फिल्म कांच की गुडि़या (1960) थी। उसके बाद उनकी दो और फिल्में पिया मिलन की आस और रेशमी रुमाल आई लेकिन उनकी पहली हिट फिल्म हरियाली और रास्ता (1962) थी।

      उन्होंने वो कौन थी, हिमालय की गोद में, गुमनाम, दो बदन, पत्थर के सनम, यादगार, शोर, सन्यासी, दस नम्बरी और क्लर्क जैसी अच्छी फिल्मों में काम किया। उनकी आखिरी फिल्म मैदान ए जंग (1995) थी।

      मनोज कुमार को वर्ष 1972 में फिल्म बेईमान के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और वर्ष 1975 में रोटी कपड़ा और मकान के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का फिल्मफेयर अवार्ड दिया गया था। बाद में वर्ष 1992 में उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा गया।

      भगवान दादा: नृत्य की नई इबारत के रचनाकार


      रोमांटिक हीरो की प्रचलित छवि के विपरीत बेहद मामूली कद-काठी वाले भगवान दादा हिंदी सिनेमा के इतिहास में ऐसे लोकप्रिय अभिनेता साबित हुए, जिन्होंने अपनी अभिनय शैली और खासकर नृत्य के जरिए बाद के नायकों की कई पीढि़यों को प्रभावित किया।

      भगवान के व्यक्तिगत जीवन और फिल्मी सफर में जबरदस्त उतार-चढ़ाव रहा और एक समय उन्होंने लोकप्रियता की बुलंदियों को छू लिया, वहीं बाद के दिनों में उन्हें छोटी-मोटी भूमिकाएं करने को विवश होना पड़ा। एक मिल मजदूर के घर पैदा होने के बाद सिनेमा की दुनिया में कामयाबी हासिल करना किसी भी लिहाज से आसान काम नहीं था। लेकिन उन्होंने न सिर्फ इसे साकार किया बल्कि एक नया मुकाम भी हासिल किया।

      भगवान ने हिन्दी फिल्मों में नृत्य की एक अनूठी शैली की शुरुआत की, जो बेहद कामयाब हुई और इससे महानायक अमिताभ बच्चन सहित बाद की पीढ़ी के कई कलाकार प्रेरित हुए। एक अगस्त 1913 को पैदा हुए भगवान आभाजी पालव यानी भगवान दादा की आंखों में बचपन से ही फिल्मों के प्रति जबरदस्त आकर्षण था। श्रमिक के रूप में जीवन की शुरुआत करने के बावजूद फिल्मों के प्रति उनका आकर्षण कम नहीं हुआ और एक दिन वह अपने ध्येय में सफल हो ही गए।

      मूक फिल्मों के दौर में ही सिनेमा की दुनिया में प्रवेश करने वाले भगवान ने शुरुआत में छोटी-छोटी भूमिकाएं कीं। बोलती फिल्मों के आगमन ने उनके करियर को नया मोड़ दिया। भगवान दादा की फिल्मों की समझ तथा उनकी प्रतिभा को देखते हुए राजकपूर ने उन्हें सामाजिक फिल्में बनाने की राय दी। उनके मशविरे को ध्यान में रखते हुए भगवान ने अलबेला फिल्म बनाई जो अपार सफल रही। इसमें भगवान के अलावा गीता बाली की प्रमुख भूमिका थी। इस फिल्म के संगीतकार सी रामचंद्र थे और उन्होंने ही इसमें चितलकर के नाम से पा‌र्श्व गायन भी किया। इस फिल्म के गीत बेहद लोकप्रिय हुए। इस फिल्म के कुछ गीत आज भी संगीतप्रेमियों के बीच काफी पसंद किए जाते हैं। इन गानों में शोला जो भड़के दिल मेरा धडके.., भोली सूरत दिल के खोटे.. आदि शामिल हैं। भगवान की रुचि अभिनय के साथ-साथ फिल्मों के निर्माण-निर्देशन में भी थी। उन्होंने जागृति मिक्स और भगवान आटर््स प्रोडक्शन के बैनर तले कई फिल्में बनाई जो समाज के एक वर्ग में विशेष रूप से लोकप्रिय हुर्ई। इन फिल्मों में मतलबी, लालच, मतवाले, बदला आदि प्रमुख हैं। भगवान दादा के लिए 1940 का दशक काफी अच्छा रहा। इस दशक में उन्होंने कई फिल्मों में यादगार भूमिकाएं की। इन फिल्मों में बेवफा आशिक, दोस्ती, तुम्हारी कसम, शौकीन आदि शामिल हैं।

      अलबेला के बाद भगवान दादा ने झमेला और लाबेला बनाई लेकिन दोनों ही फिल्में नाकाम रहीं और उनके बुरे दिन शुरू हो गए। कर्ज से बेहाल भगवान दादा को बाद में अपना बंगला और गाडि़यां बेचनी पड़ीं और रहने के लिए चाल की शरण लेनी पड़ी। बाद के दिनों में भगवान दादा को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा। उन्हें आजीविका के लिए चरित्र भूमिकाएं और बाद में छोटी-मोटी भूमिकाएं भी करनी पड़ी। बदलते समय के साथ मायानगरी के अधिकतर सहयोगी उनसे दूर होने लगे। सी रामचंद्र, ओम प्रकाश, राजिन्दर किशन जैसे कुछ ही मित्र थे जो उनके बुरे वक्त में उनसे मिलने चाल में भी जाया करते थे। हिन्दी सिनेमा में अभिनय और नृत्य की नई इबारत लिखने वाला यह कलाकार चार फरवरी 2002 को 89 साल की उम्र में बेहद खामोशी से इस दुनिया को विदा कह गया।

      गायन और अभिनय दोनों में दक्ष थी सुरैया


      भारतीय फिल्म सिनेमा में गायन और अभिनय में समान रूप से दक्ष कलाकारों की बात करें तो के.एल. सहगल और किशोर कुमार जैसे कामयाब फनकारों की जमात में सुरों की रानी सुरैया का भी शुमार किया जाता है।

      दुनिया में गायन और अभिनय में समान रूप से माहिर कलाकारों की गिनती उंगलियों पर की जा सकती है और दुनिया के बाकी देशों की तरह भारत में भी ऐसे कलाकार अपवाद स्वरूप ही पैदा हुए हैं। 15 जून 1929 को तत्कालीन अखण्ड पंजाब के गुजरांवाला में जन्मी सुरैया जमाल शेख ने वर्ष 1937 में रिलीज हुई उसने क्या सोचा फिल्म में बाल कलाकार के तौर पर अपने सफर की शुरुआत की थी। उसके बाद उन्होंने ताजमहल फिल्म में मुमताज महल के बचपन की भूमिका अदा की थी।

      सुरैया के अभिनय के सफर की शुरुआत के कुछ दिन बाद ही उस जमाने के मशहूर संगीत निर्देशक नौशाद ने उन्हें ऑल इंडिया रेडियो के लिए गाते हुए सुना और उन्हें महबूब कारदार की फिल्म शारदा (1942) में गीत गाने के लिए चुन लिया। उस वक्त सुरैया की उम्र सिर्फ 13 साल थी। उस वक्त तक इस कलाकार का फन निखरने के दौर में था। उन्होंने शुरुआत में अभिनय को ही तरजीह देते हुए फूल, अनमोल घड़ी और दर्द फिल्मों में काम किया लेकिन नायिका के रूप में उन्हें पहला ब्रेक तदबीर फिल्म में मिला।

      खलनायकी के अमर नायक अमरीश पुरी

      लंबा कद, मजबूत कद काठी, बेहद दमदार आवाज और जबर्दस्त संवाद अदायगी जैसी खूबियों के मालिक अमरीश पुरी को हिंदी सिने जगत के कुछ सबसे सफल खलनायकों में गिना जाता है, लेकिन बहुत कम लोगों को मालूम है कि अमरीश पुरी को मुंबई आने के बाद संघर्ष के दिनों में एक बीमा कंपनी में नौकरी करनी पड़ी थी।

      रंगमंच तथा विज्ञापनों के रास्ते अपनी अदाकारी का लोहा मनवाकर हिंदी सिनेमा के सबसे मशहूर खलनायक के रूप में प्रसिद्धि बटोरने वाले अमरीश पुरी का जन्म 22 जून 1932 को पंजाब में हुआ। अपने बड़े भाई मदन पुरी का अनुसरण करते हुए वह फिल्मों में काम करने मुंबई पहुंचे, लेकिन पहले ही स्क्रीन टेस्ट में विफल रहे और उन्होंने भारतीय जीवन बीमा निगम में नौकरी कर ली। बीमा कंपनी की नौकरी के साथ ही वह नाटककार सत्यदेव दुबे के लिखे नाटकों पर पृथ्वी थिएटर में काम करने लगे। रंगमंचीय प्रस्तुतियों ने उन्हें टीवी विज्ञापनों तक पहुंचाया, जहां से वह फिल्मों में खलनायक के किरदार तक पहुंचे।

      अमरीश पुरी ने 1960 के दशक में रंगमंच को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दुबे और गिरीश कर्नार्ड के लिखे नाटकों में प्रस्तुतियां दीं। रंगमंच पर बेहतर प्रस्तुति के लिए उन्हें 1979 में संगीत नाटक अकादमी की तरफ से पुरस्कार दिया गया, जो उनके अभिनय कॅरियर का पहला बड़ा पुरस्कार था। फिल्मों में खलनायक के किरदार में अमरीश पुरी को ऐसा पसंद किया गया कि फिल्म मिस्टर इंडिया में उनका किरदार मुंगैबो उनकी पहचान बन गया। इस फिल्म में मुगैंबो खुश हुआ के अलावा तहलका में उनके द्वारा बोला गया संवाद..डांग कभी रांग नहीं होता भी लोगों की जुबान पर खूब चढ़ा। अमरीश पुरी ने हिंदी के अलावा कन्नड़, पंजाबी, मलयालम, तेलुगू और तमिल फिल्मों तथा हॉलीवुड फिल्म में भी काम किया। उन्होंने अपने पूरे कॅरियर में 400 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया।

      उनके जीवन की अंतिम फिल्म किसना थी जो 2005 में उनके निधन के कुछ दिन बाद प्रदर्शित हुई। अमरीश पुरी को अनेक फिल्मों के लिए सर्वश्रेष्ठ सहअभिनेता का खिताब मिला। प्रेम पुजारी से फिल्मों की दुनिया में प्रवेश करने वाले अमरीश पुरी के अभिनय से सजी कुछ मशहूर फिल्मों में निशांत, मंथन, गांधी, मंडी, हीरो, कुली, मेरी जंग, नगीना, लोहा, गंगा जमुना सरस्वती, राम लखन, दाता, त्रिदेव, जादूगर, घायल, फूल और कांटे, विश्वात्मा, दामिनी, करण अर्जुन, कोयला आदि हैं।

      क्राइम थ्रिलर मूवी बनाने में गुरुदत्त का सानी नहीं


      आमतौर पर गुरुदत्त का नाम आते ही उनकी कलात्मक फिल्मों के नाम लोगों के जुबां पर बरबस आ जाते हैं, जबकि क्राइम थ्रिलर फिल्में बनाने में उनका कोई सानी नहीं है और जाल एवं बाजी जैसी फिल्मों को मानक माना जाता है।

      फिल्मकार अनवर जमाल ने कहा, गुरुदत्त की स्टोरी टेलिंग की क्षमता अद्वितीय थी और क्राइम थ्रिलर फिल्मों के निर्माण में उन्होंने मानक तय किया था। उनकी फिल्मों में कहानी की कई तहें दिखाई देती हैं और वह सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य को समझकर फिल्म बनाने वालों में से थे। उनकी फिल्मों में कोई चीज बेवजह नहीं मिलती। उन्होंने कहा, आजकल क्राइम थ्रिलर को काफी संकुचित और भद्दा बना दिया गया है, जो देखने में भौंड़ा एवं वीभत्स सा लगता है। वर्तमान परिवेश को देखकर लगता है कि यदि आज गुरुदत्त जीवित होते तो वह राजनीतिक थ्रिलर बनाते।

      उन्होंने कहा कि गुरुदत्त इसलिए मानक तय कर सके क्योंकि उस दौर में साहित्य, संगीत, कविता और रचनात्मक पक्ष से जुड़े लोगों का संबध सिनेमा से था और साहित्य एवं सिनेमा के बीच संबंध के कारण ही उनकी फिल्मों की कहानी सभी के साथ संबंध स्थापित करने में कामयाब रहती थी। जमाल ने कहा कि इसके अलावा उनके दौर में आम जनता में भी सिनेमा को समझने का एक स्तर था। उन्होंने कहा, जो कुछ सामने दिखता है वह फिल्म की कहानी नहीं हो सकती, इसके लिए तहें होना बेहद जरूरी है।

      जाहिर तौर पर गुरुदत्त होते तो हिन्दी फिल्मोद्योग को कई बेहतरीन फिल्में देते। आमतौर पर लोग प्यासा और कागज के फूल को उनकी बेहतरीन फिल्म मानते हैं, लेकिन मेरी नजर में उनकी सर्वश्रेष्ठ फिल्म साहब बीबी और गुलाम थी। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसके निर्देशक अबरार अल्वी है, लेकिन परदे के पीछे से इसका निर्देशन गुरुदत्त ने ही किया था। उन्होंने कहा कि गुरुदत्त ने शुरुआत में काफी अच्छी फिल्मों का निर्माण किया और क्राइम थ्रिलर फिल्मों के निर्माण एवं निर्देशन में वह मानक तय करने वाले फिल्मकार थे। उनकी बनाई क्राइम थ्रिलर फिल्में आम व्यक्ति के साथ संबध स्थापित करने में कामयाब रहती थी।

      नौ जुलाई 1925 को बेंगलूर में जन्मे गुरुदत्त ने कागज के फूल की असफलता और चौदहवीं का चांद की सफलता पर कहा था, जिंदगी में यार क्या है? दो ही तो चीजें हैं, कामयाबी और नाकामयाबी। इन दोनों के बीच कुछ भी नहीं है। 10 अक्तूबर 1964 में मुंबई में अपने बिस्तर में रहस्यमय स्थिति में मृत पाए गए गुरुदत्त ने एक बार कहा था, देखो न, मुझे निर्देशक बनना था, बन गया। अभिनेता बनना था, बन गया। पिक्चर अच्छी बनानी थी, बनाई। पैसा है सब कुछ है, पर कुछ भी नहीं रहा।

      एक थे ऋषि कपूर

      बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर का आज मुंबई के एक अस्पताल एच एन रिलायंस मे सुबह 8:45 बजे 67 वर्ष की उम्र मे निधन हो गया। वे ल्...